ePaper

10 फिदाइन हमलावर छिपे हैं जम्मू-कश्‍मीर में, आतंकियों को रावलपिंडी से दिए जा रहे हैं निर्देश

Updated at : 06 Dec 2014 10:38 AM (IST)
विज्ञापन
10 फिदाइन हमलावर छिपे हैं जम्मू-कश्‍मीर में, आतंकियों को रावलपिंडी से दिए जा रहे हैं निर्देश

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में भारी मतदान होने से घबराये आतंकियों ने शुक्रवार को पांच स्थान को निशाना बनाया जिसमें 21 लोगों की जान चली गयी जिनमें 11 सुरक्षाकर्मी भी हैं. सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग आज घटना का जायजा लेने श्रीनगर पहुंचे. यहां के बाद वे उरी जायेंगे जहां सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. […]

विज्ञापन

श्रीनगर : जम्मू कश्मीर में भारी मतदान होने से घबराये आतंकियों ने शुक्रवार को पांच स्थान को निशाना बनाया जिसमें 21 लोगों की जान चली गयी जिनमें 11 सुरक्षाकर्मी भी हैं. सेनाध्यक्ष जनरल दलबीर सिंह सुहाग आज घटना का जायजा लेने श्रीनगर पहुंचे. यहां के बाद वे उरी जायेंगे जहां सभी शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे.

वहीं टीवी रिपोर्ट के अनुसार खुफिया विभाग ने जानकारी दी है कि करीब 10 फिदाइन हमलावर जम्मू कश्‍मीर में छिपे हैं इन्हें पोलिंग बूथों और सुरक्षाकर्मियों पर हमले करने को कहा गया है. आतंकियों को रावलपिंडी से निर्देश दिए जा रहे हैं. उन्हें कहा गया है कि वे लोगों को बंधक बनाने का काम करें और मतदान में बाधा पहुंचायें.

दो दिनों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर दौरे पर होंगे ऐसे में इस तरह की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की मुश्‍किलें बढा दी है. बारामूला जिले के उरी में सेना के एक शिविर पर हमले में एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित 11 सुरक्षाकर्मी मारे गए. इसके बाद श्रीनगर के त्रल और शोपियां में कई हमले हुए. त्रल में हमले में दो नागरिक मारे गए.

घटना में लश्कर ए तैयबा का एक शीर्ष कमांडर और सात अन्य आतंकवादी भी मारे गए. जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को दूसरे चरण के मतदान में 72 फीसदी मतदान होने के तीन दिनों बाद यह घटना हुई है. श्रीनगर में सोमवार को रैली को संबोधित करने वाले मोदी ने आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए इसे ज्यादा मतदान से पैदा हुई उम्मीदों को ध्वस्त करने के लिए ‘‘बेतरतीब प्रयास’’ बताया और देश के लिए कुर्बान होने वाले सैनिकों को सैल्यूट किया.

उरी, श्रीनगर, त्रल और शोपियां में तीसरे और चौथे चरण के तहत आगामी दस दिनों में मतदान होंगे. आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि उग्रावादियों ने यहां से 100 किलोमीटर दूर उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के उरी तहसील के मोहरा में शुक्रवार सुबह तीन बजकर 10 मिनट पर सेना के शिविर पर हमला बोल दिया जिसमें सेना के आठ जवान और तीन पुलिसकर्मी मारे गए. यह स्थान नियंत्रण रेखा से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.

सूत्रों ने कहा कि आतंकवादी उच्च सुरक्षा वाली तोप इकाई में सुबह तीन बजकर 10 मिनट पर घुसे और कई चक्र गोलियां चलाईं जिससे आग लग गई. हमले में जख्मी सेना के चार जवान बैरक से बाहर नहीं निकल सके और उनकी झुलसकर मौत हो गई. स्थानीय पुलिस और निकटवर्ती पंजाब रेजिमेंट को संदेश दिया गया जिसने आतंकवादियों से मुकाबले के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल को रवाना किया. बहरहाल यह टीम गोलीबारी में फंस गई जिसमें पंजाब रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल संकल्प कुमार और तीन अन्य सैनिक मारे गए.

जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक सहायक उपनिरीक्षक और दो सिपाहियों को भी आतंकवादियों ने मार गिराया जिन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से सोमवार या मंगलवार को घुसपैठ की होगी. मारे गए आतंकवादियों से छह एके राइफल, 55 मैगजीन, दो शॉटगन, रात में देखे जाने वाले दो दूरबीन, चार रेडियो सेट, 32 अप्रयुक्त ग्रेनेड, एक चिकित्सा किट और काफी मात्र में युद्ध का सामान जब्त किया गया. उरी श्रीनगर से करीब 100 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में है जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को प्रचार करेंगे. सूत्रों ने कहा कि मोदी घाटी में अपना प्रचार करेंगे जहां वह एक रैली को संबोधित करने वाले हैं.

जम्मू क्षेत्र के रजौरी में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को इसे रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए. उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान को अगर इसे रोकने में समस्या आ रही है तो उन्हें भारत से वार्ता करनी चाहिए. हम उनका सहयोग करने को इच्छुक हैं.’’ उन्होंने कहा कि सीमा पार से घुसपैठ जारी है और पाकिस्तान से आतंकवादी घुसकर यहां विध्वंस मचाते हैं. उन्होंने पूछा, ‘‘क्या पाकिस्तान इसके लिए जवाबदेह नहीं है.’’ दिल्ली में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा, ‘‘यह संभव है कि चुनावों के कारण ऐसा हुआ हो.’’जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि हमला शांति एवं स्थिरता को भंग करने का ‘‘निराशाजनक प्रयास’’ है.

उन्होंने ट्विट किया, ‘‘एक बार फिर लगता है कि निराश आतंकवादी शांति एवं स्थिरता को बाधित करेंगे.’’ पुलिस ने कहा कि हाल में पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से छह आतंकवादी घाटी में घुस आए थे. हमले का ब्यौरा देते हुए सेना के अधिकारियों ने कहा कि सेना के शिविर पर भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की. उन्होंने बताया कि सेना ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और नजदीक के शिविरों से भी सहायता मिली. उन्होंने कहा कि अभियान करीब छह घंटे तक चला.

पुलिस ने बताया कि शहर के सौरा में लश्कर ए तैयबा का शीर्ष कमांडर कारी इसरार अपने सहयोगियों के साथ मारा गया. शहर में घुसने के प्रयास में ये आतंकवादी मारे गए. अहमदनगर के सौरा में एक जांच चौकी पर उन्होंने भागने का प्रयास किया लेकिन उनका पीछा किया गया जिसके बाद हुई मुठभेड में इसरार मारा गया. उससे एक एके-47 राइफल बरामद की गयी. उसी इलाके में एक घर में छिपे आतंकवादी को भी संक्षिप्त मुठभेड में मार गिराया गया. कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक अब्दुल गनी मीर ने कहा कि उनके पास सूचना थी कि आतंकवादी आगामी दिनों में बडा हमला करने के लिए श्रीनगर में घुसेंगे.

दक्षिण कश्मीर के त्रल इलाके में आतंकवादियों ने भीडभाड वाले बस स्टैंड पर ग्रेनेड फेंका जिसमें दो नागरिकों की मौत हो गई और छह अन्य जख्मी हो गए. चुनाव और सोमवार को प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली से पहले नगर में आतंकवादियों के और आत्मघाती हमले करने की सूचना के बाद पुलिस ने वाहनों की जांच तेज कर दी है. एक अन्य हमले में दक्षिण कश्मीर के शोपियां में आतंकवादियों ने पुलिस के गश्ती दल पर ग्रेनेड फेंका लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

शोपियां इलाका संवेदनशील रहा है क्योंकि आतंकवादी पीरपंजाल श्रृंखला से डोडा इलाके में आते हैं और इस इलाके का उपयोग पारगमन स्थल के रुप में करते हैं. सेना ने कुपवाडा जिले के हंदवाडा इलाके में दो दिसम्बर को छह आतंकवादियों को मारकर घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया था जबकि सेना का एक जवान भी मारा गया था. कुपवाडा जिले में मतदान के दौरान घुसपैठ का प्रयास विफल किया गया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola