Friday OTT Releases: बोरिंग वीकेंड को बोलिए बाय-बाय, OTT पर एक साथ आ रही हैं ये नई फिल्में-सीरीज
auto_awesome Translate from: Indonesian 93 फ्राइडे ओटीटी रिलीज 11 सितंबर, फोटो- इंस्टाग्राम
इस वीकेंड घर बैठे कुछ नया देखने का मूड है तो ओटीटी पर ऑप्शन की कमी नहीं है. 11 सितंबर को अरशद वारसी की ‘घमासान’ से लेकर रोहित सराफ की ‘द रिवोल्यूशनरीज’ तक कई फिल्में और सीरीज रिलीज हो रही हैं. देखें इस हफ्ते क्या-क्या है खास.
Friday OTT Releases (September 11, 2026): अगर इस वीकेंड घर से निकलने का मन नहीं है और कुछ नया देखने का प्लान है, तो 11 सितंबर की तारीख नोट कर लीजिए. इस शुक्रवार ओटीटी पर एक से बढ़कर एक फिल्में और सीरीज आ रही हैं. कहीं अरशद वारसी खतरनाक डकैत बनकर सामने आएंगे, तो कहीं रोहित सराफ आजादी की लड़ाई लड़ते दिखेंगे. कॉमेडी से लेकर क्राइम और इतिहास तक, इस बार हर तरह का कंटेंट मिलने वाला है. तो इस शुक्रवार क्या-क्या देख सकते हैं, आइए बताते हैं.
घमासान - जी5
‘घमासान’ की कहानी बुंदेलखंड की पृष्ठभूमि पर है. इसमें अरशद वारसी एक खतरनाक डकैत महाराज के किरदार में हैं. वहीं प्रतीक गांधी एसटीएफ अफसर आदित्य बने हैं, जिन्हें महाराज को पकड़ने की जिम्मेदारी दी जाती है.
आदित्य जब महाराज के इलाके में पहुंचता है, तो मामला सिर्फ पुलिस और डकैत के बीच की लड़ाई नहीं रहता. धीरे-धीरे राजनीति, भ्रष्टाचार और सत्ता की लड़ाई भी सामने आने लगती है. यानी जिस मिशन की शुरुआत एक डकैत को पकड़ने से होती है, वह आगे जाकर काफी उलझ जाता है.
प्रिंस ऑफ मोलिवुड - जियोहॉटस्टार
‘प्रिंस ऑफ मोलिवुड’ एक मलयालम कॉमेडी-ड्रामा है. इसकी कहानी फिरोज नाम के एक लड़के की है, जिसका सपना फिल्म इंडस्ट्री में अपना नाम बनाना है.
लेकिन उसके पिता को बेटे का फिल्मों में जाने का फैसला बिल्कुल पसंद नहीं है. खास बात यह है कि फिरोज के पिता काफी अमीर हैं. अब फिरोज अपने पिता की बात मानता है या अपने सपने को चुनता है, कहानी इसी के आसपास आगे बढ़ती है.
द रिवोल्यूशनरीज - प्राइम वीडियो
आजादी की लड़ाई और क्रांतिकारियों की कहानी पसंद है, तो ‘द रिवोल्यूशनरीज’ आपके लिए सही ऑप्शन हो सकती है. यह सीरीज सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और चार युवा क्रांतिकारियों की कहानी दिखाती है.
सीरीज में भुवन बाम- रास बिहारी बोस, प्रतिभा रांटा- प्रतिभा लाहिड़ी, रोहित सराफ- सचिंद्र नाथ सान्याल और गुरफतेह पीरजादा- बाघा जतिन के किरदार में नजर आएंगे. ये चारों अंग्रेजों के खिलाफ लड़ने के लिए शांतिपूर्ण तरीकों की जगह हथियार उठाने का रास्ता चुनते हैं. कहानी में बंगाल और पंजाब में उनके संघर्ष को दिखाया जाएगा.
गो टीम! - नेटफ्लिक्स
‘गो टीम!’ एक स्पैनिश डार्क कॉमेडी है. इसकी कहानी एक ऐसी चीज कंपनी के कर्मचारियों की है, जिसकी हालत पहले से ही खराब है. कंपनी के कर्मचारी एक टीम-बिल्डिंग ट्रिप के लिए एक दूर गांव में जाते हैं.
लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चलता है कि कंपनी में बड़े स्तर पर लोगों की नौकरी जाने वाली है. इसके बाद माहौल बदल जाता है. जिस ट्रिप में सभी को आराम और मस्ती करनी थी, वही आपसी लड़ाई, ऑफिस की राजनीति और खुद को बचाने की कोशिश में बदल जाती है.
स्टोलन हार्टबीट्स - नेटफ्लिक्स
‘स्टोलन हार्टबीट्स’ की कहानी अनाबेल नाम की लड़की की है. एक खतरनाक हमले के बाद अनाबेल कोमा में चली जाती है और उसकी हालत काफी गंभीर हो जाती है.
इसके बाद राफेल उसकी मदद करने की कोशिश करता है. राफेल एक नर्स है, लेकिन उसके पास एक खास ताकत है. वह मर चुके लोगों की आवाज सुन सकता है और उनसे बात कर सकता है. इसी ताकत की मदद से वह अनाबेल के साथ हुए हमले की सच्चाई पता करने की कोशिश करता है. इस दौरान उसे कई ऐसे राज पता चलते हैं, जो पूरी कहानी को बदल देते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए