मासूमियत और कल्पना शक्ति: सोनी सब के बाल कलाकारों ने बताया क्यों बाल दिवस है उनके लिए खास

Updated:
विज्ञापन

Childrens Day

Childrens Day: सोनी सब के प्रतिभाशाली बाल कलाकार ने बताया कि वो बाल दिवस का दिन कैसे मनाते हैं और अपने साथियों व प्रशंसकों के लिए क्या संदेश देना चाहते हैं. सुभान खान, एकांश कठोरिया, आयशा विंधारा, परी भट्टी और रोशन वालकरज ने बताया कि बाल दिवस कैसे उनके लिए खास है.

विज्ञापन

Childrens Day: बाल दिवस बच्चों की उत्साही भावना, जिज्ञासा और उस अनंत ऊर्जा का उत्सव है जो हमारे आने वाले कल को आकार देती है. यह वो दिन है जब हंसी वातावरण में गूंजती है, मासूमियत हर मुस्कान में चमकती है, और हर पल नए सपनों और खोजों की उम्मीद लेकर आता है. इस वर्ष, सोनी सब के प्रतिभाशाली बाल कलाकार — सुभान खान, एकांश कठोरिया, आयशा विंधारा, परी भट्टी और रोशन वालकरज बता रहे हैं कि वे यह दिन कैसे मनाते हैं और अपने साथियों व प्रशंसकों के लिए क्या संदेश देना चाहते हैं.

विज्ञापन

गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में कार्तिकेय का किरदार निभा रहे सुभान खान कहते हैं, “बाल दिवस मुझे यह याद दिलाता है कि हर बच्चे में कुछ खास होता है- चाहे वह खेल हो, पढ़ाई हो या दोस्त बनाना. इस साल मैं अपने दोस्तों से कहना चाहता हूं: नई चीज़ों को आज़माने से कभी मत डरना! जब मैं भगवान कार्तिकेय की भूमिका के लिए कलारिपयट्टू सीख रहा था, तो ट्रेनिंग बहुत कठिन थी, लेकिन हर चुनौती ने मुझे और मजबूत और केंद्रित बनाया. इस किरदार ने मुझे सिखाया कि असली ताकत अनुशासन और दयालुता में है.”

गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय में भगवान गणेश की भूमिका निभा रहे एकांश कठोरिया बताते हैं, “बाल दिवस मेरा पसंदीदा दिन है क्योंकि यह मुझे याद दिलाता है कि बच्चा होना कितना मजेदार है! मुझे खेलना, दोस्तों के साथ हँसना और बिना किसी चिंता के खुश रहना बहुत अच्छा लगता है. हर साल मैं इस दिन का इंतज़ार करता हूँ क्योंकि स्कूल में हमें बहुत सारी चॉकलेट्स और ट्रीट्स मिलती हैं. मैं अपने दोस्तों से हमेशा कहता हूँ — हर पल का आनंद लो, नई चीज़ें सीखो और खुद पर भरोसा रखो- यही बच्चा होने की सबसे बड़ी खूबसूरती है!”

इत्ती सी खुशी में चिड़िया का किरदार निभा रहीं आयशा विंधारा कहती हैं, “बाल दिवस पर मेरी यही इच्छा है कि हर बच्चा खुश रहे- चाहे वह स्कूल में हो, घर पर हो या सेट पर. मैं हमेशा अपने भाई-बहनों की मदद करने और दोस्तों का मन खुश करने की कोशिश करती हूं. हर बच्चे को यह महसूस होना चाहिए कि उसकी छोटी-छोटी बातों की भी कद्र होती है. ‘चिड़िया’ का किरदार निभाते हुए मुझे एहसास हुआ कि परिवार और दोस्त जीवन के सबसे ज़रूरी हिस्से हैं.”

पुष्पा इम्पॉसिबल में स्वरा की भूमिका निभा रहीं परी भट्टी कहती हैं, “मेरे लिए बाल दिवस सिर्फ़ जश्न मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह याद करने का भी दिन है कि सपने देखना कितना जरूरी है. मैंने हाल ही में स्वरा का किरदार निभाना शुरू किया है, और इसने मुझे सिखाया कि हर बच्चा चुनौतियों का सामना करता है, लेकिन जब हम खुद पर विश्वास करते हैं, तो कुछ भी असंभव नहीं होता. मैं अपने सभी दोस्तों से कहना चाहती हूँ कि एक-दूसरे का साथ दें और मुस्कुराने की वजह हमेशा ढूंढें- चाहे परिस्थिति कैसी भी हो.”

पुष्पा इम्पॉसिबल में रोशन की भूमिका निभा रहे रोशन वालकर साझा करते हैं, “मैंने स्कूल में पढ़ा है कि हमारे पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू जी बच्चों को देश का भविष्य मानते थे और इसी कारण बाल दिवस मनाया जाता है. जब भी मैं यह सोचता हूँ, मुझे गर्व और खुशी महसूस होती है. मैं हमेशा कुछ नया सीखने की कोशिश करता हूँ और मुझे अभिनय बहुत पसंद है. यह दिन मुझे याद दिलाता है कि जिज्ञासु रहना और दुनिया के प्रति उत्साह बनाए रखना कितना जरूरी है. मेरी यही कामना है कि हर बच्चा इस दिन और हर दिन खुद को खास और प्यारा महसूस करे.” देखते रहिए गाथा शिव परिवार की गणेश कार्तिकेय, इत्ती सी खुशी और पुष्पा इम्पॉसिबल हर सोमवार से शनिवार, सिर्फ़ सोनी सब पर!

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola