Durga Puja Weather: आएगा सुपर चक्रवात नोरु, दुर्गा पूजा में बारिश का खतरा, इन राज्यों में होगी भारी बारिश
Durga Puja Weather: भारत मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय माहपात्र ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर पूर्वोत्तर दिशा में बने चक्रवाती परिसंचरण के मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ने की उम्मीद है जिससे गंगा के मैदानी क्षेत्र में अच्छी बरसात होगी.
Durga Puja and Dussehra Weather ; दुर्गा पूजा के दौरान कई राज्यों में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं. सुपर चक्रवात नोरु की वजह से बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण देश से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी में देरी होना तय है. इससे मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पांच अक्टूबर से बारिश के आसार नजर आ रहे हैं. आइए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहने वाला है मौसम
भारत मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय माहपात्र ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर पूर्वोत्तर दिशा में बने चक्रवाती परिसंचरण के मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ने की उम्मीद है जिससे गंगा के मैदानी क्षेत्र में अच्छी बरसात होगी. उन्होंने कहा कि मॉनसून की वापसी 20 सितंबर से शुरू हो जाती है, लेकिन उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के ऊपर मौजूद मौसमी प्रणाली के कारण यह इस बार 13 अक्टूबर तक रुकेगा. यानी मॉनसून की वापसी 13 अक्टूबर के बाद होगी. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के कुछ हिस्सों में पांच अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अक्टूबर से 5 अक्टूबर, 2022 के दौरान ओडिशा में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी दी है. 1 से लेकर चार तारीख तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार 2 से 4 अक्टूबर तक असम और मेघालय में भी बारिश हो सकती है. 1 से 3 अक्टूबर तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी भारी बारिश की संभावना है.
Also Read: Weather Forecast LIVE Update : इन राज्यों में पांच अक्टूबर तक होगी बारिश, जानें आज के मौसम का हाल
रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास स्थित मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी कर कहा है कि 1 से 3 अक्टूबर 2022 के बीच बारिश का दौर जारी रहेगा. जारी चेतावनी के मुताबिक, राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है. झारखंड के दक्षिण-पश्चिमी, उत्तरी तथा मध्य भागों में कुछ जगहों पर 3 अक्टूबर को भारी वर्षा की आशंका व्यक्त की गयी है. उस दिन रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़ समेत कई जिलों में भारी वर्षा होगी.
उत्तर प्रदेश मौसम विभाग के डायरेक्टर जेपी गुप्ता के अनुसार, आगामी 4 से 5 अक्टूबर के दौरान राज्य में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग निदेशक जेपी गुप्ता का कहना है कि, नवरात्रि के बाद मौसम में थोड़ा बदलाव होना शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही लोगों को ठंड भी महसूस होने लगेगी.
राजस्थान के अधिकांश इलाकों से दक्षिण पश्चिम मानसून विदा हो चुका है, हालांकि राज्य में कई जगह अभी बारिश जारी रहने का अनुमान है. मौसम केंद्र जयपुर के प्रवक्ता ने बताया कि जोधपुर संभाग के पूर्वी भागों को छोड़कर पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश स्थानों से मानसून की विदाई हो चुकी है. इसके अनुसार, पांच अक्टूबर से पूर्वी राजस्थान के कुछ भाग में एक बार फिर बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है.
भाषा इनपुट के साथ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










