IIT बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का नाम क्यों आया? जानें कौन हैं
IIT बॉम्बे केस (Photo: PTI)
IIT बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का नाम छात्र से जुड़े मामले के बाद चर्चा में है. रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी संस्थान के अधिकारियों तक पहुंचाने में भूमिका निभाई थी.
IIT बॉम्बे के छात्र की आत्महत्या से जुड़े मामले में प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का नाम चर्चा में है. उन्हें संस्थान के डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर पद से हटा दिया गया है. डूला करीब एक दशक से IIT बॉम्बे से जुड़े हैं. वह संस्थान के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर हैं. परीक्षा में कथित गड़बड़ी की शिकायत संस्थान के अधिकारियों तक पहुंचाने में भी उनकी भूमिका बताई जा रही है.
साहिल वाकोड़े केस में कैसे आया प्रोफेसर डूला का नाम?
IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय छात्र साहिल वाकोड़े की 18 सितंबर 2026 को मौत हो गई थी. इसके बाद प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला का नाम लोगों की जुबान पर आया. IIT बॉम्बे के मुताबिक, साहिल पर परीक्षा में मोबाइल इस्तेमाल करने का आरोप था. बताया गया कि उन्होंने क्वेश्चन पेपर की तस्वीर AI प्लेटफॉर्म पर डालकर जवाब मांगे थे. इस कथित परीक्षा गड़बड़ी की जानकारी संस्थान के अधिकारियों को देने में प्रोफेसर डूला की भूमिका बताई गई है.
ये भी पढ़ें: IIT Bombay ने एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के डीन को सस्पेंड किया, डायरेक्टर के इस्तीफे की खबर झूठी
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा के दौरान प्रोफेसर डूला कोर्स इंस्ट्रक्टर और निगरानी अधिकारी थे. उन्होंने परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जानकारी संस्थान के अधिकारियों को दी थी. इस मामले में उनकी भूमिका परीक्षा के दौरान निगरानी और शिकायत दर्ज कराने से जुड़ी बताई गई है.
IIT बॉम्बे का दावा- साहिल की काउंसलिंग की गई
IIT बॉम्बे के अनुसार, घटना के बाद साहिल की काउंसलिंग की गई थी. कोर्स इंस्ट्रक्टर और विभागाध्यक्ष ने उससे बात की थी. उसे भरोसा दिलाया गया था कि परीक्षा की यह घटना उसके पढ़ाई के भविष्य पर असर नहीं डालेगी. संस्थान ने कहा कि साहिल के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी. उसकी मौत से पहले तक ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई थी.
साहिल वाकोड़े के परिवार ने प्रताड़ना का आरोप लगाया
साहिल वाकोड़े के परिवार ने प्रोफेसर और अन्य लोगों पर प्रताड़ना और जाति के आधार पर भेदभाव के आरोप लगाए हैं. परिवार की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज किया है. इसमें एससी/एसटी अत्याचार रोकथाम कानून की धाराएं भी लगाई गई हैं. शिकायत में प्रोफेसर डूला का नाम भी शामिल है. हालांकि, इन आरोपों की अभी जांच चल रही है.
प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर के पद से हटा दिया गया
साहिल वाकोड़े की मौत के बाद IIT बॉम्बे कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया. छात्रों ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने डूला को निलंबित करने की मांग भी रखी. 20 सितंबर को IIT बॉम्बे के निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने छात्रों की 18 मांगों वाले पत्र पर हस्ताक्षर किए. इन मांगों में प्रोफेसर डूला के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी शामिल थी. लगातार हो रहे छात्र प्रदर्शन के बीच IIT बॉम्बे ने 20 सितंबर की शाम प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर के पद से हटा दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए