Breaking News: दिल्ली दंगे: अदालत ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या व दंगा करने के आरोप तय किए
Breaking News Today LIVE : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बाद सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाये जाने के हाइकमान के संभावित फैसले पर बवाल खड़ा हो गया है. हिमाचल के कुल्लू में बड़ा सड़क हादसा हुआ है जिसमें 7 लोगों की मौत हुई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नवरात्रि के आरंभ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को सोमवार को उनके जन्मदिन पर बधाई दी. पीएफआई के 18 सदस्यों को आज पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा. यहां पढ़ें देश और दुनिया की बड़ी खबरें
दिल्ली दंगे: अदालत ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या व दंगा करने के आरोप तय किए
दिल्ली की एक अदालत ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में 2020 में हुए सांप्रदायिक दंगों के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ दंगे और हत्या के आरोप तय कर दिए हैं. अदालत ने कहा कि प्राथमिकी में नामज़द न होने से अभियोजन का मामला अविश्वसनीय नहीं हो जाता है. अदालत ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय करने के साथ ही एक आरोपी को शस्त्र कानून से संबंधित प्रावधानों के तहत भी आरोपित किया. अदालत 25 फरवरी 2020 को उत्तर पूर्वी दिल्ली में मेन मौजपुर रोड पर दंगों के दौरान प्रेम सिंह की हत्या के मामले की सुनवाई कर रही थी.
कुलगाम में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सोमवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों को कुलगाम के बटपुरा गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद गांव की घेराबंदी की गई. उन्होंने बताया कि तलाश अभियान उस समय मुठभेड़ में तब्दील हो गया, जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी. सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की. अधिकारी ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
पंजाब के गुरदासपुर में देखा गया संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन
पंजाब : डीआईजी बीएसएफ प्रभाकर जोशी ने कहा कि गुरदासपुर इलाके में एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया. ड्रोन को बीती रात सीमा के पास जाते देखा गया, जिसके बाद उसे तुरंत फायरिंग के जरिए डायवर्ट कर दिया गया. कुल 56 राउंड और 14 रोशनी वाले बम दागे गए.
पीएम मोदी टोक्यो के लिए हो गए रवाना, कल शिंजो आबे के अंतिम संस्कार में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को टोक्यो के लिए रवाना हो गए हैं. कल यानी मंगलवार को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की अंतिम यात्रा में शामिल होंगे. बता दें कि शिंजो आबे को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
बाल ठाकरे के करीबी पारिवारिक सहायक चंपा सिंह थापा शिंदे गुट में शामिल
शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे के घर पर उनके साथ लंबे अरसे तक काम करने वाले चम्पा सिंह थापा और मोरेश्वर राजे सोमवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो गए. थापा शिवसेना के संस्थापक के विश्वस्त थे और उन्होंने ठाकरे की 27 साल तक नवंबर 2012 में उनके निधन से पहले तक सेवा की. राजे ‘मातोश्री’ में बाल ठाकरे के लिए फोन उठाते थे. उन्होंने बांद्रा स्थित उनके आवास में कम से कम 35 साल गुजारे हैं. मुख्यमंत्री शिंदे ने अपने अगुवाई वाले गुट में थापा और राजे का शॉल ओढ़ा कर स्वागत किया.
सूचना प्रसारण मंत्रालय ने 10 यूट्यूब चैनलों को किया ब्लॉक
खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 10 YouTube चैनलों से 45 YouTube वीडियो को ब्लॉक करने का निर्देश दिया है. अवरुद्ध वीडियो को 1 करोड़ 30 लाख से अधिक बार देखा गया था.
लेखक के बारे में
By अमिताभ कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए