शुरुआती कारोबार में 188 अंक उछला सेंसेक्स, निफ्टी 24,800 के पार
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 22 Aug 2024 10:33 AM
Stock Market
Stock Market: 22 अगस्त 2024 को एशिया के प्रमुख शेयर बाजारों में जापान के निक्केई225, हांगकांग के हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी ने सकारात्मक शुरुआत की. हालांकि, चीन के शंघाई कंपोजिट में शुरुआती गिरावट देखी गई. यूरोपीय बाजार 21 अगस्त 2024 को बढ़त के साथ बंद हुए थे.
Stock Market: वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की ओर से सितंबर महीने के लिए ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद में गुरुवार 22 अगस्त 2024 को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला. बाजार के आरंभिक कामकाज में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 188.31 अंक उछलकर 81,093.61 अंक पर खुला. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी 38.80 अंक की बढ़त के साथ 24,809 अंक के स्तर पर अपने कामकाज की शुरुआत की. बुधवार को सेंसेक्स 102.44 अंक बढ़कर 80,905.30 अंक के स्तर पर पहुंच गया था. वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 77.45 अंक या 0.31% उछलकर 24,776.30 अंक के स्तर पर बंद हुआ था.
22 अगस्त 2024 को शुरुआती कारोबार सेंसेक्स के कितने शेयरों में बढ़त रही?
22 अगस्त 2024 को घरेलू शेयर बाजार के शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से 19 शेयरों में बढ़त देखी गई. इनमें सबसे अधिक भारती एयरटेल के शेयर की कीमत में 1.12% की तेजी आई और इसी के साथ यह 1480.55 प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गया. इसके अलावा, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, बजाज फिनसर्व, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, नेस्ले इंडिया, मारुति सुजुकी इंडिया और एक्सिस बैंक लाभ में रहे.
22 अगस्त 2024 को शुरुआती कारोबार सेंसेक्स के कितने शेयरों को नुकसान हुआ?
22 अगस्त 2024 को शुरुआती कारोबार सेंसेक्स के 11 कंपनियों के शेयर नुकसान में रहे. इसमें सबसे अधिक नुकसान पावरग्रिड के शेयर में हुआ. इसके शेयर की कीमत 1.07% घटकर 333.20 प्रति शेयर के स्तर पर पहुंच गई. इसके अलावा, सनफार्मा, लार्सन एंड ट्रुबो, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अदाणी पोर्ट्स, टीसीएस, नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स के शेयरों में भी नुकसान हुआ.
22 अगस्त 2024 को एशिया के प्रमुख बाजारों की शुरुआत कैसी रही?
22 अगस्त 2024 को एशिया के प्रमुख शेयर बाजारों में जापान के निक्केई225, हांगकांग के हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया के कॉस्पी ने सकारात्मक शुरुआत की. हालांकि, चीन के शंघाई कंपोजिट में शुरुआती गिरावट देखी गई. यूरोपीय बाजार 21 अगस्त 2024 को बढ़त के साथ बंद हुए थे. वहीं, अमेरिकी बाजारों में एसएंडपी500 और नैसडेक बढ़त के साथ जबकि डाऊ जोंस कमजोर होकर बंद हुआ था.
वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव क्या है?
अंतरराष्ट्रीय तेल बाजारों में ब्रेंट क्रूड 0.09% की कमजोरी के साथ 75.98 डॉलर प्रति बैरल और क्रूड ऑयल 0.25% गिरकर 71.75 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया. वैश्विक बाजार में सोना 0.46% टूटकर 2,501.12 प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है.
इसे भी पढ़ें: सोने का जारी हो गया ताजा भाव, चांदी की कीमत में आई गिरावट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










