धुरंधर 2 को बताया ‘पाकिस्तानी फिल्म’, सपा विधायक ने मूवी पर लगाया गंभीर आरोप
अबु असीम आजमी ने धुरंधर 2 को लेकर दी प्रतिक्रिया
Dhurandhar 2: धुरंधर: द रिवेंज को लेकर सियासी विवाद शुरू हो गया है. सपा विधायक अबू आजमी ने फिल्म को ‘पाकिस्तानी’ बताते हुए उस पर नफरत फैलाने और मुसलमानों की छवि खराब करने का आरोप लगाया है. जानिए सपा नेता ने क्या कहा है?
Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर भले ही शानदार कमाई कर रही हो, लेकिन अब फिल्म को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है. रिलीज के कुछ ही दिनों बाद यह फिल्म राजनीतिक विवादों में घिरती नजर आ रही है. समाजवादी पार्टी के विधायक अबु असीम आजमी ने फिल्म पर कड़ी आपत्ति जताई है. उन्होंने इसे “पाकिस्तानी फिल्म” जैसा बताते हुए सवाल उठाया कि आखिर ऐसी फिल्मों को भारतीय दर्शकों को क्यों दिखाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में कुछ किरदारों और ऐतिहासिक संदर्भों को इस तरह पेश किया गया है, जिससे एक खास सोच को बढ़ावा मिलता है.
मेकर्स पर ‘नफरत फैलाने’ का आरोप
अबु असीम आजमी ने फिल्म को “झूठी कहानी” बताते हुए कहा कि इसे नफरत फैलाने के मकसद से बनाया गया है. उनका कहना है कि अगर कहानी पाकिस्तान से जुड़ी है, तो इसे वहीं दिखाया जाना चाहिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म में मुसलमानों की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है और सिर्फ कुछ अपराधियों पर फोकस किया गया है, जबकि अन्य बड़े अपराधों को नजरअंदाज किया गया है.
विवाद की जड़ क्या है?
बता दें, धुरंधर 2 एक स्पाई थ्रिलर है, जिसका डायरेक्शन आदित्य धर ने किया है. फिल्म में रणवीर सिंह जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा के रोल में नजर आ रहे हैं. कहानी कराची के अंडरवर्ल्ड और आतंकी नेटवर्क के इर्द-गिर्द घूमती है. विवाद खास तौर पर फिल्म में दिखाए गए ‘बड़े साहब’ (दाऊद इब्राहिम से प्रेरित किरदार) और कुछ ऐतिहासिक संदर्भों को लेकर बढ़ा है. हाल ही में अबु असीम आजमी ने औरंगजेब को लेकर दिए बयान की वजह से भी विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद उनके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज हुई थी. अब ‘धुरंधर 2’ को लेकर दिया गया उनका बयान एक नई बहस को जन्म दे रहा है.
यह भी पढे़ं: धुरंधर 2: हमजा के साथ परछाई की तरह रहने वाला रिजवान कौन है? रणवीर के साथ पुराना कनेक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










