पैसे के विवाद में 10वीं के छात्र के हाथ-पैर बांध सहपाठियों ने बेल्ट से पीटा, हालत गंभीर

Updated:
विज्ञापन
0-पैसे के विवाद में 10वीं के छात्र के हाथ-पैर बांध सहपाठियों ने बेल्ट से पीटा, गंभीर

निरसा के जवाहर नवोदय विद्यालय में 10वीं के छात्र को सहपाठियों ने बंधक बनाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा. छात्र की हालत गंभीर, जांच के लिए कमेटी गठित.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, निरसा

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बेनागड़िया (निरसा) में 10वीं के छात्र सुमित कुमार दास (16 वर्ष) को उसके ही सहपाठियों ने बंधक बनाकर बेल्ट से बेरहमी से पीटा. छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया. छात्र सुमित दास गोविंदपुर के नगरक्यारी गांव का रहनेवाला है. बताया जाता है कि छात्र मंगलवार की देर रात दो बजे हॉस्टल के अपने कमरे में था, जहां उसके साथ छह अन्य सहपाठी भी मौजूद थे. मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने को लेकर सुमित की अपने दोस्तों से बहस हो गयी. बात इतनी बढ़ी कि 10वीं के छात्र विशाल कुमार, अनिकेत कुमार, नमन राज, लक्ष्मण कुमार महतो और अभिजीत सिंह ने मिलकर सुमित के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिये. इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज कर बेल्ट से उसकी बेरहमी से पिटाई की. यही नहीं, जान से मारने की धमकी भी दी. आरोपियों ने इस बर्बरता का मोबाइल से वीडियो भी बनाया और किसी को कुछ नहीं बताने के लिए डराया-धमकाया.

दो दिनों तक छिपा रहा मामला, तबीयत बिगड़ने पर खुला राज

डर के मारे सुमित ने दो दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया और स्कूल की नर्स से ही दवा लेता रहा. इस बीच उसने फोन पर अपने परिवार से यह भी कहा कि वह ठीक है और अच्छे से पढ़ाई कर रहा है. लेकिन जब तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गयी, तो सुमित ने परिजन को फोन कर पूरी आपबीती सुनायी. जानकारी मिलते ही घबराए परिजन स्कूल पहुंचे, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन को मामले की भनक लगी. सुमित को तुरंत पांड्रा उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया.

विद्यालय की सुरक्षा और नियमों पर उठे सवाल

इस घटना ने स्कूल परिसर में छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्कूल के प्राचार्य सीके यादव ने बताया कि छात्रों को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है. बावजूद परिजन चोरी-छिपे बच्चों को मोबाइल दे देते हैं. उन्होंने दावा किया कि स्कूल और हॉस्टल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और सीसीटीवी से निगरानी की जाती है. हालांकि, निजता (प्राइवेसी) का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि क्लासरूम (और हॉस्टल कमरों) के अंदर कैमरे नहीं लगाये गये हैं.

नवोदय विद्यालय बेनागड़िया के प्राचार्य सीके यादव ने कहा मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया जा रहा है. मारपीट और रैगिंग के आरोपी छात्रों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola