ePaper

कीवी से आधुनिक लाइफस्टाइल की समस्याओं को दूर करने में मिलती है मदद, जानें इंटरेस्टिंग फैक्ट्स

Updated at : 01 Dec 2022 12:43 PM (IST)
विज्ञापन
कीवी से आधुनिक लाइफस्टाइल की समस्याओं को दूर करने में मिलती है मदद, जानें इंटरेस्टिंग फैक्ट्स

Kiwi Fruit Benefits: इतिहासकारों के अनुसार कीवी फल 1900 की शुरुआत में यूनाइटेड किंगडम में आया था. अमरीकियों ने इसका नाम चाइनीज गूजबेरी इसलिए रखा क्योंकि उन्हें लगा कि यह चीनी फल है, लेकिन न्यूजीलैंड ने व्यावसायिक रणनीति का इस्तेमाल करते हुए इसका नाम अपने राष्ट्रीय पक्षी कीवी के नाम पर रख दिया

विज्ञापन

Kiwi Fruit Benefits: कीवी खाना लगभग सभी को पसंद होता है. इसका हल्का खट्टा और हल्का मीठा स्वाद बेहतरीन होता है. यह फल विटामिन और मिनरल्स से भरपूर है जो इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद करता है. इसे हार्ट हेल्थ के लिए भी अच्छा माना जाता है. आपको बता दें कि इस फल की पृष्ठभूमि भी दिलचस्प है. जब पहली बार यह फल भारतीय बाजार में आया तो लोगों ने इसे विदेशी चीकू समझा, लेकिन अंदर से इसका रंग और स्वाद देखकर लोग हैरान भी हुए और खुश भी.

इन देशों में होता है कीवी का उत्पादन

आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार कीवी एक चीनी फल है जिसकी खेती 12वीं सदी में शुरू हुई थी. यह पहले जंगलों में पाया जाता था. इसे चीनियों द्वारा “यांग तोआ” नाम दिया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे सबसे पहले चीन के बाहर न्यूजीलैंड और कैलिफोर्निया में उगाया गया था. इतिहासकारों के अनुसार यह केवल 1900 की शुरुआत में यूनाइटेड किंगडम में आया था. अमरीकियों ने इसका नाम चाइनीज गूजबेरी इसलिए रखा क्योंकि उन्हें लगा कि यह चीनी फल है, लेकिन न्यूजीलैंड ने व्यावसायिक रणनीति का इस्तेमाल करते हुए इसका नाम अपने राष्ट्रीय पक्षी कीवी के नाम पर रख दिया और यह पूरी दुनिया में इसी नाम से जाना जाने लगा. दुनिया के शीर्ष कीवी उत्पादक देशों में चीन, इटली, न्यूजीलैंड, चिली, ग्रीस और फ्रांस शामिल हैं.

1963 में शिमला में शुरू हुई थी कीवी की खेती

कीवी भारत में वैसे तो करीब 60 साल पहले आया था, लेकिन लोगों ने हाल ही में इसके फायदों और स्वाद के बारे में दिलचस्पी लेनी शुरू की. इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (आईसीएआर) के नेशनल ब्यूरो ऑफ प्लांट जेनेटिक रिसोर्सेज के मुताबिक इसकी खेती 1963 में शिमला में शुरू हुई थी. कुछ वर्षों तक इसे बहुत छोटे पैमाने पर उगाया गया क्योंकि वैज्ञानिकों को यकीन नहीं था कि लोग इसे पसंद करेंगे. इसकी खेती बाद में हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय जैसे अन्य राज्यों और नीलगिरी पहाड़ियों जैसे ठंडे क्षेत्रों में शुरू की गई थी. अब इसकी लोकप्रियता काफी बढ़ चुकी है.

कीवी में होते हैं ये विटामिन और मिनरल्स

खट्टे-मीठे दानेदार कीवी फल की गुणवत्ता का कोई मुकाबला नहीं है. एक सामान्य वजन की कीवी में 42 कैलोरी, 215 मिलीग्राम पोटेशियम, 1 ग्राम फाइबर, 0.8 ग्राम प्रोटीन, 23 मिलीग्राम कैल्शियम, 64 मिलीग्राम विटामिन सी, 2 ग्राम चीनी, 1 मिलीग्राम विटामिन ई, 8 माइक्रोग्राम विटामिन के, 7 मिलीग्राम मैग्नीशियम और अन्य पोषक तत्व होते हैं.

कीवी से आधुनिक लाइफस्टाइल की समस्याओं को दूर करने में मिलती है मदद

डायटिशियन मनीष घई के अनुसार कीवी मॉर्डन लाइफस्टाइल वाला फल है जिसमें ऐसे गुण हैं जो आज की शारीरिक समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं. इसमें सोडियम और पोटेशियम होता है, जो हृदय रोग को रोकने में मदद कर सकता है. इसमें पॉलीफेनोल एंटीऑक्सीडेंट होता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. कीवी को लो ब्लड प्रेशर वालों के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.

Also Read: हाथ की उंगलियों की लंबाई से जानिए अपनी पर्सनालिटी के राज, लक्षण और स्वभाव
वजन घटाने में भी सहायक

कीवी का सेवन वजन घटाने के लिए भी फायदेमंद है क्योंकि इसमें कम कैलोरी और कम वसा होती है. इसमें मौजूद मिनरल्स शरीर में लगातार बनने वाले टॉक्सिन्स को भी बाहर निकालने में मदद करते हैं. इसमें ऐसे तत्व पाए जाते हैं जो आंखों की रोशनी को स्वस्थ और त्वचा को चमकदार बनाए रखने में मदद करते हैं. इसके मिनरल्स शरीर के एसिड बैलेंस को नियंत्रण में रखने में भी मदद करते हैं. कीवी में बहुत कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स होता है, जो ब्लड शुगर लेवल को तेजी से बढ़ने से रोकता है. कीवी में इनोसिटोल भी होता है. यह एक प्रकार का एंजाइम है जो ब्लड शुगर के लेवल को ठीक रखने में सहायक है. इसमें विटामिन के और कैल्शियम होता है, जो हड्डियों को मजबूत रखने में मदद करता है. सामान्य तौर पर कीवी खाने से कोई नुकसान नहीं होता है, लेकिन अगर अधिक मात्रा में खाया जाए तो यह गले की परेशानियों का कारण बन सकता है और पेट खराब कर सकता है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola