फेमा उल्लंघन मामले में शाओमी टेक्नोलॉजी इंडिया समेत तीन बैंकों को ईडी ने जारी किया नोटिस
Breaking News LIVE 9 June 2023 : भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि ये हमारे कार्यालय सिर्फ कार्यालय नहीं हैं, ये हमारे ‘संस्कार केंद्र’ हैं. भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 169 नये मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,49,92,462 हो गई है. जातीय हिंसा से प्रभावित मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान कम से कम 35 हथियार और हथियारों के गोदाम बरामद हुए हैं. देश विदेश की बड़ी खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ
फेमा उल्लंघन के मामले में ईडी ने दिया नोटिस
प्रवर्तन निदेशालय ने 5,551 करोड़ रुपये के फेमा उल्लंघन के मामले में शाओमी टेक्नोलॉजी इंडिया, उसके सीएफओ समीर राव, पूर्व एमडी मनु जैन और तीन बैंकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
दिल्ली के बुराड़ी फ्लाईओवर पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
नॉर्थ दिल्ली में बुराड़ी फ्लाईओवर के पास एक फुटपाथ पर शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. पुलिस ने बताया कि शव खून से लथपथ मिला. मृत व्यक्ति के सिर पर चोट का निशान भी मिला. उन्होंने बताया कि घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और व्यक्ति की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि अपराध शाखा की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने मौके का मुआयना किया. उन्होंने बताया कि जांच जारी है.
गोवा में 16 जून से होगा हिंदू राष्ट्र सम्मेलन
भारत में हिंदू राष्ट्र की स्थापना के उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए 16 से 22 जून तक गोवा में अखिल भारतीय हिंदू राष्ट्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. हिंदू जनजागृति समिति के प्रदेश प्रवक्ता मोहन गौड़ा ने शुक्रवार को बताया कि भारत और पड़ोसी देशों से 300 हिंदू समर्थक संगठनों के 1500 से अधिक प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उन्होंने कहा कि हिंदू राष्ट्र की स्थापना की नींव डालने से जुड़े विषयों के अलावा लव जिहाद, हलाल प्रमाणन, भूमि जिहाद, काशी मथुरा मुक्ति, धर्मांतरण, गौहत्या, किलों पर इस्लामिक हमले, मंदिर संस्कृति की रक्षा , कश्मीरी हिंदुओं का पुनर्वास, पाकिस्तान एवं बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार जैसे विभिन्न मुद्दों पर कई चिंतन सत्र होंगे.
दिल्ली के नरेला में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि बाहरी दिल्ली के नरेला में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार रात की है. आरोपी की पहचान समीर के रूप में हुई और उसे पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है. उन्होंने बताया कि पीड़ित नूर खान और उसका दोस्त कथित तौर पर शराब पीकर गली में शोर मचा रहे थे. शोर सुनकर उसी गली में रहने वाले समीर के ससुर ने दोनों के व्यवहार पर आपत्ति जताई. उन्होंने दोनों को शोर मचाने से रोका, जिसके कारण उनके बीच तीखी बहस हुई. बहस के बाद खान ने कथित तौर पर समीर के ससुर को थप्पड़ मारा और पीटा. पुलिस ने बताया कि जब समीर को इस घटना के बारे में पता चला, तो वह अपने दोस्तों के साथ खान से मिलने गया. दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इस दौरान समीर ने चाकू निकाला और खान पर कई वार किए.
योगेंद्र यादव ने पाठ्य पुस्तकों से अपना नाम हटाने के लिए एनसीईआरटी को लिखी चिट्ठी
सुहास पालसीकर और योगेंद्र यादव ने पाठ्य पुस्तकों से अपना नाम हटाने के लिए राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) को चिट्ठी लिखी है. ये दोनों नौवीं और 12वीं कक्षा के लिए राजनीतिक विज्ञान की पुस्तकों में ‘एकतरफा और अतार्किक’ काट-छांट करने से क्षुब्ध हैं. उन्होंने कहा है कि राजनीतिक विज्ञान की पुस्तकों से मुख्य सलाहकार के रूप में उनका नाम हटा दिया जाए. उन्होंने कहा कि पाठ्य पुस्तकों को युक्ति संगत बनाने की कवायद में इन्हें विकृत कर दिया गया है और अकादमिक रूप से बेकार बना दिया गया है. सुहास पालसीकर और योगेन्द्र यादव नौंवी से 12वीं कक्षा के लिए राजनीतिक विज्ञान की मूल पुस्तकों के मुख्य सलाहकार हैं.
ढहाया जा रहा बालासोर ट्रेन दुर्घटना के बाद शव रख जाने वाला स्कूल
ओडिशा में बालासोर ट्रेन दुर्घटना के बाद बहानागा के जिस स्कूल में शवों को रखा गया था, अब उसे ढहाया जा रहा है. समाचार एजेंसी एएनआई के ट्वीट के अनुसार, स्कूल के भवन को ढहाने का काम शुरू हो गया है. स्कूल परिसर में दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को रखा गया था, जिसके चलते बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं.
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.
अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.
प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : [email protected]
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए