चंद्रशेखरन के बाद किसकी होगी एंट्री? टाटा संस ने शुरू की नए चेयरमैन की तलाश

Updated:
विज्ञापन

टाटा संस में नए चेयरमैन की तलाश तेज हो गई है. जानिए चंद्रशेखरन के बाद कौन संभालेगा कमान और नए नेतृत्व के सामने कौन-सी चुनौतियां होगी.

विज्ञापन

टाटा संस में एन चंद्रशेखरन के बाद अगला चेयरमैन कौन होगा, इसकी तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है. 14 अगस्त को टाटा ग्रुप के उत्तराधिकारी को लेकर हलचल तेज है. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 13 अगस्त को नए चेयरमैन की तलाश के लिए चयन समिति बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है. यह कदम चंद्रशेखरन के 12 अगस्त को दोबारा चेयरमैन बनने की पेशकश नहीं करने के फैसले के बाद उठाया गया है.

चंद्रशेखरन का मौजूदा कार्यकाल 20 फरवरी 2027 को खत्म होगा. उन्होंने साफ किया है कि वह अगले कार्यकाल के लिए अपना नाम आगे नहीं रखेंगे. टाटा ट्रस्ट्स ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए टाटा संस और टाटा ग्रुप में करीब एक दशक के उनके योगदान की तारीफ की है.

अब नए चेयरमैन का चुनाव कैसे होगा?

टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के आर्टिकल 118 के तहत पांच सदस्यों वाली चयन समिति बनाई जाएगी. टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 65.9% हिस्सेदारी है, इसलिए नए चेयरमैन के चुनाव में ट्रस्ट्स की भूमिका काफी अहम होगी. इस समिति में तीन सदस्यों को सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट मिलकर चुनेंगे. एक सदस्य टाटा संस के बोर्ड से होगा, जबकि पांचवां सदस्य बोर्ड की ओर से चुना गया स्वतंत्र बाहरी सदस्य होगा. हालांकि, समिति सीधे चेयरमैन नियुक्त नहीं करेगी. वह किसी उम्मीदवार के नाम की सिफारिश करेगी और अंतिम फैसला टाटा संस का बोर्ड आर्टिकल 121 के तहत करेगा.

13 अगस्त को बॉम्बे हाउस से निकलते हुए एन चंद्रशेखरन की ANI एक्स पोस्ट:

क्या नोएल टाटा संभाल सकते हैं चंद्रशेखरन की जगह?

नोएल टाटा का नाम चर्चा में जरूर है, लेकिन उनके लिए यह रास्ता आसान नहीं है. 2022 में टाटा संस के नियमों में बदलाव किया गया था. इसके तहत सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट या सर रतन टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन को एक साथ टाटा संस का चेयरमैन बनने की अनुमति नहीं है. नोएल टाटा फिलहाल दोनों ट्रस्ट्स के चेयरमैन हैं. इसके अलावा नवंबर में वह 70 साल के हो जाएंगे, जो गैर-कार्यकारी निदेशकों के लिए तय रिटायरमेंट उम्र से जुड़ा एक और अहम पहलू है. ऐसे में टाटा स्टील के सीईओ टीवी नरेंद्रन समेत दूसरे नामों पर भी नजर है. अभी चयन समिति के सामने कंपनी के अंदर और बाहर, दोनों जगह से उम्मीदवारों को चुनने का विकल्प खुला है.

ये भी पढ़ें: ₹158 करोड़ की कमाई और ₹98 करोड़ का घर, जानें कितनी है N Chandrasekaran की नेट वर्थ

नए चेयरमैन के सामने क्या चुनौतियां होंगी?

अगले चेयरमैन को सिर्फ टाटा संस की कमान नहीं संभालनी होगी, बल्कि कई अहम मुद्दों पर भी फैसला लेना होगा. इनमें टाटा संस की लिस्टिंग और शापूरजी पालोनजी ग्रुप की 18.38% हिस्सेदारी से जुड़ा मामला अहम है. इसके अलावा एयर इंडिया, टाटा डिजिटल, एग्राटास और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे नए कारोबारों का प्रदर्शन भी चुनौती रहेगा. वित्त वर्ष 2026 में इन कारोबारों का कुल घाटा ₹29,924 करोड़ रहा. इसमें अकेले एयर इंडिया का घाटा ₹22,238 करोड़ था. चंद्रशेखरन के कार्यकाल में टाटा ग्रुप ने सेमीकंडक्टर, बैटरी, एविएशन और डिजिटल कॉमर्स जैसे क्षेत्रों में करीब 120 अरब डॉलर के निवेश की योजना बनाई. अब सवाल यह है कि नया चेयरमैन इन योजनाओं को उसी तरह आगे बढ़ाएगा या रणनीति में बदलाव करेगा.

चंद्रशेखरन के बाद टाटा ग्रुप के सामने क्या है?

चंद्रशेखरन ने 2017 में टाटा संस की कमान संभाली थी. उनके कार्यकाल में ग्रुप का रेवेन्यू करीब दोगुना हुआ और मुनाफा लगभग तीन गुना बढ़ा. मार्च 2026 के अंत तक सूचीबद्ध टाटा कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 277 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि चंद्रशेखरन के कार्यभार संभालने के समय यह करीब 76 अरब डॉलर था. अब 14 अगस्त से आगे टाटा ग्रुप की नजर चयन समिति की प्रक्रिया पर रहेगी. अगले चेयरमैन का चुनाव सिर्फ खाली पद भरने की कवायद नहीं है. नए नेतृत्व को यह भी तय करना होगा कि चंद्रशेखरन की शुरू की गई निवेश योजनाओं को कितनी तेजी से आगे बढ़ाया जाए और टाटा ग्रुप की अगली दिशा क्या हो.

ये भी पढ़ें: टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एजीएम से पहले इस्तीफा दिया, दोबारा नियुक्ति की नहीं करेंगे मांग



विज्ञापन
सौम्या शाहदेव

लेखक के बारे में

By सौम्या शाहदेव

सौम्या शाहदेव प्रभात खबर डिजिटल में बिजनेस कंटेंट राइटर हैं. वह शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, टैक्स, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और रोजमर्रा की आर्थिक खबरों को सरल और सटीक भाषा में पाठकों तक पहुंचाती हैं. उनका फोकस ऐसी खबरें लिखने पर रहता है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और जेब पर असर डालती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola