Upcoming IPOs: Dhoot से Shiprocket तक, अगले हफ्ते 5 IPO पर लगेगा दांव
अगले हफ्ते बाजार में IPO की बहार (Photo: AI)
Dhoot Transmission से लेकर Shiprocket तक 5 कंपनियां अगले हफ्ते IPO ला रही हैं. जानें सभी इश्यू की तारीख, प्राइस बैंड, लॉट साइज और रकम का इस्तेमाल.
अगले हफ्ते प्राइमरी मार्केट में काफी हलचल रहने वाली है. 10 अगस्त से शुरू होने वाले हफ्ते में ऑटो कंपोनेंट्स, डायग्नोस्टिक्स, डेयरी और ई-कॉमर्स जैसे सेक्टर की कंपनियां आईपीओ लेकर आ रही हैं. इनमें धूत ट्रांसमिशन, मोलबायो डायग्नोस्टिक्स, मिल्की मिस्ट डेयरी फूड, बिहारी लाल इंजीनियरिंग और शिपरॉकेट के मेनबोर्ड आईपीओ शामिल हैं. इसके अलावा कई एसएमई इश्यू भी खुलेंगे.
इन्वेस्टर्स के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि इन आईपीओ की कीमत, लॉट साइज और सब्सक्रिप्शन की तारीखें अलग-अलग हैं. इसलिए पैसा लगाने से पहले कंपनी और इश्यू की पूरी जानकारी देखना जरूरी होगा.
अगले हफ्ते कौन-कौन से मेनबोर्ड आईपीओ खुलेंगे?
| कंपनी | आईपीओ तारीख | प्राइस बैंड | इश्यू साइज | लॉट |
| धूत ट्रांसमिशन | 10-12 अगस्त | ₹829-871 | ₹3,067 करोड़ | 17 शेयर |
| मोलबायो डायग्नोस्टिक्स | 10-12 अगस्त | ₹768-807 | ₹939.70 करोड़ | — |
| मिल्की मिस्ट डेयरी फूड | 11-13 अगस्त | ₹133-140 | ₹1,553 करोड़ | — |
| बिहारी लाल इंजीनियरिंग | 12-14 अगस्त | ₹271-285 | ₹301.62 करोड़ | — |
| शिपरॉकेट | 12-14 अगस्त | ₹92-97 | ₹1,617.48 करोड़ | 154 शेयर |
धूत ट्रांसमिशन और मोलबायो में क्या खास है?
ऑटो कंपोनेंट्स बनाने वाली धूत ट्रांसमिशन का ₹3,067 करोड़ का आईपीओ 10 अगस्त को खुलेगा. कंपनी ₹829 से ₹871 प्रति शेयर का प्राइस बैंड लेकर आई है. इसमें ₹1,400 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹1,666.89 करोड़ का ऑफर फॉर सेल शामिल है. कंपनी इस रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, नया वायरिंग हार्नेस प्लांट लगाने और अधिग्रहण के जरिए कारोबार बढ़ाने में करेगी.
वहीं, मोलबायो डायग्नोस्टिक्स का ₹939.70 करोड़ का आईपीओ भी 10 अगस्त से शुरू होगा. इसका प्राइस बैंड ₹768-807 है. कंपनी ₹200 करोड़ के नए शेयर जारी करेगी, जबकि ₹739.70 करोड़ का हिस्सा मौजूदा शेयरधारकों की हिस्सेदारी बेचने से आएगा. रकम का एक हिस्सा रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर, मशीनरी और नए इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च होगा.
मिल्की मिस्ट, बिहारी लाल और शिपरॉकेट कब आएंगे?
मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का आईपीओ 11 से 13 अगस्त तक खुलेगा. ₹1,553 करोड़ के इस इश्यू में ₹1,428 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹125 करोड़ का ऑफर फॉर सेल है. कंपनी कर्ज चुकाने के साथ पेरुंदुरई में मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के विस्तार और आधुनिकीकरण पर रकम लगाएगी. साथ ही कंपनी अपनी कोल्ड-चेन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विजी कूलर्स, चॉकलेट कूलर्स और आइसक्रीम फ्रीजर्स पर भी खर्च करेगी.
बिहारी लाल इंजीनियरिंग 12 से 14 अगस्त तक ₹301.62 करोड़ जुटाएगी. इसका प्राइस बैंड ₹271-285 है. कंपनी इस रकम का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर, कुछ कर्ज चुकाने और सामान्य कारोबारी जरूरतों में करेगी. कंपनी इंजीनियरिंग कास्टिंग, मेटल रोल और अलॉय स्टील प्रोडक्ट्स बनाती है.
इसी तारीख को शिपरॉकेट का आईपीओ भी खुलेगा. ₹1,617.48 करोड़ के इस इश्यू का प्राइस बैंड ₹92-97 है और एक लॉट में 154 शेयर होंगे. कंपनी रकम का इस्तेमाल मार्केटिंग, टेक्नोलॉजी इंफ्रास्ट्रक्चर, कर्ज चुकाने और कारोबार बढ़ाने के लिए करेगी. शिपरॉकेट डी2सी ब्रांड्स और एमएसएमई के लिए ई-कॉमर्स से जुड़ी कई सेवाएं देती है.
सिर्फ मेनबोर्ड नहीं, एसएमई आईपीओ भी आएंगे
अगले हफ्ते शैम फोम, फासिनेट टेक्सटाइल्स और प्रमोदिनी मेडिकेयर जैसे एसएमई इश्यू भी बाजार में दस्तक देंगे. इसके अलावा आर्डी इंडस्ट्रीज, लीप इंडिया, टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स, एजियस टेक्नोलॉजीज, जीवी इलेक्ट्रिकल्स, अनाविल वायर एंड इंजीनियरिंग, एलएपीएल ऑटोमोटिव और ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट की लिस्टिंग भी निर्धारित है.
ये भी पढ़ें: क्या UPI इस्तेमाल करने पर लगेगा चार्ज? वित्त मंत्री ने दूर किया भ्रम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सौम्या शाहदेव
सौम्या शाहदेव प्रभात खबर डिजिटल में बिजनेस कंटेंट राइटर हैं. वह शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, टैक्स, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और रोजमर्रा की आर्थिक खबरों को सरल और सटीक भाषा में पाठकों तक पहुंचाती हैं. उनका फोकस ऐसी खबरें लिखने पर रहता है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और जेब पर असर डालती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










