ePaper

ब्याज दर में कटौती से शेयर बाजार में छाई हरियाली, ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा सेंसेक्स

Updated at : 19 Sep 2024 5:04 PM (IST)
विज्ञापन
ब्याज दर में कटौती से शेयर बाजार में छाई हरियाली, ऑल-टाइम हाई पर पहुंचा सेंसेक्स

फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में कटौती से शेयर बाजार में जोरदार बढ़त.

Stock Market: अमेरिका में फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में 0.50% कटौती और आगे इसमें और कमी किए जाने के संकेत के बाद घरेलू बाजार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए. हालांकि, अंत में यह हल्की बढ़त के साथ बंद हुए.

विज्ञापन

Stock Market: अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की ओर से प्रमुख ब्याज दरों में 50 बेसिस प्वाइंट कटौती किए जाने के बाद गुरुवार 19 सितंबर 2024 को घरेलू शेयर बाजार में हरियाली छा गई. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 236.57 अंक चढ़कर 83,184.80 अंक के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया. उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 38.25 अंक के लाभ से 25,415.80 अंक पर बंद हुआ. शुरुआती कारोबार में बीएसई का 30 शेयर वाला सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 735.95 अंक उछलकर 83,684.18 अंक के नए ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया था. एनएसई निफ्टी भी 209.55 अंक की बढ़त के साथ 25,587.10 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर खुला था.

एनटीपीसी को सबसे अधिक मुनाफा

शेयर बाजार के कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 19 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर बंद हुए. इनमें सबसे अधिक मुनाफा नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी) के शेयर को हुआ. इसका शेयर 2.45% उछलकर 424.00 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर पहुंचकर बंद हुआ. इसके अलावा, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, नेस्ले इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मारुति सुजुकी इंडिया, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल, सनफार्मा, एक्सिस बैंक, टाटा मोटर्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी, बजाज फिनसर्व और इन्फोसिस के शेयर भी लाभ में रहे.

लाभ कमाने से चूक गए 11 कंपनियों के शेयर

इसके साथ ही, बीएसई सेंसेक्स में 11 कंपनियों के शेयर बाजार की इस तेजी में लाभ कमाने से चूक गए. सबसे अधिक नुकसान में अदाणी पोर्ट्स का शेयर रहा. इसका शेयर 1.30% गिरकर 1410.00 रुपये के स्तर पर बंद हुआ. बाकी की 10 कंपनियों में लार्सन एंड ट्रुबो, टीसीएस, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर नुकसान के साथ बंद हुए.

एशियाई बाजारों में भी बढ़त

एशिया के प्रमुख बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, जापान के निक्केई225, चीन के शंघाई कंपोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग लाभ में रहे. यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान तेजी का रुख रहा. अमेरिकी बाजार बुधवार को नुकसान में रहे थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.21 प्रतिशत उछलकर 74.54 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया.

इसे भी पढ़ें: ग्रॉसरी आइटम पर 30% तक छूट दे रही फ्लिपकार्ट, प्याज पर बंपर डिस्काउंट

भविष्य में भी ब्याज दर घटाएगा फेडरल रिजर्व

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका में फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में 0.50% कटौती और आगे इसमें और कमी किए जाने के संकेत के बाद घरेलू बाजार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए. हालांकि, अंत में यह हल्की बढ़त के साथ बंद हुए. नीतिगत दर में बड़ी कटौती से वैश्विक स्तर पर नरमी को लेकर चिंता बढ़ी है. इससे ऊंचे भाव पर कारोबार कर रहीं मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में मुनाफावसूली देखने को मिली.

इसे भी पढ़ें: रोजाना 50 रुपये की बचत पर 5 करोड़ की मोटी कमाई, एसआईपी से ऐसे मिलेगा मेगारिटर्न

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola