ePaper

गांव की सरकार : गढ़वा में महिला आरक्षित सीट पर अधिक प्रत्याशी, पुरुष सीटों पर होगी कम मारामारी

Updated at : 25 Apr 2022 8:46 PM (IST)
विज्ञापन
गांव की सरकार : गढ़वा में महिला आरक्षित सीट पर अधिक प्रत्याशी, पुरुष सीटों पर होगी कम मारामारी

गढ़वा जिले में पहले चरण में रंका अनुमंडल क्षेत्र के पांच प्रखंड चिनियां, रंका, रमकंडा, भंडरिया और बड़गड़ प्रखंड में चुनाव हो रहे हैं. इसको लेकर करीब 1600 प्रत्याशियों ने नॉमिनेशन किया है. इसमें पुरुष प्रत्याशी की तुलना में महिला प्रत्याशियों की संख्या अधिक है.

विज्ञापन

Jharkhand Panchayat Chunav 20222: गढ़वा जिले में मतदाताओं के जेंडर रेसियो में भले ही काफी अंतर है, लेकिन नामांकन करने में महिलाएं पुरुषों से काफी आगे निकल चुकी है. मतदाताओं के जेंडर रेसियो के हिसाब से महिलाएं पुरुषों से प्रति एक हजार पर करीब 900 है, लेकिन त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया खत्म होने के बाद महिला प्रत्याशियों पर नजर डालें, तो यह पुरुषों से दोगुनी है. नामांकन करनेवाले कुल 1593 प्रत्याशियों में से पुरुषों की संख्या मात्र 551 है, जबकि नामांकन करनेवाली महिला प्रत्याशियों की संख्या इससे करीब दोगुनी 1042 है. इस अनुपात में महिलाओं को त्रि-स्तरीय चुनाव में आरक्षण हासिल नहीं है.

पहले चरण में 568 सीटों पर होना है चुनाव

पंचायत चुनाव के पहले चरण में जिप सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं वार्ड सदस्य को मिलाकर कुल 568 सीटों के लिए चुनाव होने हैं. इसमें से 331 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित है. इसमें वार्ड के लिए 476 सीटों पर चुनाव होने हैं. इसमें से 272 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है, लेकिन वार्ड सदस्य के लिए 663 महिलाएं एवं 328 पुरुषों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है.

मुखिया और पंचायत समिति सदस्य के सीटों की स्थिति

इसी तरह, मुखिया के कुल 38 पदों में से 21 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित है. इसके खिलाफ 225 महिला एवं 133 पुरुषों समेत कुल 358 लोगों ने नामांकन दाखिल किया है. वहीं, पंचायत समिति सदस्य के लिए 48 सीटों में से 34 सीट महिलाओं के लिए आरक्षित है. इसके विरुद्ध 124 महिलाएं एवं 73 पुरुषों ने नामांकन दाखिल किया है.

Also Read: तीसरे चरण के चुनाव में करीब 57 फीसदी सीट महिलाओं के लिए आरक्षित, 15 हजार से अधिक सीटों पर होगा मुकाबला

आपस में भिड़ेंगी महिला प्रत्याशी

इसी तरह से जिला परिषद सदस्य पद के कुल छह सीटों में से चार महिलाओं के लिए आरक्षित है. इसमें से 30 महिला तथा 17 पुरुषों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है. इस हिसाब से महिलाओं के आरक्षित सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा है. वहां चुनावी मोरचे को जीतने के लिए ज्यादा महिला प्रत्याशी आपस में प्रतिद्वंदिता करती हुई दिखेंगी. यहां यह भी जानकारी देना जरूरी है कि आरक्षित सीट के अलावे अन्य कैटेगरी की सीट पर भी महिला प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है.

प्रथम चरण में यहां हो रहे हैं चुनाव

मालूम हो कि शनिवार (23 अप्रैल, 2022) को प्रथम चरण के नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया समाप्त हो गयी है़ अब सोमवार (25 अप्रैल, 2022) और मंगलवार (26 अप्रैल, 2022) को नामांकन पत्रों की जांच, उसके बाद नाम वापसी तथा चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया संपन्न करायी जाएगी. गढ़वा जिले में पहले चरण में रंका अनुमंडल क्षेत्र के पांच प्रखंड चिनियां, रंका, रमकंडा, भंडरिया और बड़गड़ प्रखंड में चुनाव हो रहे हैं.

रिपोर्ट : पीयूष तिवारी, गढ़वा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola