Smriti Irani: 'मेरी बेटी छात्रा है, कोई बार नहीं चलाती', स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के आरोप पर किया पलटवार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 23 Jul 2022 5:29 PM
कांग्रेस के आरोप का जवाब देते हुए स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और कहा, मेरा कसूर ये है कि मैंने राहुल गांधी को अमेठी में हराया. आरटीआई के आधार पर मेरी बेटी पर आरोप लगाया गया. क्या आईटीआई में मेरी बेटी का नाम है.
कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) की बेटी पर गोवा में गैरकानूनी बार चलाने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री को बर्खास्त करें. इधर केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा- उनकी बेटी को बदनाम किया जा रहा है. इस मामले को कोर्ट लेकर जाएंगी.
मेरा कसूर ये है कि मैंने राहुल गांधी को अमेठी में हराया: स्मृति ईरानी
कांग्रेस के आरोप का जवाब देते हुए स्मृति ईरानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया और कहा, मेरा कसूर ये है कि मैंने राहुल गांधी को अमेठी में हराया. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा, कांग्रेस मुख्यालय में 2 अधेड़ उम्र के पुरुषों ने 18 साल की लड़की की इज्जत की धज्जियां उड़ाने का दुस्साहस किया. उसका दोष है कि उसकी मां 2014,2019 में राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से चुनाव लड़ी और सोनिया गांधी, राहुल गांधी के 5,000 करोड़ की लूट पर PC की. ईरानी ने आगे कहा, प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक कांग्रेस प्रवक्ता ने हंसते हुए जिस लड़की पर आक्रमण किया वो राजनीति में नहीं है. कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वो(मेरी बेटी) एक अवैध बार चलाती है. मैं पवन खेड़ा से कहना चाहती हूं कि मेरी बेटी कॉलेज में पढ़ती है, वो कोई बार नहीं चलाती. केंद्रीय मंत्री कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा, 2024 में राहुल गांधी अमेठी से जीतकर दिखा दें.
Also Read: Smriti Irani का कांग्रेस पर हमला, कहा- राहुल गांधी का जीवन संसदीय परंपराओं का अपमान करते बीता
कांग्रेस का क्या है आरोप
कांग्रेस ने एक कागजात जारी करते हुए दावा किया कि आबकारी विभाग की ओर से स्मृति ईरानी की पुत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था और जिस अधिकारी ने नोटिस दिया था उसका कथित तौर पर तबादला किया जा रहा है. कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं. गोवा में उनकी बेटी द्वारा चलाए जा रहे रेस्टोरेंट पर शराब परोसने के लिए फर्जी लाइसेंस जारी करवाने का आरोप लगा है और यह कोई सूत्रों के हवाले से अथवा एजेंसियों द्वारा राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए लगाया गया आरोप नहीं है, बल्कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत प्राप्त जानकारी में खुलासा हुआ है. उन्होंने दावा किया, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की बेटी ने अपने सिली सोल्स कैफे एंड बार के लिए फर्जी दस्तावेज देकर बार लाइसेंस जारी करवाए. कांग्रेस नेता के अनुसार, 22 जून 2022 को लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए जिस एंथनी डीगामा के नाम से आवेदन किया गया, जबकि उनकी पिछले साल मई में ही मौत हो चुकी है.
स्मृति ईरानी ने बेटी के ऊपर लगाये गये सभी आरोपों को किया खारिज
स्मृति ईरानी की पुत्री की ओर से इन आरोपों को खारिज किया गया है. केंद्रीय मंत्री की पुत्री के वकील कीरत नागरा ने एक बयान में कहा कि उनकी मुवक्किल सिली सोल्स नामक रेस्टोरेंट की न तो मालकिन हैं और न ही इसका संचालन करती हैं तथा किसी प्राधिकार की तरफ से उन्हें कोई कारण बताओ नोटिस भी नहीं मिला है. नागरा ने कहा कि निहित स्वार्थ वाले कई लोगों द्वारा गलत, दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट किये जा रहे हैं, जो उनकी मुवक्किल की मां, प्रतिष्ठित नेता स्मृति ईरानी के साथ राजनीतिक स्वार्थ साधने का प्रयास कर रहे हैं. वकील ने आरोपों को निराधार करार देते हुए कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे लोग सिर्फ इसलिए दुष्प्रचार कर रहे हैं ताकि तथ्यों की जांच-परख किये बिना मुद्दाविहीन बात को सनसनी बनाकर पेश किया जा सके और वे मेरी मुवक्किल को सिर्फ इसलिए बदनाम करने पर आमादा हैं कि वह एक नेता की पुत्री हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










