महिला आरक्षण से दिमागी नक्सल तक, लाल किले से PM मोदी के भाषण की खास बातें
लाल किले से भाषण देते पीएम मोदी, फोटो- एएनआई
Prime Minister Narendra Modi: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के भविष्य का रोडमैप रखा. अपने संबोधन में उन्होंने महिला आरक्षण, युवाओं की भूमिका, नक्सलवाद, रक्षा आत्मनिर्भरता, मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर देते हुए कई संदेश दिए.
Prime Minister Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए महिला आरक्षण, युवाओं की भूमिका, नक्सलवाद, आत्मनिर्भर भारत, खेल, रक्षा और विकसित भारत के लक्ष्य समेत कई मुद्दों पर बात की. अपने करीब 75 मिनट के संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत को अब छोटे सपनों से आगे बढ़कर बड़े लक्ष्य तय करने होंगे और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को पूरा करना होगा.
महिला आरक्षण पर सभी दलों से समर्थन की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिला आरक्षण लागू करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को अब राजनीतिक विवाद का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए. पीएम मोदी ने कहा कि सभी दल मिलकर महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने में सहयोग करें और इस काम का श्रेय भी लें. उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान और अधिकार से जुड़ा मुद्दा बताया.
पीएम मोदी ने युवाओं से नेतृत्व संभालने की अपील
प्रधानमंत्री ने युवाओं से अर्थव्यवस्था और समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व की भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी. पीएम मोदी ने कहा कि देश के युवा नए विचार, तकनीक और इनोवेशन के जरिए भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं.
हथियारी नक्सल के बाद दिमागी नक्सल से किया सतर्क
नक्सलवाद पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने पिछले कुछ सालों में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी सफलता हासिल की है. उन्होंने दावा किया कि कभी जिन इलाकों में गोलियां चलती थीं, वहां अब विकास और विश्वास का माहौल बन रहा है. इस बीच प्रधानमंत्री ने आगाह किया कि चुनौती पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि जंगलों में हथियारी नक्सल के खिलाफ सफलता मिली है, लेकिन अब दिमागी नक्सल मौके की तलाश में हैं.
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि ऐसे तत्व समाज में हिंसा और अराजकता फैलाने की कोशिश कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को पहचानकर अलग करना और युवाओं को विकसित भारत की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है.
शक्ति की सप्तधारा का बताया रोडमैप
पीएम मोदी ने भारत के विकास के लिए शक्ति की सप्तधारा का भी जिक्र किया. इसके तहत उन्होंने सात प्रमुख क्षेत्रों को देश की ताकत बताया. इनमें मैन्युफैक्चरिंग शक्ति, कृषि और फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, गति शक्ति, रक्षा शक्ति, ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी तथा भारत की सॉफ्ट पावर शामिल हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सात क्षेत्रों को मजबूत कर भारत आर्थिक, तकनीकी और रणनीतिक रूप से आगे बढ़ सकता है.
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को रक्षा निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि भारत को आधुनिक रक्षा तकनीक में दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए. उन्होंने हाइपरसोनिक तकनीक, ड्रोन और अगली पीढ़ी की रक्षा प्रणालियों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर दिया.
छात्रों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग का ऐलान
पीएम मोदी ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि कोचिंग पर होने वाला भारी खर्च गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए बोझ बन जाता है. सरकार चाहती है कि युवाओं को बेहतर तैयारी का मौका मिले और परिवारों पर आर्थिक दबाव कम हो.
2036 ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों की तलाश
प्रधानमंत्री ने 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि देशभर में पांच से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के बीच प्रतिभा खोज अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान का उद्देश्य कम उम्र से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देना होगा.
मोदी ने उन खेलों में भी भारत की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया, जिनमें देश अब तक ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया है.
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
पीएम मोदी ने एक बार फिर 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य दोहराया. उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में देश ने नई गति पकड़ी है और अब 140 करोड़ देशवासियों की ताकत और संकल्प को रोकना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि भारत को अब छोटे सपने नहीं देखने चाहिए. देश को बड़े लक्ष्य तय करने होंगे और उन्हें हासिल करने के लिए मिलकर काम करना होगा.
25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 सालों में देश के अलग-अलग वर्गों ने भारत को आगे बढ़ाने में योगदान दिया है. उन्होंने दावा किया कि इसी सामूहिक प्रयास के कारण करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं.
फ्रैजाइल फाइव से तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था तक
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत कभी फ्रैजाइल फाइव देशों में गिना जाता था, लेकिन अब दुनिया की तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. उन्होंने इसे पिछले कुछ सालों में हुए आर्थिक और नीतिगत बदलावों का परिणाम बताया.
इसे भी पढ़ें: लाल किले से PM मोदी का ऐलान, 2047 तक 100 GW परमाणु ऊर्जा, पांच नए रिएक्टर
आत्मनिर्भर भारत और वोकल फॉर लोकल पर फोकस
पीएम मोदीने कहा कि भारत को दूसरे देशों पर निर्भर रहकर आगे नहीं बढ़ना चाहिए. देश को अपने हितों की रक्षा खुद करनी होगी. उन्होंने आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसे अभियानों को आगे बढ़ाने की जरूरत बताई.
सेमीकंडक्टर सेक्टर का भी किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने सेमीकंडक्टर उद्योग में भारत की प्रगति का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक देश में इस क्षेत्र में बड़े संयंत्र नहीं बन पाए, लेकिन अब तीन सेमीकंडक्टर प्लांट शुरू हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि भारत में बने सेमीकंडक्टर का निर्यात भी शुरू हो गया है और यह तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित परिवारों के साथ देश
पीएम मोदी ने हाल के दिनों में देश के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ और भूस्खलन का भी जिक्र किया. उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है.
अपने संबोधन के जरिए प्रधानमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, युवाओं की भागीदारी, राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं के रूप में सामने रखा.
Also Read: लाल किले से बोले पीएम मोदी- आत्मनिर्भरता से बनेगा विकसित भारत, देखें बड़े सपने
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रीतीश सहाय
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








