Success Story: बिहार के लाल ने बढ़ाया राज्य का मान, माइक्रोसॉफ्ट ने दिया 55 लाख का ऑफर

Success Story
Success Story: पटोरी के शिवोत्तम कुमार ने 21 वर्ष की उम्र में माइक्रोसॉफ्ट में जूनियर डेटा साइंटिस्ट पद पर 55 लाख के पैकेज के साथ चयन पाकर मिसाल कायम की है. IIT मद्रास से पढ़ाई कर रहे शिवोत्तम अब एआई में नये इनोवेशन की तैयारी में हैं.
Success Story: सपनों को पंख तब ही मिलते हैं जब मेहनत और लगन की उड़ान साथ हो. बिहार के पटोरी गांव के रहने वाले शिवोत्तम कुमार ने इसी विश्वास को साकार कर दिखाया है. महज 21 वर्ष की उम्र में शिवोत्तम ने दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट में जूनियर डेटा साइंटिस्ट के रूप में चयनित होकर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे बिहार का नाम रौशन किया है.
शिवोत्तम को कंपनी की ओर से 55 लाख रुपये सालाना पैकेज की पेशकश की गई है. वह वर्तमान में आईआईटी मद्रास द्वारा संचालित बीएस इन डेटा साइंस एंड एप्लिकेशन के चार वर्षीय ऑनलाइन कोर्स के अंतिम वर्ष के छात्र हैं. उनका चयन कैंपस सिलेक्शन के जरिए हुआ। अपने बैच में वे छठे स्थान पर हैं, जो उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का प्रमाण है.
ग्रामीण पृष्ठभूमि से तकनीकी शिखर तक का सफर
शिवोत्तम की प्रारंभिक पढ़ाई जीसस एंड मैरी एकेडमी, दरभंगा से हुई. इसके बाद उन्होंने 2020 में सीबीएसई से 10वीं और फिर बिहार बोर्ड से मधुबनी के जीतवारपुर +2 उच्च विद्यालय से 12वीं (आईएससी कृषि) की परीक्षा उत्तीर्ण की. कई चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आईआईटी मद्रास के प्रतिष्ठित ऑनलाइन कोर्स में दाखिला लिया. यहां उन्होंने तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपनी मेहनत से माइक्रोसॉफ्ट तक पहुंचने का सपना साकार किया.
परिवार की खुशी, गांव का गौरव
उनकी सफलता से पूरा परिवार गर्वित है. दादी चंद्रकांती देवी ने भावुक होकर कहा कि यह खुशी उनकी उम्र बढ़ा गई है. वहीं, बड़े भाई नरोत्तम कुमार, जो सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं, ने कहा कि अब उन पर भी जल्दी सफलता हासिल करने का दबाव है. शिवोत्तम का चयन हैदराबाद स्थित माइक्रोसॉफ्ट अझूरे डाटा एंड एआई टीम में हुआ है. उनका लक्ष्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नई क्रांति लाना है. सीमित संसाधनों के बावजूद शिवोत्तम ने यह सिद्ध कर दिया कि अगर हौसले बुलंद हों तो कोई भी मंजिल दूर नहीं.
यह भी पढ़ें: Success Story: पिता लगाते थे चाट-पकौड़े का ठेला, बेटी ने पहना IAS अधिकारी का बैज
यह भी पढ़ें: Success Story: IIM Ahmedabad से किया MBA, आज हैं 21,600 करोड़ की मालकिन
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pushpanjali
मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हूं. इस दौरान मैं फिल्म, टीवी और ओटीटी इंडस्ट्री से जुड़ी खबरों और ट्रेंड्स को कवर कर रही हूं. मेरा मुख्य फोकस ट्रेंडिंग अपडेट्स, फिल्म रिव्यू, और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर रहता है. मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि जटिल और तकनीकी खबरों को भी पाठकों के लिए सरल, रोचक और पठनीय अंदाज में प्रस्तुत किया जाए, ताकि वे न सिर्फ खबर को समझ सकें बल्कि उससे जुड़े भी महसूस करें.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




