महुआडांड़ में फर्जी एनजीओ के नाम पर गरीब आदिवासियों के साथ ठगी

फर्जी एनजीओ बना शादी और रोजगार देने के नाम पर ठगी के शिकार हुए लोग
महुआडांड़ . प्रखंड में फर्जी एनजीओ बनाकर गरीब आदिवासी महिला और पुरुषों को शादी कराने, सुपरवाइजर बनाने, लोन दिलाने, काजू-किशमिश पैक कराने और विभिन्न योजनाओं व रोजगार देने के नाम पर ठगी का मामला प्रकाश में आया है. रेंगाई गांव निवासी स्वास्थ्य सहिया चंद्रकला कुजूर पर आरोप है कि उन्होंने दीपाटोली और रामपुर गांव में कन्यादान योजना के अंतर्गत शादी कराने के बहाने 16 जोड़ों प्रत्येक जोड़े से पांच-पांच हजार रुपये लेकर कुल 80 हजार रुपये ठगे. पीड़ित फिरोज एक्का, उगन कुमार, रोहित लकड़ा, श्रीनाथ लकड़ा, संतोष टोप्पो, सीमा लकड़ा, सोनिता तिग्गा, अनूप टोप्पो, सपना लकड़ा, अगसतू कुजूर और अजीत लकड़ा ने बताया कि उनसे अप्रैल माह में रुपया लेकर मई में शादी कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक एक भी शादी नहीं हुई. जब उन्होंने चंद्रकला से पैसे की मांग की, तो केवल आश्वासन ही मिला. चंद्रकला कुजूर ने स्वीकार किया कि उसने रुपये लिये : चंद्रकला कुजूर ने स्वीकार किया कि उसने रुपये लिये, लेकिन यह उत्तर प्रदेश की कल्पना सिन्हा के कहने पर किया गया. उन्होंने बताया कि महुआडांड़ में कई अन्य स्थानीय आदिवासी महिलाएं भी कल्पना सिन्हा के लिए इसी तरह कार्य कर रही हैं. उन्होंने कहा कि कल्पना सिन्हा पिछले दो सालों से घर दिलाने, लोन, शादी कराने और कंपनी खोलने के नाम पर ठगी कर रही है. जब कल्पना सिन्हा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका मोबाइल बंद पाया गया. पीड़ित आवेदन दें जांच कर कार्रवाई की जायेगी : सीओ सह सीडीपीओ संतोष कुमार बैठा ने कहा कि स्वास्थ्य सहिया का कन्यादान योजना में कोई अधिकार नहीं होता और पीड़ित आवेदन दें जांच कर कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जिला प्रशासन सतर्क है और भविष्य में किसी भी तरह की ठगी या शोषण पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. न्याय दिलाने की मांग : पीड़ित परिवारों ने विधायक प्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासन से तत्काल ठगी की जांच कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है. इस मामले से क्षेत्र में स्थानीय लोगों में असुरक्षा और चिंता का माहौल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




