ePaper

कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजों, वृहद आंकड़ों से तय होगी शेयर बाजारों की दिशा

Updated at : 10 Apr 2022 8:08 PM (IST)
विज्ञापन
कंपनियों के चौथी तिमाही के नतीजों, वृहद आंकड़ों से तय होगी शेयर बाजारों की दिशा

share market update: यह सप्ताह कम कारोबारी सत्रों वाला होगा. लेकिन यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी सप्ताह तिमाही नतीजों की घोषणा शुरू हो रही है. सप्ताह के दौरान टीसीएस और इन्फोसिस के तिमाही नतीजे आयेंगे.

विज्ञापन

नयी दिल्ली: सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनियों टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और इंफोसिस के बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के नतीजों और वृहद आर्थिक आंकड़ों से इस सप्ताह शेयर बाजारों (Share Market Update) की दिशा तय होगी. विश्लेषकों ने यह राय जताते हुए कहा कि इसके अलावा वैश्विक रुख भी बाजार की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा. शेयर बाजारों में इस सप्ताह कम कारोबारी दिन रहेंगे.

कम कारोबारी सत्र वाला होगा यह सप्ताह

बृहस्पतिवार को महावीर जयंती और डॉ बाबासाहेब आंबेडकर जयंती पर बाजार में अवकाश रहेगा. शुक्रवार को ‘गुड फ्राइडे’ के मौके पर बाजार बंद रहेगा. रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘यह सप्ताह कम कारोबारी सत्रों वाला होगा. लेकिन यह महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी सप्ताह तिमाही नतीजों की घोषणा शुरू हो रही है. सप्ताह के दौरान टीसीएस और इन्फोसिस के तिमाही नतीजे आयेंगे.’

12 अप्रैल को आयेंगे मुद्रास्फीति के आंकड़े

मिश्रा ने कहा कि इसके अलावा बाजार भागीदारों की निगाह औद्योगिक उत्पादन (आईआईपी) और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर भी रहेगी. ये आंकड़े 12 अप्रैल को आयेंगे. घरेलू कारकों के अलावा निवेशकों की निगाह रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े घटनाक्रमों तथा वैश्विक बाजारों के प्रदर्शन पर भी रहेगी. साथ ही बाजार को रुपये उतार-चढ़ाव, विदेशी निवेशकों के निवेश के रुख तथा कच्चे तेल की कीमतों से भी दिशा मिलेगी.

आईटी कंपनियों के आयेंगे तिमाही नतीजे

स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा, ‘तिमाही नतीजों के सीजन की शुरुआत टीसीएस और इंफोसिस जैसी आईटी कंपनियों के साथ होगी. टीसीएस का तिमाही नतीजा 11 अप्रैल और इंफोसिस का 13 अप्रैल को आयेगा. इसके अलावा वैश्विक संकेतक, कच्चे तेल की कीमतों का उतार-चढ़ाव, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों का निवेश का प्रवाह भी बाजार को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा.’

सप्ताह में 170 अंक गिरा सेंसेक्स

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 170.49 अंक या 0.28 प्रतिशत नीचे आया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 113.90 अंक या 0.64 प्रतिशत का नुकसान रहा. सैमको सिक्योरिटीज में इक्विटी शोध प्रमुख येशा शाह ने कहा, ‘इस सप्ताह मुद्रास्फीति के आंकड़े और तिमाही नतीजे मुख्य केंद्र में रहेंगे. जहां वैश्विक निवेशक अमेरिका और चीन की मुद्रास्फीति के आंकड़ों से प्रभावित होंगे, वहीं भारत में भी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़े बाजार को दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेंगे.’

तिमाही नतीजे, मुद्रास्फीति और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि आगे चलकर सभी की निगाह तिमाही नतीजों के सीजन पर रहेगी. इनकी शुरुआत आईटी और बैंकिंग क्षेत्रों के साथ होगी. नायर ने कहा कि इसके अलावा बाजार को प्रमुख घरेलू आर्थिक आंकड़ों का इंतजार रहेगा. सप्ताह के दौरान मार्च के मुद्रास्फीति के आंकड़े आयेंगे. इसके अलावा औद्योगिक उत्पादन और विनिर्माण उत्पादन के आंकड़े भी इसी सप्ताह आयेंगे.

Posted By: Mithilesh Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola