ऑयली स्किन और चेहरे की थकान दूर करेगा घर पर बना ये फेस पैक, दादी-नानी का नुस्खा आज भी है खास
DIY sandalwood face pack Ai image
DIY Sandalwood Face Pack: धूप, धूल मिट्टी और दिनभर की भागदौड़ से अगर आपका चेहरा भी शाम तक थका और बेजान नजर आने लगता है, तो चंदन का यह सिंपल फेस पैक आपके काम आ सकता है. ऑयली स्किन हो या चेहरे की खोई रौनक वापस पानी हो, घर पर बने ये पैक जरूर आजमाएं.
DIY Sandalwood Face Pack: आजकल की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में, धूप, धूल-मिट्टी और पॉल्यूशन की वजह से चेहरे का नेचुरल ग्लो कहीं खो जाता है. पूरे दिन काम करने के बाद स्ट्रेस की वजह से शाम तक चेहरा पूरी तरह थका-थका और बेजान सा लगने लगता है. इसके साथ ही, जिन लोगों की स्किन ऑयली होती है, उनके लिए तो प्रॉब्लम और भी ज्यादा बढ़ जाती है. इनके चेहरे पर हर समय एक्स्ट्रा ऑयल और चिपचिपाहट देखने को मिल जाती है. इन लोगों को बार-बार चेहरे पर पिंपल्स और ब्लैकहेड्स निकलने की प्रॉब्लम से भी सबसे ज्यादा जूझना पड़ता है.
अक्सर स्किन से जुड़ी इन प्रॉब्लम्स से छुटकारा पाने के लिए हम बाजार में मिलने वाले महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इनमें केमिकल्स का इस्तेमाल बहुत ज्यादा किया जाता है. ऐसे में, अगर आप अपनी स्किन को बिना डैमेज किए फ्रेश और नैचुरली ग्लोइंग बनाना चाहते हैं, तो आज का यह आर्टिकल आपके काम का है. आज हम आपको बताने वाले हैं कि किस तरह से आप चंदन का इस्तेमाल करके अपने लिए एक नेचुरल फेस पैक तैयार कर सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका.

चेहरे के लिए इतना फायदेमंद क्यों है चंदन?
चंदन की अगर बात करें तो यह एक ऐसी चीज है जिसका इस्तेमाल हमारी दादी-नानी अपने जमाने से खूबसूरती को निखारने के लिए करती रही हैं. यह पूरी तरह से नेचुरल है और स्किन के लिए भी इसे बहुत ही फायदेमंद माना जाता है. चंदन की जो तासीर होती है वह बहुत ही ठंडी होती है. जब आप इसका इस्तेमाल करते हैं तो यह गर्मियों या धूप की वजह से चेहरे पर होने वाली जलन, रैशेज और लालिमा को यह तुरंत शांत कर देता है. इसके अलावा चंदन में ऐसे नेचुरल एलिमेंट्स पाए जाते हैं जो आपकी स्किन के पोर्स में जाकर जमे हुए एक्स्ट्रा ऑयल को एब्जॉर्ब कर लेते हैं, जिससे आपकी स्किन ऑयली नहीं लगती है. चंदन चेहरे के ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाता है, जिससे थकी हुई और मुरझाई हुई स्किन एकदम फ्रेश और ग्लोइंग नजर आने लगती है. इसमें एंटी-बैक्टीरियल प्रॉपर्टीज भी होते हैं, जो पिंपल्स या मुंहासे पैदा करने वाले बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करते हैं.
ये भी पढ़ें: ब्लैकहेड्स हटाने के लिए अब पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं, घर पर मौजूद इन 3 चीजों से बनाएं पावरफुल स्क्रब
ऑयली स्किन के लिए चंदन और गुलाब जल का फेस पैक
अगर आपकी स्किन में हर समय ऑयल रहता है या फिर चेहरा हर समय ही चिपचिपा दिखाई देता है, तो चंदन से बना यह सिंपल सा फेस पैक आपके लिए सबसे बेहतरीन उपाय साबित होता है. इसे बनाने के लिए आपको नीचे बताई गयी चीजों की जरूरत पड़ने वाली है.
फेस पैक बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- प्योर चंदन पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
- गुलाब जल- 2 से 3 छोटे चम्मच या पेस्ट बनाने के अनुसार
- मुल्तानी मिट्टी- आधा छोटा चम्मच, अगर आपकी स्किन बहुत ज्यादा ऑयली है.
फेस पैक को बनाने और इस्तेमाल करने का तरीका
- इस फेस पैक को बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ कांच या प्लास्टिक की कटोरी लें. इसके बाद इसमें 1 बड़ा चम्मच चंदन पाउडर डालें और फिर इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 छोटे चम्मच गुलाब जल मिलाएं. अब एक चम्मच की मदद से इसे तब तक अच्छी तरह फेंटते रहें जब तक कि एक चिकना और स्मूद पेस्ट न बन जाए. इस बात का ख्याल रखें कि पेस्ट ना तो बहुत ज्यादा गाढ़ा हो और ना ही पानी की तरह पतला.
- अगर आपके चेहरे पर ऑयल की समस्या बहुत ज्यादा है, तो इसी पेस्ट में आधा चम्मच मुल्तानी मिट्टी भी डाल दें और थोड़ा सा गुलाब जल और मिलाकर अच्छे से फेंट लें.
- इस फेस पैक लगाने से ठीक पहले अपने चेहरे को नॉर्मल पानी या किसी माइल्ड फेसवॉश से धो लें, ताकि चेहरे पर लगी धूल-मिट्टी हट जाए. इसके बाद तौलिए से चेहरे को पोंछकर सुखा लें.
- अब अपनी उंगलियों या एक फेस पैक ब्रश की मदद से इस चंदन पेस्ट को अपने पूरे चेहरे और गर्दन पर बराबर लेयर्स में लगाएं. इस बात का ख्याल रखें कि इसे आंखों के बेहद पास और होठों पर न लगाएं.
- इस फेस पैक को लगाने के बाद कम से कम 15 से 20 मिनट के लिए आराम से बैठ जाएं या लेट जाएं. इस दौरान चेहरे पर ज्यादा खिंचाव न आने दें और बोलने से बचें.
- जब यह फेस पैक 80 से 90 प्रतिशत तक सूख जाए, तब अपने हाथों में थोड़ा सा पानी लेकर चेहरे पर छिड़कें. हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में घुमाते हुए चेहरे की मसाज करें ताकि पैक ढीला हो जाए. इसके बाद नॉर्मल या हल्के ठंडे पानी से चेहरा पूरी तरह धो लें. लास्ट में तौलिए से थपथपाकर चेहरे को अच्छे से सुखाएं.
थकान मिटाने और ग्लो के लिए चंदन, दही और हल्दी का फेस पैक
दिनभर की भागदौड़ और थकावट के बाद जब चेहरा एकदम बेजान, काला और ढिला लगने लगे, तो दही और हल्दी के साथ चंदन का यह कॉम्बिनेशन स्किन में तुरंत नई जान डाल देता है. इस फेस पैक को बनाने के लिए आपको नीचे बताई गयी चीजों की जरूरत पड़ने वाली है.
चंदन, दही और हल्दी का फेस पैक बनाने के लिए सामग्री
- प्योर चंदन पाउडर- 1 बड़ा चम्मच
- फ्रेश दही- 1 बड़ा चम्मच, लेकिन ज्यादा खट्टा दही न लें
- कस्तूरी हल्दी या घर की हल्दी- सिर्फ एक चुटकी
फेस पैक बनाने और इस्तेमाल करने का पूरा तरीका
- इस फेस पैक को तैयार करने के लिए सबसे पहले एक कटोरी में 1 बड़ा चम्मच चंदन पाउडर निकालें. अब इसमें 1 बड़ा चम्मच फ्रेश दही डालें. इसके बाद इसमें सिर्फ एक चुटकी हल्दी मिलाएं. इस बात का ख्याल रखें कि ज्यादा हल्दी मिलाने से चेहरा पीला दिख सकता है. अब इन तीनों चीजों को चम्मच से 1 से 2 मिनट तक अच्छे से फेंटें ताकि दही के सारे लम्प्स खत्म हो जाएं और एक गाढ़ा, क्रीमी पेस्ट तैयार हो जाए.
- इसके बाद अपने चेहरे को गुनगुने या सादे पानी से अच्छे से धोकर सुखा लें, ताकि स्किन के पोर खुल जाएं और फेस पैक का नरिशमेंट अंदर तक जा सके.
- अब इस तैयार किए गए क्रीमी पेस्ट को अपनी उंगलियों की मदद से चेहरे और गर्दन पर नीचे से ऊपर की तरफ में लगाएं.
- इस फेस पैक को लगाने के तुरंत बाद 1 से 2 मिनट के लिए अपने चेहरे की बेहद हल्के हाथों से मसाज करें. इससे दही में मौजूद पोषक तत्व स्किन के अंदर समा जाते हैं और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है.
- मसाज करने के बाद इस पैक को चेहरे पर 15 से 20 मिनट के लिए ऐसे ही लगा रहने दें.
- 20 मिनट बाद जब यह हल्का सूख जाए, तो अपने चेहरे पर ठंडा पानी छिड़कें और फिर ठंडे पानी से धीरे-धीरे मलते हुए इस पैक को छुड़ाएं. दही में मौजूद लैक्टिक एसिड आपकी डेड स्किन को निकाल देगा और हल्दी-चंदन स्किन को तुरंत फ्रेश और ग्लोइंग बना देंगे. चेहरा धोने के बाद आप खुद महसूस करेंगे कि थकान गायब हो चुकी है.
ये भी पढ़ें: महंगे सीरम पर खर्च करने से पहले घर पर बना लें यह कोलेजन जेल, कुछ ही हफ्तों में शीशे की तरह चमक उठेगी स्किन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सौरभ पोद्दार
सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन टॉपिक्स पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की हिंदी में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और SEO-फ्रेंडली होते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










