नयनतारा की फिल्म 'अन्नपूर्णी' को लेकर क्यों हो रहा है विवाद, कई जगहों पर हुई FIR... मेकर्स को मांगनी पड़ी माफी
Published by : Ashish Lata Updated At : 13 Jan 2024 7:06 AM
तमिल फिल्म अन्नपूर्णी को लेकर एक ताजा विवाद सोशल मीडिया पर जोर पकड़ रहा है. लोगों का एक वर्ग नयनतारा की फिल्म के कुछ सीन्स से नाराज है. उनका मानना है कि मूवी हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है. जिसके बाद जी स्टूडियोज ने इसे नेटफ्लिक्स से हटाने का फैसला किया.
‘हिंदू भावनाओं’ को ठेस पहुंचाने वाली फिल्म के खिलाफ आवाजें तेज होने के बाद नेटफ्लिक्स ने नयनतारा की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ को हटा दिया है. फिल्म के खिलाफ हिंदू आईटी सेल के संस्थापक रमेश सोलंकी ने एफआईआर दर्ज कराई थी. विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के प्रवक्ता श्रीराज नायर ने नेटफ्लिक्स को फिल्म हटाने की चेतावनी दी थी. नीलेश कृष्णा द्वारा निर्देशित, ‘अन्नपूर्णी’ 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और 29 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग शुरू हुई. एक हफ्ते के भीतर, कई संगठनों ने फिल्म के कंटेंट पर आपत्ति जताई थी. नवोदित निर्देशक नीलेश कृष्णा की फिल्म में नयनतारा, जय, सत्यराज, केएस रविकुमार, अच्युत कुमार, रेणुका और सचू प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
नयनतारा के खिलाफ एफआईआर दर्ज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने अभिनेत्री नयनतारा सहित आठ लोगों के खिलाफ इस आरोप के चलते मामला दर्ज किया है. उनका कहना है कि हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ के कुछ सीन्स को लेकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. मीरा-भयंदर के निवासी 48 वर्षीय शिकायतकर्ता ने नया नगर पुलिस थाने में अपनी शिकायत में कहा कि फिल्म ‘लव जिहाद’ को भी बढ़ावा देती है. फिल्म को नेटफ्लिक्स से हटा दिया गया है.
OTT प्लेटफॉर्म #Netflix से #Annapoorani फिल्म को हटा दिया गया है।
मशहूर अभिनेत्री #Nayantara इस फिल्म की मुख्य भूमिका में हैं।
लव जिहाद को बढ़ावा देने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में इस फिल्म के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।
इस मामले में #ZeeStudios ने विश्व… pic.twitter.com/0pnAFsmMu4
— Ankit Kumar Avasthi (@kaankit) January 11, 2024
क्यों हो रहा है अन्नपूर्णी फिल्म का विरोध
नया नगर पुलिस थान के प्रभारी (एसएचओ) ने कहा कि अभिनेत्री एवं निर्माता नयनतारा सहित आठ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 295-ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य) और 505 (2) (पूजा स्थल पर किया गया अपराध) 34 (साझा मंशा) (दोनों को मिला कर पढ़ा जाए) के तहत मामला दर्ज किया गया. मुंबई पुलिस ने कहा कि दो दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नयनतारा और फिल्म से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज की थीं, जिनमें आरोप लगाया गया कि इसमें कुछ सीन्स हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं.
कई थाने में अन्नपूर्णी फिल्म के खिलाफ दर्ज हुई है एफआईआर
एक अधिकारी ने बताया “बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा दो दिन पहले पश्चिमी उपनगर के ओशिवारा पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी और इस संबंध में जांच चल रही है.” एक अधिकारी ने बताया कि दूसरी शिकायत हिंदू आईटी सेल के संस्थापक रमेश सोलंकी द्वारा दक्षिण मुंबई के लोकमान्य तिलक मार्ग पुलिस थाने में दर्ज कराई गई. सोलंकी ने आरोप लगाया है कि फिल्म में भगवान राम की गरिमा को कमतर किया गया है और इसे जानबूझकर हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए रिलीज किया गया है.
नयनतारा को सपोर्ट कर रहे हैं ये स्टार्स
अन्नपूर्णी फिल्म को नेटफ्लिक्स से हटाने का फैसला फिल्म जगत में कई लोगों को पसंद नहीं आया है, जिन्होंने कुछ संगठनों के दबाव में झुकने के लिए प्रसारणकर्ता की आलोचना की है. अभिनेत्री पार्वती थिरूवतु ने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, ‘‘एक खतरनाक उदाहरण स्थापित किया जा रहा है.’’ अभिनेता सिद्धार्थ ने नेटफ्लिक्स से फिल्म को हटाये जाने की आलोचना की. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘कट्टरता जीत गई, रचनात्मकता हार गई. बहुसंख्यकवादी धौंस के आगे झुकने के लिए नेटफ्लिक्स-इंडिया को शर्म आनी चाहिए.’’ निर्माता ओनीर ने फिल्म के खिलाफ मामला दर्ज करने के लिए पुलिस की आलोचना करते हुए एक्स पर किये पोस्ट में कहा, ‘‘हम कहां जा रहे हैं…कोई मतलब नहीं बनता… क्या शर्मनाक स्थिति है.’’
क्या है फिल्म की कहानी
फिल्म अन्नपूर्णी (नयनतारा द्वारा अभिनीत) की कहानी तमिलनाडु के श्रीरंगम के एक रूढ़िवादी ब्राह्मण परिवार से है. उसका लक्ष्य भारत में एक शीर्ष शेफ बनना है. हालांकि, उसे बाधाओं का सामना करना पड़ता है क्योंकि वह अपने जुनून और रूढ़िवादी आदर्शों के बीच फंसी हुई है. सहपाठी फरहान (जय द्वारा अभिनीत) के समर्थन से, वह अपने आराम क्षेत्र से बाहर निकलती है और मांस खाना शुरू कर देती है. इससे उसे भोजन को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलती है, और अंततः वह खाना पकाने की प्रतियोगिता में भाग लेती है, जो उसे अपने सपने को हासिल करने में मदद कर सकती है. अपनी पूरी यात्रा के दौरान, उसे जाति और धार्मिक प्राथमिकताओं के कारण बाधाओं का सामना करना पड़ा. (भाषा इनपुट के साथ)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ashish Lata
आशीष लता डिजिटल मीडिया की अनुभवी पत्रकार हैं और वर्तमान में प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के साथ एंटरटेनमेंट हेड के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया इंडस्ट्री में करीब 7 साल का अनुभव रखने वाली आशीष ने एंटरटेनमेंट से लेकर देश-दुनिया और विभिन्न राज्यों की खबरों पर गहराई से काम किया है. बिहार, मध्यप्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों से जुड़ी खबरों के कंटेंट प्रोडक्शन में भी उनकी मजबूत पकड़ रही है. वह खबरों को आसान, रोचक और पाठकों की रुचि के अनुसार पेश करने के लिए जानी जाती हैं. एंटरटेनमेंट जर्नलिज्म में आशीष की खास दिलचस्पी सिनेमा और सितारों की दुनिया से जुड़ी खबरों में रही है. वह बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री की थ्रोबैक स्टोरीज, BTS अपडेट्स, सेलेब्रिटी गॉसिप, बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट, टीवी शोज, वेब सीरीज और स्टार इंटरव्यू जैसे विषयों पर लगातार लिखती रही हैं. इसके अलावा स्पेशल और प्रीमियम न्यूज कंटेंट तैयार करने में भी उनकी खास विशेषज्ञता मानी जाती है. उनकी राइटिंग स्टाइल में फैक्ट्स, एंटरटेनमेंट वैल्यू और रीडर्स फर्स्ट अप्रोच का अच्छा संतुलन देखने को मिलता है. आशीष लता ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्लस न्यूज से की थी. यहां उन्होंने बिहार में एंकर और रिपोर्टर के रूप में काम करते हुए कई महत्वपूर्ण ग्राउंड रिपोर्ट्स कीं. इस दौरान उन्होंने अशोक चौधरी और नगर निगम अध्यक्ष जैसे कई प्रमुख नेताओं के इंटरव्यू भी किए. शुरुआती दौर में रिपोर्टिंग और फील्ड जर्नलिज्म के अनुभव ने उनकी लेखन शैली और न्यूज प्रेजेंटेशन को और मजबूत बनाया. इसके बाद आशीष ने एबीपी न्यूज और ईटीवी भारत जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में रहते हुए उन्होंने न्यूज कवरेज, डिजिटल कंटेंट और एंटरटेनमेंट रिपोर्टिंग के कई अलग-अलग फॉर्मेट्स पर काम किया. लगातार बदलते डिजिटल मीडिया ट्रेंड्स को समझते हुए उन्होंने अपने कंटेंट को हमेशा ऑडियंस फ्रेंडली और SEO ऑप्टिमाइज्ड बनाए रखा. पटना में जन्मी आशीष लता की शुरुआती पढ़ाई पटना सेंट्रल स्कूल, सीबीएसी से हुई. इसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन की डिग्री हासिल की. आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास्टर्स ऑफ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया किया. उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और मीडिया अनुभव उन्हें हिंदी पत्रकारिता के उन मूल सिद्धांतों की मजबूत समझ प्रदान करते हैं, जो जर्नलिज्म के बेसिक प्रिंसिपल 5Ws+1H यानी पर आधारित न्यूज राइटिंग के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










