हर शाम समोसे और पकौड़े खाकर नहीं बिगाड़ना चाहते सेहत? ट्राय करें सूजी से बनने वाले ये 5 इंस्टेंट स्नैक्स
instant suji snacks Ai image
Instant Suji Snacks: शाम की भूख लगते ही अगर कुछ चटपटा और क्रिस्पी खाने का मन करता है, तो हर बार समोसे और पकौड़े बनाने की जरूरत नहीं. सूजी से बनने वाले ये झटपट स्नैक्स स्वाद में इतने मजेदार हैं कि चाय के साथ शाम का मजा दोगुना हो जाएगा.
Instant Suji Snacks: शाम होती नहीं है कि पेट में चूहों की फौज दौड़ने लग जाती है. चाय के साथ कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो सिर्फ टेस्टी ही न हो, बल्कि जिसे खाकर सेहत को भी नुकसान न पहुंचे. स्नैक्स की तलाश के बीच अगर कुछ ऐसा मिल जाए जो खाने में बहुत ही क्रिस्पी हो और साथ ही स्वाद में भी चटपटा हो, तो पूरे दिन की थकावट मिनटों में गायब हो जाती है. अगर आप भी हर शाम वही समोसे और पकौड़े खाकर ऊब चुके हैं और इनकी जगह पर कुछ यूनिक, टेस्टी और हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो सूजी से बनने वाले इन स्नैक्स को आपको एक बार तो जरूर घर पर बनाकर देखना चाहिए. सिर्फ 10 मिनट में बनने वाले ये स्नैक्स आपकी शाम की भूख को मिटाने के साथ ही आपके मूड को भी रिफ्रेश करने में मदद करेंगे. तो चलिए जानते हैं इन्हें बनाने का सबसे आसान तरीका.

बच्चों को पसंद आएगा सूजी-पनीर कॉर्न पॉकेट्स
यह एक ऐसा नाश्ता है जो बड़ों के साथ-साथ बच्चों को भी बहुत ही ज्यादा पसंद आता है. इस डिश की सबसे बड़ी खासियत होती है कि यह बाहर से तो एकदम क्रिस्पी होता है लेकिन अंदर से उतना ही क्रीमी भी होता है. इसे बनाना बहुत ही ज्यादा आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में पानी, नमक और चिली फ्लेक्स डालकर उबालें. अब इसमें सूजी डालकर तब तक चलाएं जब तक वह गूंथे हुए आटे की तरह न बन जाए. ठंडा होने पर इसे थोड़ा सा तेल लगाकर चिकना कर लें. अब स्टफिंग बनाने के लिए एक कटोरी में उबली मकई, कद्दुकस किया पनीर, थोड़ा सा चीज, ओरिगैनो और नमक मिला लें. इसके बाद सूजी के आटे की लोई बनाकर चपटा करें, बीच में पनीर-कॉर्न की स्टफिंग भरें और पॉकेट की तरह बंद कर दें. इन्हें गरम तेल में गोल्डन होने तक फ्राई करें.
ये भी पढ़ें: कम तेल में बनकर तैयार हो जाते हैं ये क्रिस्पी सूजी अप्पे, सुबह के नाश्ते के लिए हैं एकदम परफेक्ट
इंडो-चाइनीज खाना है तो सूजी-मंचूरियन बॉल्स
अगर आप उन लोगों में से हैं जिन्हें इंडो-चाइनीज खाना अच्छा लगता है, तो सूजी मंचूरियन आपके लिए एक बिल्कुल परफेक्ट और नयी रेसिपी होने वाली है. इसे बनाने के लिए आपको सबसे पहले सूजी को गरम पानी और नमक के साथ मिलाकर गाढ़ा आटा तैयार कर लेना है. अब ठंडा होने पर इसमें बारीक कटी पत्तागोभी, गाजर, शिमला मिर्च, काली मिर्च पाउडर और थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर मिलाएं. अब इस मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बना लें और गरम तेल में क्रिस्पी होने तक तल लें. इसके बाद एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करके लहसुन, हरी मिर्च, सोया सॉस, शेज़वान सॉस और टोमैटो सॉस डालें. इसमें तली हुई सूजी बॉल्स को डालकर अच्छे से मिलाएं और गर्मागर्म सर्व करें.
ट्राय करें लाइट एंड क्रिस्पी सूजी-समोसा बाइट्स
अगर आप वही मैदे वाले समोसे नहीं खाना चाहते हैं, तो सूजी से बने ये मिनी समोसे आपके लिए सबसे बेस्ट चॉइस साबित होंगे. ये बहुत ही ज्यादा लाइट, क्रिस्पी और आसानी से डाइजेस्ट होने वाले होते हैं. इसे बनाना भी काफी आसान है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में सूजी, थोड़ा सा तेल, अजवाइन और नमक डालकर गरम पानी की मदद से सख्त आटा गूंध लें और 15 मिनट के लिए रख दें. दूसरी तरफ उबले आलू, मटर, अमचूर और मसालों के साथ चटपटा मसाला तैयार करें. अब सूजी के आटे की रोटी बेलकर उसे बीच से काटें और समोसे का शेप देकर अंदर आलू की स्टफिंग भरें. लास्ट में किनारों पर हल्का पानी लगाकर अच्छे से बंद करें ताकि तेल में खुले नहीं और इन्हें धीमी आंच पर क्रिस्पी होने तक तलें.
ये भी पढ़ें: सिर्फ 5 मिनट में तैयार होंगी पोहे की ये 4 लाजवाब रेसिपीज, आसान इतनी कि रोज बनाने का करेगा मन
मीठ नहीं खाना तो सूजी नमकीन डोनट्स
डोनट का नाम सुनकर आपको लग रहा होगा कि यह एक मीठा स्नैक है, लेकिन यह बिल्कुल भी मीठा नहीं है. यह थोड़ा सा तीखा, नमकीन और एक बहुत ही क्रंची स्नैक है जो देखने में बिल्कुल एक डोनट की तरह लगता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में सूजी, थोड़ी सी दही, उबला-मैश किया आलू, कढ़ी पत्ता, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक और नमक मिलाएं. थोड़ा सा पानी डालकर एक टाइट मिक्सचर तैयार कर लें. इसके बाद अपने हाथों में थोड़ा तेल लगाएं, मिक्सचर से गोल पेड़ा बनाएं और बीच में उंगली से छेद कर दें ताकि यह डोनट जैसा दिखे. इसके बाद इन्हें गरम तेल में मीडियम आंच पर तब तक तलें जब तक यह बाहर से पूरी तरह क्रिस्पी और गोल्डन न हो जाएं.
ट्राय करें सूजी-पालक के क्रिस्पी रोल्स
यह नाश्ता टेस्टी होने के साथ-साथ काफी हेल्दी भी है क्योंकि इसमें पालक का भरपूर स्वाद होता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले पालक के पत्तों को उबलते पानी में 2 मिनट डालकर निकालें और मिक्सी में पीसकर पेस्ट बना लें. अब एक पैन में पालक का पेस्ट, थोड़ा पानी, नमक, जीरा और सूजी डालकर पकाएं. जब सूजी सारा पानी सोख ले और आटे की तरह बन जाए, तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर इसमें चाट मसाला मिलाएं और लंबे-लंबे रोल्स बना लें. इन रोल्स को सफेद तिल पर लपेटें ताकि तिल बाहर चिपक जाएं, और फिर तेल में शैलो फ्राई करें.
ये भी पढ़ें: रोज-रोज एक जैसा टिफिन देखकर बच्चे भी बनाने लगते हैं मुंह? सिर्फ 10 मिनट में तैयार करें ये 5 नई रेसिपीज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सौरभ पोद्दार
सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन टॉपिक्स पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की हिंदी में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और SEO-फ्रेंडली होते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










