ePaper

असम : अंकिता दत्ता को कांग्रेस ने किया निष्कासित, हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- कानून करेगा अपना काम

Updated at : 22 Apr 2023 6:36 PM (IST)
विज्ञापन
असम : अंकिता दत्ता को कांग्रेस ने किया निष्कासित, हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- कानून करेगा अपना काम

कांग्रेस की असम युवा इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता को पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया. अंकिता दत्ता ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था.

विज्ञापन

नई दिल्ली/गुवाहाटी : कांग्रेस की असम युवा इकाई की अंकिता दत्ता को लेकर कांग्रेस-भाजपा में आमने-सामने दिखाई दे रही है. भारतीय युवा कांग्रेस के प्रमुख श्रीनिवास बीवी पर मानसिक प्रताड़ना और भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव कुमार के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद पार्टी ने असम कांग्रेस युवा इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. अंकिता दत्ता के खिलाफ कांग्रेस की ओर से उठाए गए इस कदम के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि मैंने बयान दिया था कि ये आपकी पार्टी का अंदरूनी मामला है, इसे सुलझा लीजिए. यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है, मुद्दे का समाधान करना चाहिए था. कांग्रेस ने उन्हें निष्कासित कर दिया, लेकिन मुद्दे का समाधान नहीं किया. अगर पार्टी समाधान नहीं करेगी, तो कानून अपना काम करेगा.

अंकिता ने युवा कांग्रेस के दो नेताओं पर लगाए आरोप

समाचार एजेंसी भाषा की एक रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस की असम युवा इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता को पार्टी विरोधी गतिविधियों को लेकर शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया. अंकिता दत्ता ने भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था. इससे पहले उन्होंने भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव कुमार के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे.

तारिक अनवर ने जारी किया निष्कासन का आदेश

असम कांग्रेस युवा इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता की ओर से भारतीय युवा कांग्रेस के दो पदाधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाए जाने के बाद कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर ने एक आदेश किया. तारिक अनवर की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने असम प्रदेश युवा कांग्रेस की अध्यक्ष अंकिता दत्ता को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है.

क्या है मामला

असम कांग्रेस युवा इकाई की अध्यक्ष अंकिता दत्ता ने शुक्रवार को ट्वीट किया था कि जब भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष केशव कुमार ने यौन उत्पीड़न किया और मीटू आया था. उन्हें हटने के लिए विवश होना पड़ा. अब छह महीने से बीवी श्रीनिवास द्वारा मानसिक उत्पीड़न और भेदभाव के बावजूद मुझे चुप रहने के लिए कहा गया है और कोई जांच शुरू नहीं की गई. उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कहूं, तो मुझे पता है कि यह मेरा राजनीतिक करियर खत्म कर सकता है. यदि मुझे यही कीमत चुकानी है, तो यही सही. मेरे भाजपा के किसी नेता से मिलने के बारे में आप घर और कार्यालय का सीसीटीवी फुटेज देख सकते हैं, जिसमें आप मुझे संभवत: ट्रोल्स के बारे में पढ़ते हुए देखेंगे, जो मेरे सहकर्मी फैला रहे हैं.

ट्वीट के बाद कांग्रेस ने जारी किया नोटिस

अंकिता दत्ता की ओर से ट्वीट किए जाने के बाद असम कांग्रेस ने उन्हें उनकी तथाकथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इस नोटिस में उन्हें यह बताने के लिए कहा गया था कि उनकी कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाए. इसके बाद शनिवार को कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर ने अंकिता दत्ता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित करने का फरमान जारी कर दिया.

भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

अंकिता दत्ता के खिलाफ इस प्रकार के कदम उठाए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस की आलोचना की है. उसने कहा कि यह महिला सशक्तिकरण का उसका मॉडल है और ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का उसका नारा खोखला है. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा की आईटी सेल के अध्यक्ष अमित मालवीय ने ट्वीट किया कि यह कांग्रेस का महिला सशक्तिकरण का मॉडल है. उन्होंने कहा कि उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला की शिकायत सुनने के बजाए उसे निष्कासित कर दिया गया. जिस तरीके से अंकिता दत्ता को कांग्रेस से निकाला गया है, वह महिलाओं के लिए प्रेरणादायक नहीं है. मालवीय ने कहा कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं, एक खोखला नारा है.


Also Read: हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी को कोर्ट में देख लेने की धमकी दी, अदाणी वाले ट्वीट पर बवाल

कांग्रेस समाधान नहीं करेगी, तो कानून करेगा अपना काम : हिमंत

अंकिता दत्ता के खिलाफ कांग्रेस की ओर से उठाए गए इस कदम के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि मैंने बयान दिया था कि ये आपकी पार्टी का अंदरूनी मामला है, इसे सुलझा लीजिए. यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है, मुद्दे का समाधान करना चाहिए था. कांग्रेस ने उन्हें निष्कासित कर दिया, लेकिन मुद्दे का समाधान नहीं किया. अगर पार्टी समाधान नहीं करेगी, तो कानून अपना काम करेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola