ePaper

Bokaro News : वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को घर जैसा वातावरण मिलें, संस्था करें सुनिश्चित : उपायुक्त

Updated at : 26 Sep 2025 5:26 PM (IST)
विज्ञापन
Bokaro News : वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को घर जैसा वातावरण मिलें, संस्था करें सुनिश्चित : उपायुक्त

Bokaro News : पिंड्राजोरा के ओबरा गांव में सीनियर सिटीजन होम का उद्घाटन, अटल वायो अभ्युदय योजना के तहत संचालित होगा आश्रम.

विज्ञापन

बोकारो, चास प्रखंड अंतर्गत पिंड्राजोरा के ओबरा गांव में वरिष्ठ नागरिकों के लिए नवनिर्मित सीनियर सिटीजन होम का उद्घाटन उपायुक्त अजय नाथ झा व उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने संयुक्त रूप से किया. आश्रम सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय-महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की अटल वायो अभ्युदय योजना के तहत संचालित होगा. संचालन सामाजिक संस्था कोशिश की ओर से की जायेगी. उपायुक्त ने कहा कि वृद्धाश्रम में रहने वाले प्रत्येक बुजुर्ग को घर जैसा वातावरण मिलना चाहिए. विश्वास दिलाया कि जिला समाज कल्याण विभाग इस कार्य में संस्था का सहयोग-निगरानी करता रहेगा. समाज के संपन्न व सक्षम वर्ग से अपील की कि वे अपने स्तर से भी वृद्ध, बेसहारा व अनाथ बच्चों के उत्थान में आगे बढ़कर जिम्मेदारी निर्वहन करें. उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि पहल जिला के लिए एक सकारात्मक कदम है. वृद्धजनों की सेवा प्राथमिक जिम्मेदारी है. यह आश्रम ना केवल उन्हें सहारा देगा बल्कि उन्हें सम्मान और स्नेह से जीवन जीने का अवसर प्रदान करेगा. प्रशासनिक अधिकारी समय-समय पर निरीक्षण और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करेंगे.

आश्रम की सुविधाओं का लिया जायजा

कोशिश संस्था की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवास, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा व देखभाल की संपूर्ण व्यवस्था की जानकारी डीसी-डीडीसी को दी गयी. द्वय पदाधिकारियों ने क्रमवार उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. डीसी ने बुजुर्गों के मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य के लिए नियमित संवाद एवं गतिविधियों का आयोजन करने को कहा.

आश्रम के वृद्धों से किया संवाद

डीसी-डीडीसी ने सीनियर सिटीजन होम में रह रहे वृद्ध आमडीह निवासी निवारण महतो, बरमसिया निवासी छोटू मियां व बन्नी देवी से संवाद किया. आवासन, मनोरंजन एवं खान-पान की जानकारी ली. संबंधित संस्था को जरूरी दिशा-निर्देश दिया. वहीं, उपस्थित आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं से पोषण क्षेत्रों में वितरण हो रहे टीएचआर की भी जानकारी ली. मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ सुमन गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जन संपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, कोशिश संस्था की सचिव डॉ निवेदिता दत्ता समेत संस्था के अन्य सदस्य आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola