चुनावी मोड में बीजेपी: 7 राज्यों के लिए कसी कमर, यूपी और पंजाब पर विशेष फोकस

पीएम मोदी पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन को माला पहनाते हुए, फोटो पीटीआई
BJP Mission 2027: पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के साथ पूर्वी भारत में बीजेपी ने अपना वर्चस्व स्थापित कर लिया है. एक ओर जश्न का माहौल है, तो दूसरी ओर पार्टी अगले चुनाव की तैयारी में जुट गई है.
BJP Mission 2027: बंगाल और असम जीतने के बाद बीजेपी की नजर अब 2027 में होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों पर है. जिनमें गुजरात, गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश प्रमुख हैं.
पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने चुनावी राज्यों में शुरू कर दिया काम
बीजेपी ने चुनावी राज्यों में तैयारियां पहले ही शुरू कर दी हैं. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अगले वर्ष के चुनावी अभियान के लिए जमीनी स्तर पर काम प्रारंभ कर दिया है. नवीन गोवा, गुजरात और उत्तर प्रदेश का दौरा कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले चुके हैं. इस दौरान उन्होंने पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठकें कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की है.
बीजेपी अध्यक्ष जल्द ही उत्तराखंड का करेंगे दौरा
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द ही उत्तराखंड का दौरा करेंगे. वर्तमान में उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा की सरकार है, जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में है.
बंगाल में बीजेपी ने दो तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया
भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सोमवार को 207 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया. इसके साथ ही तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया.
असम में भी एनडीए को दो-तिहाई बहुमत
असम में सत्तारूढ़ एनडीए दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने वाला है. NDA ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज की. भाजपा ने 82 सीट पर जीत हासिल की जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है. राज्य में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर बहुमत हासिल किया है. इससे पहले 2021 और 2026 के चुनावों में उसने 60-60 सीटें जीती थीं.
तमिलनाडु में बीजेपी को एक और केरल में तीन सीटों पर मिली जीत
तमिलनाडु में बीजेपी ने अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन में 20 सीटों पर चुनाव लड़ा, जिनमें उसे केवल एक सीट पर जीत मिली. केरल में भाजपा ने तीन विधानसभा सीटें जीतकर उल्लेखनीय बढ़त हासिल की है. राज्य में अब तक पारंपरिक रूप से यूडीएफ और एलडीएफ के बीच द्विध्रुवीय मुकाबला रहा है, जहां भाजपा लंबे समय से राजनीतिक आधार बनाने का प्रयास करती आ रही है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में शाह और असम में नड्डा तय करेंगे मुख्यमंत्री का नाम, सेंट्रल ऑब्जर्वर नियुक्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










