E20 Protest : बोले अरविंद केजरीवाल- पीएम मोदी ने मिलने से किया इनकार
मार्च के दौरान अरविंद केजरीवाल (Photo: X)
E20 Protest : E20 पेट्रोल के विरोध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया. केजरीवाल के साथ AAP के कई नेता और समर्थक मौजूद थे.
ट्रंप के दबाव में नहीं देशहित में फैसला लें : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. केजरीवाल ने कहा कि एक महीने पहले उन्होंने इस मामले पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. उन्होंने दावा किया कि 2.33 लाख से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर वाली याचिका लेकर जब वे प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे तो उन्हें मिलने से इनकार कर दिया गया. केजरीवाल ने प्रधानमंत्री से अपील की कि वह अमेरिका के दबाव में नहीं, बल्कि देशहित को ध्यान में रखते हुए फैसला लें और E20 नीति पर पुनर्विचार करें.
30 करोड़ गाड़ी मालिकों का मुद्दा : जैस्मीन शाह
प्रधानमंत्री आवास की ओर अरविंद केजरीवाल के मार्च को लेकर AAP नेता जैस्मीन शाह ने कहा कि E20 पेट्रोल का मुद्दा 30 करोड़ गाड़ी मालिकों से जुड़ा है, इसलिए इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि जबरन एथेनॉल मिश्रित ईंधन लागू करने से वाहनों में इंजन खराब होने और घिसावट जैसी समस्याएं आ रही हैं. जैस्मीन शाह ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल लोग आम लोग हैं, पार्टी कार्यकर्ता नहीं हैं और वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर बातचीत करना चाहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री को लोगों की बात सुननी चाहिए.
सड़क पर धरने पर बैठे AAP नेता
E20 पेट्रोल के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेताओं को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया. AAP नेता करीब 100 लोगों के साथ 2.30 लाख से ज्यादा याचिकाएं लेकर प्रधानमंत्री को सौंपने जा रहे थे. पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, जैस्मीन शाह समेत अन्य नेता फिरोज शाह रोड पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे. AAP का आरोप है कि एथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल से वाहन मालिकों को नुकसान हो रहा है और सरकार को इस नीति पर दोबारा विचार करना चाहिए.
लाखों लोगों की याचिका पीएम को सौंपना चाहते हैं, एथेनॉल पर हो चर्चा: सौरभ भारद्वाज
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एथेनॉल मुद्दे को लेकर लोग बड़ी संख्या में अपनी याचिकाएं लेकर आए हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों से बातचीत की गई है और पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ये याचिकाएं सौंपना चाहती है. भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर बातचीत करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल ने भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है और कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए सरकार से चर्चा की मांग की गई है.
30 करोड़ गाड़ियों पर संकट : AAP नेता अनुराग ढांडा
आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा ने ई-20 ईंधन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश के लोग परेशान हैं और करीब 30 करोड़ गाड़ियों के प्रभावित होने का खतरा है. ढांडा ने आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में भारत पर ई-20 ईंधन थोपा जा रहा है और अमेरिका का बचा हुआ एथेनॉल भारत में खपाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को लोगों की आवाज सुननी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर प्रतिनिधिमंडल से मिलना चाहिए.
अमेरिका से एथेनॉल खरीदना बंद करे सरकार: केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए. उन्होंने मांग की कि सरकार अमेरिका से एथेनॉल खरीदना बंद करे और देश में ई-20 ईंधन लागू करने का फैसला वापस ले. केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है और उम्मीद है कि उन्हें बातचीत के लिए बुलाया जाएगा. उन्होंने कहा, "हमारी लड़ाई जारी रहेगी."
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए