इलाज के बाद बच्चियां स्वस्थ रात में ही अस्पताल से छुट्टी

बरही कस्तूरबा विद्यालय का मामला
बरही. फूड प्वाइजनिंग की वजह से मंगलवार की रात बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती बरही कस्तूरबा विद्यालय की 16 छात्राएं दो-तीन घंटे के इलाज के बाद ठीक हो गयीं. इसके बाद उन्हें रात में ही करीब साढ़े 12 बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. वार्डन रोशनी बाड़ा छात्राओं को उसी समय अपने साथ विद्यालय ले गयीं. अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ प्रकाश ज्ञानी ने बताया कि इलाज के बाद सभी छात्राएं स्वस्थ हो गयी हैं. चिंता की कोई बात नहीं है. मालूम है कि मंगलवार को विद्यालय में छात्राओं को शाम के नाश्ते में भुना हुआ चूड़ा व बादाम खाने को दिया गया था. इसे खाने के कुछ घंटे बाद 10-12 छात्राओं ने पेट में दर्द की शिकायत की थी. इसके बाद रात करीब नौ बजे छात्राओं को अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया था. वहीं वार्डन रोशनी बाड़ा ने बताया कि विद्यालय में 414 बच्चियां हैं. सभी को 6.30 बजे शाम के नाश्ते में भुना हुआ चूड़ा व बादाम दिया गया था. इनमें से केवल 12 के पेट में दर्द की शिकायत हुई. बाकी बच्चियों को कोई परेशानी नहीं हुई. जिन बच्चियों को पेट में दर्द के कारण हॉस्पिटल ले जाया गया, वे सभी छह व सात कक्षा की हैं. एक महीना पहले ही उनका विद्यालय में नामांकन हुआ है. वे नर्वस हो गयीं थी. बुधवार को जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले का जायजा लिया. बच्चियों से पूछताछ की. बीमार हुई बच्चियों के अभिभावक विद्यालय पहुंचकर बच्चियों को साथ ले गये.
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की जांच :
बुधवार को हजारीबाग खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जांच के लिए विद्यालय पहुंची. टीम ने विद्यालय के किचन, स्टोर रूम व डाइनिंग क्षेत्र का जायजा लिया. बच्चियों को शाम के नाश्ते में दिये गये चूड़ा, बादाम, सरसों तेल सहित सभी खाद्य सामग्री का नमूना लिया. बताया कि नमूने को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला नामकुम भेजा जायेगा. रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी. टीम में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ शशि जायसवाल, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो मंजर हुसैन, लिपिक मनोज कुमार, विकास शर्मा, सूरज कुमार शामिल थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




