गीता बालमुचू बनीं ओएमडीसी की स्वतंत्र निदेशक

गीता बालमुचू | Prabhat Khabar Network
पश्चिमी सिंहभूम की वरिष्ठ आदिवासी महिला नेत्री गीता बालमुचू को ओएमडीसी में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है. इस नियुक्ति को आदिवासी समाज के लिए गर्व का क्षण बताया जा रहा है. यह पद खनन क्षेत्र में पारदर्शिता और जनहित को बढ़ावा देगा.
संवाददाता, चाईबासा
पश्चिमी सिंहभूम भाजपा की जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ आदिवासी महिला नेत्री गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओएमडीसी) में स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है. उनकी इस नियुक्ति पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया है. साथ ही गीता बालमुचू को बधाई दी है. पार्टी नेताओं ने कहा कि यह नियुक्ति सिर्फ गीता बालमुचू का सम्मान नहीं है, बल्कि झारखंड, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और पूरे आदिवासी समाज के लिए गर्व की बात है.
नगर परिषद अध्यक्ष से ओएमडीसी के बोर्ड तक का सफर
गीता बालमुचू लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़ी हुई हैं और पार्टी की विचारधारा के प्रति समर्पित रही हैं. उन्होंने चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष के रूप में पांच साल तक काम किया. इस दौरान उन्होंने शहर के विकास और जनहित से जुड़े कई कार्य किए. वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें चाईबासा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था. इसके अलावा उन्होंने पार्टी में कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी निभाईं.
खनन क्षेत्र और आदिवासी हितों को मिलेगी मजबूती
ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओएमडीसी) देश की प्रमुख खनन कंपनियों में शामिल है. स्वतंत्र निदेशक के रूप में गीता बालमुचू कंपनी के नीतिगत फैसलों में भूमिका निभाएंगी. इसके साथ ही खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण, जनहित और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में योगदान देंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










