गुजरात उपचुनाव : जसदण में भाजपा जीती, विधानसभा में पार्टी का संख्या बल 100 पर पहुंचा

Updated at : 23 Dec 2018 10:25 PM (IST)
विज्ञापन
गुजरात उपचुनाव : जसदण में भाजपा जीती, विधानसभा में पार्टी का संख्या बल 100 पर पहुंचा

अहमदाबाद : गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जसदण विधानसभा उपचुनाव में रविवार को आसान जीत दर्ज कर ली. इसी के साथ सदन में भाजपा का संख्या बल 100 पर पहुंच गया है. भाजपा प्रत्याशी और मंत्री कुंवरजी बावलिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अवसर नाकिया को 19,979 वोटों से शिकस्त दी. […]

विज्ञापन

अहमदाबाद : गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जसदण विधानसभा उपचुनाव में रविवार को आसान जीत दर्ज कर ली. इसी के साथ सदन में भाजपा का संख्या बल 100 पर पहुंच गया है. भाजपा प्रत्याशी और मंत्री कुंवरजी बावलिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अवसर नाकिया को 19,979 वोटों से शिकस्त दी.

बावलिया राजकोट जिले की जसदण विधानसभा सीट को न केवल अपने पास रखने में कामयाब रहे, बल्कि अपनी जीत का अंतर भी बढ़ाया है. उन्होंने 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के तौर यहां से जीत हासिल की थी. इसी के साथ, 182 सदस्यवाली विधानसभा में भाजपा के 100 विधायक हो गये हैं, जबकि कांग्रेस के विधायकों की संख्या घट कर 76 हो गयी. राज्य में दो दशक से शासन कर रही भाजपा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में भगवा दल ने 99 सीटें जीतीं थीं और कांग्रेस के खाते में 77 सीटें आयी थीं. अधिकारियों ने बताया कि मतगणना के आखिर में बावलिया को कुल 90,262 वोट मिले, जबकि नाकिया 70,283 मत हासिल कर पाये. उनके अलावा, चुनावी रण में छह अन्य प्रत्याशी थे. उन्होंने बताया कि 2,146 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया.

जसदण विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत 20 दिसंबर को वोट डाले गये थे और मतदान 71.27 प्रतिशत रहा था. यह उपचुनाव भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच प्रतिष्ठा का प्रश्न था, क्योंकि भाजपा हाल में जहां तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली हार से उबरने की कोशिश कर रही है, वहीं कांग्रेस इन तीन राज्यों में मिली जीत से गदगद है. बावलिया ने दो जुलाई को इस्तीफा दिया था और उन्हें उसी दिन भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बना दिया गया था. बावलिया ने 2017 में भाजपा के उम्मीदवार को 9,277 मतों से मात दी थी.

नतीजे का ऐलान होने के बाद, बावलिया ने उपचुनाव में जीत के लिए जसदण के मतदाताओं, भाजपा में शामिल होने के बाद भी उनका समर्थन करनेवाले कांग्रेस के दोस्तों, भागवा दल के नेतृत्व और इसके कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. छठी बार जसदण से जीते बावलिया ने कहा कि वह जन केंद्रित मुद्दों को उठायेंगे. उन्होंने कहा, यह जीत इस इलाके के लोगों की है और मुख्यमंत्री (विजय) रूपाणी, जीतू वाघवाणी और अन्य दोस्तों तथा मेरे भाजपा में शामिल होने के बाद भी मेरा समर्थन करनेवाले कांग्रेस के पूर्व सहयोगी तथा मेरे लिए काम करनेवाले पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों का भी परिणाम है.

चुनाव नियमों के मुताबिक, बावलिया को मंत्री बनने के छह महीने के अंदर विधानसभा के लिए निर्वाचित होना आवश्यक था. जैसे ही चुनाव के नतीजे का ऐलान हुआ, वैसे ही रूपाणी समेत भाजपा नेता गांधीनगर में प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर इकट्ठा होना शुरू हो गये. रूपाणी ने कहा, तीन राज्यों के परिणामों के बाद, कांग्रेस अति उत्साह में जसदण में कई झूठ फैला रही थी. कुंवरजी भाई पिछली बार 9,000 से ज्यादा मतों से जीते थे. इस बार अंतर बढ़ा है जो दिखाता है कि भाजपा और कांग्रेस के मतदाताओं ने भाजपा को वोट दिया. रूपाणी ने कहा कि जसदण में पार्टी की जीत बताती है किसान सत्तारूढ़ पार्टी के साथ हैं, क्योंकि इस सीट में अधिकांश हिस्सा ग्रामीण है.

राजकोट जिला पंचायत के सदस्य नाकिया ने उन्हें वोट देनेवालों का आभार जताया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने उपचुनाव में पार्टी की हार स्वीकार की. उन्होंने ट्वीट किया, मैं जसदण के लोगों का उनके प्यार एवं समर्थन के लिए आभार व्यक्त करता हूं. हम विनम्रता से अपनी हार स्वीकार करते हैं. हम विधानसभा और सड़कों पर किसानों तथा लोगों की आवाज उठाते रहेंगे. चुनाव प्रचार में बिना थके काम करनेवाले गुजरात कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola