ePaper

सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर बोले कुमारस्वामी - खड़गे को बहुत पहले ही CM बना दिया जाना चाहिए था

Updated at : 15 May 2019 9:13 PM (IST)
विज्ञापन
सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री बनाने की मांग पर बोले कुमारस्वामी - खड़गे को बहुत पहले ही CM बना दिया जाना चाहिए था

कलबुर्गी (कर्नाटक) : कर्नाटक में सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री बनाने की उठ रही मांग के बीच मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम मल्लिकार्जुन खड़गे को बहुत पहले ही राज्य का शीर्ष पद दिया जाना चाहिए था और उनके साथ कथित तौर पर अन्याय हुआ है. उनका बयान ऐसे समय में […]

विज्ञापन

कलबुर्गी (कर्नाटक) : कर्नाटक में सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री बनाने की उठ रही मांग के बीच मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एम मल्लिकार्जुन खड़गे को बहुत पहले ही राज्य का शीर्ष पद दिया जाना चाहिए था और उनके साथ कथित तौर पर अन्याय हुआ है.

उनका बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस के कुछ विधायक मांग कर रहे हैं कि सिद्धरमैया को फिर से मुख्यमंत्री बनाया जाये. इस मांग से कांग्रेस और जदएस के बीच तीखा वाकयुद्ध चल रहा है. कुमारास्वामी के इस बयान से भाजपा को गठबंधन सरकार पर हमला करने का एक नया मौका मिल गया है. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी एस येद्दियुरप्पा ने जदएस नेता कुमारास्वामी से खड़गे के लिए तत्काल अपनी कुर्सी खाली करने को कहा. नौ बार के विधायक और दो बार लोकसभा का सदस्य रहे खड़गे ने कुमारास्वामी के बयान को ‘चुनाव के समय दिया गया बयान’ करार दिया. खड़गे को कभी चुनावी हार का मुंह नहीं देखना पड़ा है. कुमारास्वामी ने मंगलवार को चिंचोली में एक सभा में खड़गे की उपस्थिति में कहा, मल्लिकार्जुन खड़गे को बहुत पहले ही मुख्यमंत्री बना दिया जाना चाहिए था. मैं महसूस करता हूं कि उनके साथ अन्याय किया गया. मैं स्पष्ट तौर पर कहना चाहूंगा कि खड़गे ने जितना कुछ किया, उन्हें उसकी पहचान नहीं मिली.

उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं कुछ त्रुटि हुई. कुमारास्वामी ने कहा कि वर्तमान गठबंधन सरकार में खड़गे भी मुख्यमंत्री बन सकते थे, लेकिन उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस नेतृत्व के फैसले को मानेंगे. उनके बयानों पर येदियुरप्पा ने कहा, उन्होंने (कुमारास्वामी) कहा है कि उन्हें (खड़गे) बहुत पहले ही मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था. उनके सपने को साकार बनाने के लिए वह कल ही इस्तीफा दें और खड़गे को मुख्यमंत्री बनायें. वरिष्ठ भाजपा विधायक बसानगौड़ा पाटिल यतनाल ने कुमारास्वामी के बयान को सत्ता में बने रहने के लिए सिद्धरमैया और खड़गे के बीच दूरी पैदा करने की साजिश करार दिया. उन्होंने कहा कि यहां तक कि कांग्रेस में भी किसी की दिलचस्पी खड़गे को मुख्यमंत्री बनाने में नहीं है.

येदियुरप्पा ने कहा, मैंने कभी नहीं कहा है कि हम सरकार गिरा देंगे. हम ऐसी कोई कोशिश भी नहीं कर रहे हैं. जदएस और कांग्रेस एक-दूसरे से झगड़ रहे हैं और मतभेदों के चलते सरकार गिरेगी. सिद्धरमैया ने उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने की पार्टी के अंदर उठ रही मांग को समर्थकों का स्नेह बताया था और कहा था कि वह अगला विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने बयान पर अब भी कायम हैं. चिंचोली विधानसभा क्षेत्र में 19 मई को उपचुनाव है. उनकी सरकार के टिके रहने के संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा के नेतागण मेरी सरकार के गिरने के लिए एक के बाद एक समयसीमा तय कर रहे हैं. नवीनतम समयसीमा 23 मई तय की गयी है, लेकिन कुछ नहीं होगा. वास्तव में 23 मई के बाद मेरी सरकार और मजबूत होगी क्योंकि उसे मल्लिकार्जुन खड़गे और सिद्धरमैया जैसे कांग्रेस नेताओं का समर्थन हासिल है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola