ePaper

बेटियों को बनाया जा रहा सशक्त, सरकारी स्कूलों में शुरू हुआ कराटे का प्रशिक्षण

Updated at : 26 Feb 2026 3:58 PM (IST)
विज्ञापन
बेटियों को बनाया जा रहा सशक्त, सरकारी स्कूलों में शुरू हुआ कराटे का प्रशिक्षण

28 मार्च तक चलेगा आत्मरक्षा का विशेष सत्र, छात्राओं में जगाया जा रहा आत्मविश्वास

विज्ञापन

फोटो06. जूडो कराटे के प्रशिक्षण लेती छत्राएं. 28 मार्च तक चलेगा आत्मरक्षा का विशेष सत्र, छात्राओं में जगाया जा रहा आत्मविश्वास बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को मिलेगी कमान, 230 रुपये प्रतिदिन की दी जायेगी प्रोत्साहन राशि. भभुआ नगर. जिले के सरकारी उच्च विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में तृतीय चरण का प्रशिक्षण बीते 25 फरवरी से प्रारंभ होकर 28 मार्च तक चलेगा. इस दौरान छात्राओं को प्रतिदिन 1 घंटे 30 मिनट का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें आत्मरक्षा के लिए सक्षम बनाना तथा मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत करना है. जारी आदेश के अनुसार एक प्रशिक्षक प्रतिदिन दो विद्यालयों में कराटे प्रशिक्षण दे रहे हैं. पहले विद्यालय में प्रशिक्षण सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक दिया जा रहा है, जबकि दूसरे विद्यालय में दोपहर 2:00 बजे से 3:30 बजे तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण के लिए संबंधित विद्यालयों की सूची पहले ही संलग्न कर दी गयी है. विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर छात्राओं का नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित करायें. प्रशिक्षण में शामिल छात्राओं की उपस्थिति प्रतिदिन उपस्थिति पंजिका में दर्ज की जा रही है, जिसे नामित शिक्षक या शिक्षिका द्वारा प्रमाणित किया जा रहा है. पारदर्शिता के लिए फोटोग्राफी से होगी निगरानी प्रशिक्षण की पारदर्शिता बनाये रखने के लिए प्रतिदिन फोटोग्राफी की जायेगी व उसे कार्यालय के वाट्सएप ग्रुप में साझा किया जायेगा. प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद संबंधित विद्यालयों को प्रमाण पत्र व प्रतिवेदन कार्यालय में समर्पित करना होगा, ताकि प्रशिक्षकों का मानदेय भुगतान किया जा सके. विशेष बात यह है कि प्रशिक्षण के अंतिम दिन दो छात्राओं का चयन प्रशिक्षक के रूप में किया जायेगा, जो आगे 66 दिनों तक अन्य छात्राओं को प्रशिक्षण देती रहेंगी. इन चयनित प्रशिक्षक छात्राओं को प्रतिदिन 230 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जायेगी. इस नयी पहल से जिले की छात्राओं में आत्मरक्षा की भावना मजबूत होगी व वे विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने में सक्षम बन सकेंगी. विशेषज्ञों का मानना है कि जो नये कदम उठाये गये हैं, उनसे छात्राओं का शैक्षणिक व मानसिक विकास और बेहतर तरीके से हो सकेगा.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola