ePaper

मैगी विवाद: तीन अभिनेताओं के खिलाफ होगी प्राथमिकी, केरल में उत्पाद हटाने के निर्देश

Updated at : 03 Jun 2015 1:37 AM (IST)
विज्ञापन
मैगी विवाद: तीन अभिनेताओं के खिलाफ होगी प्राथमिकी, केरल में उत्पाद हटाने के निर्देश

नयी दिल्ली: बिहार की एक अदालत ने मंगलवार को मैगी के ब्रांड एंबेसेडर अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित एवं प्रीति जिंटा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सिने अभिनेताओं को गिरफ्तार करने के निर्देश दिये जबकि इस उत्पाद को लेकर नेस्ले इंडिया को कुछ अन्य राज्यों में भी समस्या का सामना करना पड़ […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली: बिहार की एक अदालत ने मंगलवार को मैगी के ब्रांड एंबेसेडर अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित एवं प्रीति जिंटा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा आवश्यकता पड़ने पर सिने अभिनेताओं को गिरफ्तार करने के निर्देश दिये जबकि इस उत्पाद को लेकर नेस्ले इंडिया को कुछ अन्य राज्यों में भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है.

इस बीच, केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने बिहार के आरा में संवाददाताओं से बातचीत में मैगी नूडल्स मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार एक नया कानून लाने के लिए काम कर रही है जिसमें आवश्यक जिंसों एवं खाद्य पदार्थों के मामले में उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी करने के मामलों से निबटने के लिए आजीवन कारावास का प्रावधान होगा. उन्होंने कहा कि आवश्यक जिंसों एवं खाद्य पदार्थों के प्रोत्साहन के लिए भ्रामक विज्ञापन करने वाले लोगों से निबटने के लिए आजीवन कारावास जैसे कडे दंड का प्रावधान होगा.

वहीं, दिल्ली सरकार द्वारा करवाये गये परीक्षणों में राजधानी से एकत्र किये गये मैगी नूडल्स के नमूने भोजन के तयशुदा मानकों के अनुरुप नहीं पाये गये तथा राज्य सरकार ने नेस्ले इंडिया के खिलाफ मामला शुरु करने का निर्णय किया. दिल्ली सरकार ने कहा कि नेस्ले को अगले कुछ दिनों में बुलाया जायेगा और प्रयोगशाला परीक्षण की अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद ‘‘2 मिनट’’ नूडल्स पर संभावित प्रतिबंध सहित कई और कदम उठाये जा सकते हैं. केरल में सरकारी स्टोरों से इस उत्पाद को हटाने के निर्देश दिये गये. इस बीच, हरियाणा ने भी इस खाद्य वस्तु के नमूने एकत्र करने का निर्देश दिया है.

बिहार के मुजफ्फरपुर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रामचन्द्र प्रसाद ने काजी मोहम्मदपुर पुलिस थाने को निर्देश दिया कि वह दो नेस्ले अधिकारियों एवं तीन सितारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करे और शिकायत की जांच करे. अदालत ने पुलिस को यह भी निर्देश दिये कि जांच के दौरान यदि आवश्यकता पड़े तो गिरफ्तारी भी की जा सकती है. यह आदेश वकील सुधीर कुमार ओझा द्वारा दाखिल किये गये मामले की सुनवाई के दौरान दिया गया.

याचिका में नेस्ले के प्रबंध निदेशक मोहन गुप्ता, उसके संयुक्त निदेशक सबाब आलम तथा विभिन्न समय पर मैगी के विज्ञापन करने वाले अमिताभ बच्चन, माधुरी दीक्षित एवं प्रीति जिंटा के नाम लिये गये हैं. शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उसने मुजफ्फरपुर में लेनिन चौक की एक दुकान से 30 मई को मैगी नूडल्स खरीदे तथा वह उसे खाने के बाद बीमार पड़ गया. इसके चलते उसने नूडल्स के निर्माता नेस्ले तथा फिल्म सितारों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया.

यह मामला भारतीय दंड विधान की धारा 270 (हानिकारक कृत्य जिससे जीवन के लिए खतरनाक रोगों के संक्रमण फैलने का खतरा) 270 (हानिकारक भोजन या पेय की बिक्री), 276 (दवा की किसी अन्य दवा या नुस्खे के रुप में बिक्री) एवं 420 (धोखाधडी) के तहत दाखिल किया गया है.

केंद्रीय गृह मंत्रलय ने कहा कि वह इन विभिन्न रिपोर्ट को ध्यान में रखते हुए मामले पर गौर करेगी जिनमें कहा गया है कि मैगी के नमूनों में मोनोसोडियम ग्लूटमेट एवं जस्ते की मात्र स्वीकार्य योग्य मात्र से अधिक पायी गई. मंत्रलय के एक अधिकारी ने कहा, हमने घटनाक्रमों का संज्ञान लिया है और मामले पर गौर किया जायेगा. नेस्ले इंडिया के लिए पैदा हुई एक नई समस्या में केरल के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब के कार्यालय ने कहा कि एक आदेश जारी कर राज्य में उसकी खुदरा दुकानों से मैगी नूडल्स के वितरण को तब तक अस्थायी रुप से रोक देने के लिए कहा गया है जब तक कि सुरक्षा मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट न हो जाएं. केरल राज्य नागरिक आपूर्ति निगम, जिसे सप्लाइको के नाम से भी जाना जाता है, के राज्य भर में करीब 1400 स्टोर हैं.

नूडल्स में मोनोसोडियम ग्लूटमेट एवं जस्ता निर्धारित सीमा से अधिक पाये जाने के बाद देश भर में मैगी नूडल्स के नमूने उठाये गये है ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों में कथित चूक की जांच करवायी जा सके. बहरहाल, नेस्ले इंडिया ने दावा किया कि उसने नमूनों की जांच कंपनी की प्रयोगशाला के साथ ही बाहर भी करवायी है तथा उत्पाद को खाने के लिए सुरक्षित पाया गया है.

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने चंडीगढ में बताया, हमने मैगी नूडल्स में खाद्य सुरक्षा मानकों की कथित चूक की खबरों का संज्ञान लिया है. मैंने अपने विभाग को निर्देश दिया है कि राज्य भर से इन नूडल्स के नमूने उठाये जाये ताकि उनका प्रयोगशाला में परीक्षण हो सके. कर्नाटक में स्वास्थ्य मंत्री यूटी खादेर ने बताया कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि राज्य भर से निर्माण इकाइयों एवं खुदरा दुकानों से मैगी नूडल्स के नमूने बिना किसी क्रम के एकत्र किये जाये ताकि उनका प्रयोगशाला परीक्षण हो सके. पश्चिम बंगाल सरकार ने मैगी विवाद पर विचार विमर्श के लिए कल एक बैठक बुलायी है ताकि इस मुद्दे पर कोई फैसला किया जा सके.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola