Video : 80वां स्वतंत्रता दिवस: इजरायल से सिंगापुर तक भारत को शुभकामनाएं, फ्रांस ने अनोखे अंदाज में किया विश
लाल किले में स्वतंत्रता दिवस का जश्न
भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस अवसर पर दुनिया के कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं भेजीं, जिसमें फ्रांस, सिंगापुर, इजरायल और अमेरिका शामिल हैं. इन संदेशों ने भारत के साथ उनके मजबूत संबंधों और बढ़ती वैश्विक साझेदारियों को हाईलाइट किया.
80th Independence Day : भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है. इस मौके पर दुनिया के कई देशों ने भारत को शुभकामनाएं दीं और नई दिल्ली के साथ अपने मजबूत संबंधों को जाहिर किया. इजरायल, सिंगापुर और अमेरिका ने जहां भारत के साथ अपनी साझेदारी और दोस्ती का जिक्र किया, वहीं फ्रांस ने भारतीय स्वतंत्रता दिवस पर अपने अंदाज में शुभकामनाएं दीं.
फ्रांस ने वीडियो के जरिए दी शुभकामनाएं
फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक खास वीडियो शेयर किया. वीडियो में बताया जा रहा है कि दूतावास के कुछ कर्मचारी वापस अपने देश लौट रहे हैं. इस दौरान उन्होंने भारत में अपने कार्यकाल के दौरान पसंद आई जगहों और यहां के पसंदीदा खाने के बारे में बताया.
वीडियो के जरिए फ्रांस ने भारत के साथ अपने जुड़ाव को एक अलग और हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया.
ये भी देखें : PHOTOS : PM मोदी की 'बंधेज पगड़ी' और बच्चों से उभरा वंदे मातरम; तस्वीरों में देखिए लाल किले के खूबसूरत नजारे
सिंगापुर ने 'चक दे इंडिया' के साथ भेजा संदेश
सिंगापुर ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर खास वीडियो के जरिए शुभकामनाएं दीं. भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त वोंग ने साझा किए गए संदेश में दोनों देशों को मजबूत और लगातार गहरे होते रिश्तों वाला मित्र बताया.
वीडियो में भारत-सिंगापुर साझेदारी की झलकियां दिखाई गईं. संदेश के अंत में 'चक दे इंडिया' का जिक्र करते हुए भारत के लिए शुभकामनाएं दी गईं.
सिंगापुर के राष्ट्रपति थर्मन शण्मुगरत्नम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर भारत के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी. उन्होंने भारत-सिंगापुर के व्यापक रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए कौशल विकास, डिजिटलाइजेशन, स्थिरता और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ने की बात कही.
ये भी पढ़ें : PM मोदी ने लाल किले से कहा- 'दिमागी नक्सल' से रहना होगा सावधान, पहचानकर अलग-थलग करना जरूरी
इजरायल ने दोस्ती को बताया मजबूत आधार
इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने भी भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भारत की आजादी, लोकतंत्र और बहुलवाद की यात्रा को प्रेरणादायक बताया.
हर्जोग ने भारत और इजरायल के बीच बढ़ती साझेदारी का जिक्र करते हुए दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत करने की उम्मीद जताई. उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी.
आप देखेंगे 'नमस्ते' के साथ उन्होंने बोलना शुरू किया और हिन्दी में "स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं" कहकर अपनी बात खत्म की.
अमेरिका विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्या कहा
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी भारत के स्वतंत्रता दिवस पर भारतीयों को बधाई दी. उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को पहले से ज्यादा मजबूत बताया.
रुबियो ने रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष सहयोग और व्यापार जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग का उल्लेख किया. उन्होंने भारत और अमेरिका के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को दोनों देशों की साझेदारी की अहम नींव बताया.
ये भी पढ़ें : क्या वंदे मातरम् को बनाया जा सकता था राष्ट्रगान? जन गण मन पर अंतिम फैसला आखिर कैसे हुआ?
दुनिया के सामने भारत की बढ़ती साझेदारियां
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर मिले इन संदेशों में अलग-अलग देशों ने भारत के साथ अपने संबंधों और सहयोग को प्रमुखता दी. सिंगापुर ने रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक-तकनीकी सहयोग पर जोर दिया, इजरायल ने दोस्ती को मजबूत करने की बात कही और अमेरिका ने व्यापक रणनीतिक सहयोग को रेखांकित किया.
वहीं, फ्रांस का वीडियो भारत के साथ उसके सांस्कृतिक और मानवीय जुड़ाव की एक अलग तस्वीर पेश करता है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आए ये संदेश भारत के साथ दुनिया के विभिन्न देशों के बढ़ते संपर्क और सहयोग को सामने रखते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By आलोक पाठक
आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









