''आम आदमी पार्टी'' में जारी है घमासान, संसदीय दल के नेता धर्मवीर गांधी बर्खास्त
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 22 Apr 2015 6:39 AM
नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी के नेताओं पर गाज गिरने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा. सोमवार को चार बड़े नेताओं को पार्टी से निकालने के बाद कल संसदीय दल के अपने नेता धर्मवीर गांधी को बर्खास्त कर दिया गया है. मंगलवार को आप की ओर से एक बार फिर शांति भूषण और […]
नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी के नेताओं पर गाज गिरने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा. सोमवार को चार बड़े नेताओं को पार्टी से निकालने के बाद कल संसदीय दल के अपने नेता धर्मवीर गांधी को बर्खास्त कर दिया गया है. मंगलवार को आप की ओर से एक बार फिर शांति भूषण और प्रशांत भूषण पर हमला किया गया. आशीष खेतान ने वकील शांतिभूषण और उनके बेटे प्रशांत पर प्रहार करते हुए उन पर जनहित याचिकाओं का ‘‘उद्योग’’ बनाने और इससे साम्राज्य खडे करने के आरोप लगाए.
प्रशांत भूषण, योगेन्द्र यादव और दो अन्य को निष्कासित करने के एक दिन बाद पार्टी ने गांधी के स्थान पर अरविंद केजरीवाल के विश्वस्त और संगरुर से सांसद भगवंत मान को लोकसभा में चार सदस्यीय समूह का नेता घोषित किया. गांधी ने कहा, ‘‘असंतोष को नहीं दबाया जा सकता और यही सब कुछ है. आप गांधी से उम्मीद नहीं कर सकते कि वह चुपचाप बैठा रहे और पार्टी में जो :गलत: चल रहा है, उस बारे में बात नहीं करे.’’ बाद में वरिष्ठ नेताओं ने संवाददाता सम्मेलन कर बागियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का बचाव किया और खेतान का समर्थन किया. खेतान के खिलाफ प्रशांत भूषण ने एक कारपोरेट के समर्थन में पेड न्यूज चलाने के आरोप लगाए.
भूषण पर हमला करते हुए खेतान ने सवाल किए कि किस तरह बाप..बेटे ने अपनी संपत्ति बनाई और उन्हें आरोपों को साबित करने की चुनौती दी. खेतान ने भूषण परिवार पर बेईमानी से भारी मात्र में धन अर्जित करने के आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘मैं भूषण परिवार को नहीं छोडने जा रहा. या तो वे अपनी ईमानदारी या मेरी बेईमानी को साबित करें.’’ खेतान ने सुबह में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो लोग हर जगह सरकारी जमीन लेते हैं, घरों पर कब्जा करते हैं.. वे दूसरों को भ्रष्ट कैसे कह सकते हैं. भूषण परिवार ने साम्राज्य कैसे खडा किया.. पीआईएल का उद्योग बनाकर. अगर वे साक्ष्य दे दें कि मैंने धन लेकर खबर लिखी है तो मैं राजनीति छोड दूंगा. अगर वे इसे साबित नहीं कर सकते तो उन्हें सार्वजनिक जीवन छोड देना चाहिए.’’
खेतान की चुनौती का जवाब देते हुए शांतिभूषण ने उन्हें भंडाफोड करने की चुनौती दी. शांतिभूषण ने कहा, ‘‘उन्हें हमारा भंडाफोड करने दीजिए. हमारा परिवार देश के सबसे ईमानदार परिवारों में है. कोई भी हमारी ईमानदारी पर सवाल खडे नहीं कर सकता। न तो प्रशांत भूषण न ही मेरी ईमानदारी पर.’’ बागियों को निष्कासित करने के लिए आप पर प्रहार करते हुए शांतिभूषण ने केजरीवाल की तुलना एडोल्फ हिटलर से की जबकि उनके बेटे ने पार्टी को ‘खाप पंचायत’ करार दिया. प्रशांत ने कहा, ‘‘यह आप नहीं है बल्कि खाप पंचायत है. खाप पंचायत में एक तानाशाह :केजरीवाल: है और पंचायत के सदस्य उसके आदेशों के मुताबिक काम करते हैं और मक्खन लगाते हैं.’’ यादव ने कहा कि वह ‘‘नया मॉडल’’ बनाने का प्रयास करेंगे और आंदोलन की भावना को ‘‘जीवित’’ रखने के प्रयास के तहत लोगों से संपर्क बनाए रखेंगे.
यादव ने अरविंद केजरीवाल नीत पार्टी से यह प्रचार करने के लिए माफी मांगने की बात कही जिसमें उन पर चुनावों में आप को हराने और केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाने का षड्यंत्र रचने के आरोप लगाए गए हैं. उन्होंने कहा, ‘‘दो महीने से आपने मेरे खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाते हुए कहा कि मैं चाहता था कि पार्टी चुनाव हार जाए और मैंने राष्ट्रीय संयोजक बनने का षड्यंत्र किया. और जब मामला अनुशासन समिति और औपचारिक जांच के लिए आया तो आपने दोनों आरोप हटा दिए और 12 नई बातों के साथ दूसरी शिकायत रख दी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘पत्र के अंत में पुराने आरोपों का जिक्र है. इसलिए किसी को हमसे माफी मांगनी चाहिए.’’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










