विक्की कौशल से आमिर खान तक, इन एक्टर्स ने पर्दे पर निभाए देश के वीरों के किरदार
अजय देवगन और विक्की कौशल, फोटो - इंस्टाग्राम
15 अगस्त के मौके पर याद कीजिए उन बॉलीवुड सितारों को, जिन्होंने पर्दे पर देश के वीरों का किरदार निभाकर लोगों के दिलों में देशभक्ति का जज्बा जगाया. विक्की कौशल से अजय देवगन और सिद्धार्थ मल्होत्रा से आमिर खान तक, इन एक्टर्स की दमदार एक्टिंग ने शहीदों और जवानों की कहानियों को यादगार बना दिया.
बॉलीवुड में देशभक्ति पर बनी फिल्मों को दर्शकों ने हमेशा पसंद किया है. जब कोई अभिनेता देश के लिए लड़ने वाले वीरों का किरदार पर्दे पर निभाता है, तो कहानी और भी खास बन जाती है. 15 अगस्त के मौके पर आईये जानते हैं उन बॉलीवुड सितारों के बारे में, जिन्होंने देश के वीरों का किरदार निभाकर उन्हें पर्दे पर यादगार बना दिया.
विक्की कौशल: 'सरदार उधम' की खामोश चीख
फिल्म ‘सरदार उधम’ में विक्की कौशल ने क्रांतिकारी शहीद उधम सिंह का किरदार निभाया था. फिल्म में जलियांवाला बाग हत्याकांड के दृश्य को बेहद भावुक और गंभीर तरीके से दिखाया गया है. इस सीन में विक्की कौशल ने बिना ज्यादा डायलॉग बोले सिर्फ अपनी आंखों और चेहरे के एक्सप्रेशन से उस दर्द को बयां किया, जो मासूम लोगों के मारे जाने के बाद उधम सिंह के अंदर पैदा हुआ था. उनके चेहरे पर सदमा, अपनों को खोने का दर्द और अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बढ़ता गुस्सा साफ नजर आते हैं. खास बात यह रही कि विक्की ने सिर्फ एक क्रांतिकारी का गुस्सा नहीं, बल्कि उस घटना से टूटे एक इंसान की पीड़ा भी पर्दे पर उतारी. यही वजह है कि जलियांवाला बाग वाला यह सीन दर्शकों के लिए बेहद भावुक बन गया और विक्की की एक्टिंग ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए.
View on Instagram
अजय देवगन: अमर शहीद 'भगत सिंह'
शहीद भगत सिंह का नाम आते ही अजय देवगन का चेहरा जेहन में आ जाता है. फिल्म ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ में उन्होंने क्रांतिकारी भगत सिंह के किरदार को इतनी शिद्दत से निभाया कि वह आज भी दर्शकों के दिलों में बसा है. खासकर फांसी से पहले का वह सीन, जब भगत सिंह बिना किसी डर के मुस्कुराते हुए मौत को गले लगाने के लिए आगे बढ़ते हैं, बेहद भावुक कर देने वाला था. अजय देवगन ने उस पल में भगत सिंह के चेहरे पर देश के लिए गर्व, आंखों में आजादी का सपना और मौत से जरा भी न डरने वाला जज्बा बखूबी दिखाया. उनकी एक्टिंग ने इस ऐतिहासिक पल को इतना असरदार बना दिया कि पर्दे पर भगत सिंह की शहादत देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं.
View on Instagram
आमिर खान: 'मंगल पांडे' का गूंजता विद्रोह
फिल्म ‘मंगल पांडे: द राइजिंग’ में आमिर खान ने 1857 की क्रांति के नायक मंगल पांडे का किरदार निभाया था. इस रोल में उनका अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया. फिल्म में आमिर ने अंग्रेजों के खिलाफ आवाज उठाने वाले मंगल पांडे के गुस्से और हिम्मत को अच्छे से दिखाया. उनका लुक, बोलने का तरीका और बॉडी लैंग्वेज भी किरदार के हिसाब से पूरी तरह बदले हुई नजर आए. खासकर जब उनका किरदार अंग्रेजों के सामने बिना डरे खड़ा होता है, तो उनका जोश और देश के लिए लड़ने का जज्बा साफ दिखाई देता है. आमिर की एक्टिंग ने मंगल पांडे की कहानी को पर्दे पर एक मजबूत अंदाज में पेश किया, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया.
View on Instagram
सिद्धार्थ मल्होत्रा: 'कैप्टन विक्रम बत्रा' का अमर जज्बा
फिल्म ‘शेरशाह’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने कैप्टन विक्रम बत्रा का किरदार निभाया था. इस फिल्म के बाद वह लोगों के बीच काफी पसंद किए गए. कारगिल युद्ध में देश के लिए अपनी जान देने वाले विक्रम बत्रा की कहानी ने हर किसी को भावुक कर दिया था. सिद्धार्थ ने उनके साहस और देश के लिए प्यार को पर्दे पर बहुत अच्छे से दिखाया. खासकर वह सीन, जब विक्रम बत्रा आखिरी समय तक दुश्मनों से लड़ते हैं और देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर देते हैं, बहुत भावुक करने वाला था. उनकी एक्टिंग में एक सैनिक का हौसला और देश के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज्बा साफ दिखाई देता है. यही वजह है कि ‘शेरशाह’ में उनका किरदार आज भी लोगों को याद है.
ये भी पढ़ें: Independence Day Special: आर्मी से एयरफोर्स तक, वर्दी पहनकर छा गए ये बॉलीवुड सितारे
ये भी पढ़ें: बंटवारा 1947 हिट हुई या सुपरहिट... फिल्म क्रिटिक्स ने दिए इतने स्टार्स, रिव्यू पढ़कर बनाए वीकेंड में देखने का प्लान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









