सीवान: हसनपुरा में नदी में बहा अधेड़, शौच के दौरान फिसला पैर, ग्रामीण देर शाम तक करते रहे तलाश

लापाता अधेड़ की नदी में खोजबीन करते लोग | Prabhat Khabar Network
सीवान के बसंतनगर गांव में शुक्रवार को एक अधेड़ व्यक्ति नदी में बह गया. शौच के लिए नदी किनारे गए उमा साहनी का पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए. ग्रामीणों द्वारा खोजबीन जारी है.
सीवान: एमएच नगर थाना क्षेत्र के बसंतनगर गांव में शुक्रवार की दोपहर नदी किनारे शौच के दौरान पैर फिसल जाने से एक अधेड़ नदी की तेज धारा में बह गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उसकी तलाश शुरू कर दी. देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था.
शौच के दौरान फिसला पैर, तेज धारा में बह गए उमा साहनी
जानकारी के अनुसार, बसंतनगर निवासी स्वर्गीय सुदर्शन साह के 52 वर्षीय पुत्र उमा साहनी शुक्रवार करीब एक बजे गांव के समीप नदी किनारे शौच के लिए गए थे. इसी दौरान नदी किनारे उनका पैर फिसल गया, जिससे वे संतुलन खो बैठे और नदी की तेज धारा में बह गए.
बचाने की कोशिश रही नाकाम
आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव तेज होने के कारण वे देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों ने शोर मचाया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
500 मीटर तक चलाया गया खोज अभियान
ग्रामीणों ने करीब 500 मीटर तक नदी में जाल डालकर और किनारों पर तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. घटना की सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में तेज बहाव होने के कारण राहत एवं खोज अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
समाचार भेजे जाने तक ग्रामीणों की ओर से लापता उमा साहनी की तलाश लगातार जारी थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










