Business News: भारतीय शेयर बाजार में तेजी जारी, ‍BSE सेंसेक्स 52 अंक उछलकर बंद

Updated:
विज्ञापन

Business News: सप्ताह के पांचवे कारोबारी दिन ग्लोबल मार्केट से मजबूत संकेत मिल रहे हैं. GIFT NIFTY भी मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है. एशिया के अन्य बाजार भी हरे निशान के साथ कारोबार करते हुए दिख रहे हैं. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि भारतीय बाजार में दसवें दिन भी तेजी का रूख जारी रहेगा. इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. BSE सेंसेक्स 246 अंक की बढ़त के साथ 67,466.99 अंक पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी पहली बार 20,000 अंक के स्तर से ऊपर बंद हुआ.

विज्ञापन

भारतीय शेयर बाजार में तेजी जारी, ‍BSE सेंसेक्स 52 अंक उछलकर बंद

भारतीय शेयर बाजार में दसवें दिन भी तेजी जारी रही. BSE सेंसेक्स 52.01 अंक की बढ़त के साथ 67,519 अंक पर जबकि, निफ्टी 33.10 अंक चढ़कर 20,103.10 अंक के सर्वकालिक उच्चस्तर पर बंद हुआ.

सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) ने आईपीओ के लिए प्रति शेयर 366-385 रुपये का मूल्य दायरा किया तय

रियल्टी कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने अपने 730 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए प्रति शेयर 366-385 रुपये का मूल्य दायरा तय किया है. कंपनी की ओर से जारी बयान के अनुसार, आईपीओ 20 सितंबर को खुलेगा और 22 सितंबर को बंद होगा. एंकर निवेशक 18 सितंबर को बोली लगा सकते हैं. आईपीओ में 603 करोड़ रुपये नए शेयर और बिक्री पेशकश के तहत अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम के 127 करोड़ रुपये के इक्वटी शेयर शामिल हैं.

सन फार्मा ने स्ट्रोक के इलाज की दवा के लिए अमेरिका स्थित कंपनी से किया लाइसेंसिंग समझौता

सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज की पूर्ण स्वामित्व वाली एक अनुषंगी इकाई ने भारत में सेरेब्रल इस्केमिक स्ट्रोक के इलाज के वास्ते इस्तेमाल की जाने वाली दवा के व्यावसायीकरण के लिए अमेरिका स्थित फार्माज़ इंक के साथ समझौता किया है. मुंबई स्थित दवा कंपनी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनियों में से एक ने देश में प्रथम श्रेणी की नवोन्वेषी दवा, टायवलजी के व्यावसायीकरण के लिए अमेरिका स्थित बायोफार्मास्युटिकल कंपनी के साथ एक लाइसेंस समझौता किया है.

क्रेडएबल ने वैश्विक बाजारों में विस्तार की घोषणा की, कई देशों पर ध्यान केंद्रीत कर रही कंपनी

छोटे एवं मध्यम उद्यमों के लिए कार्यशील पूंजी ऋण सुविधा मंच क्रेडएबल ने सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित वैश्विक विस्तार की घोषणा की है. यह विस्तार वैश्विक वित्तीय सेवा संपर्क को नया आकार देने के लिए इन देशों में कंपनी की उन्नत बैंकिंग-ए-ए-सर्विस (बीएएएस) पेश करता है. क्रेडएबल ने सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया, दक्षिण पूर्व एशिया, पश्चिम एशिया, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में विस्तार किया है. कंपनी के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नीरव चौकसी ने कहा कि करीब नौ महीने पहले हमने एशिया, एशिया प्रशांत और पश्चिम एशिया के बाजारों में विस्तार करने की योजना बनाई. पश्चिम एशिया में हम संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी बाजारों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. एशिया प्रशांत में इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया तथा सिंगापुर में हमारे कार्यालय हैं और हमारा ध्यान फिलीपींस, मलेशिया और वियतनाम पर केंद्रित है. भविष्य की योजनाओं पर किए सवाल पर चौकसी ने कहा कि कंपनी ने मंच पर करीब 50,000 करोड़ रुपये वितरित किए हैं जो भारत में कार्यशील पूंजी का तीन प्रतिशत से भी कम का प्रतिनिधित्व करता है. उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अगले पांच वर्षों में हम अपने मंचों के जरिए इस देश की कम से कम 25 प्रतिशत कार्यशील पूंजी का प्रतिनिधित्व करें. क्रेडएबल लघु एवं मध्यम आकार वाले उद्यमों (एसएमई) के लिए पूंजी वित्तपोषण और भारत में बैंकों को प्रौद्योगिकी मंचों को लाइसेंस दिलवाने में मदद करता है.

सेल्सफोर्स के सीईओ ने कहा- भारत में हमारी वृद्धि अपेक्षा से अधिक रही

सेल्सफोर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) मार्क बेनिओफ ने कहा कि भारतीय बाजार में कंपनी की वृद्धि, अविश्वसनीय और सभी अपेक्षाओं से अधिक रही है. उन्होंने कहा कि नियमों के मामले भारत के दृष्टिकोण की प्रौद्योगिकी जगत के लोगों ने भी सराहना की है. मार्क बेनिओफ ने कहा कि भारत में सेल्सफोर्स ने अपने इंजीनियरिंग केंद्र का आवश्यक रूप से विस्तार किया है. भारत में कर्मचारियों की कर्मठता हमारी कल्पना से कहीं अधिक है. एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2023 में 31.4 अरब डॉलर से अधिक रहा था. उन्होंने कहा कि सरकार जो कर रही है उससे मैं बेहद प्रभावित हूं. बेनिओफ ने आगे भी सरकार के इसी रुख के कायम रहने की उम्मीद जाहिर की.

रुपया शुरुआती कारोबार में आठ पैसे की बढ़त के साथ 82.93 प्रति डॉलर पर

घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख के बीच बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले आठ पैसे की बढ़त के साथ 82.93 पर पहुंच गया. विदेश मुद्रा के विशेषज्ञों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच सकारात्मक घरेलू बाजारों के समर्थन से रुपया एक सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.98 पर खुला. इसके बाद वह शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 82.93 पहुंच गया, जो पिछले बंद स्तर की तुलना में आठ पैसे की बढ़त है. बुधवार को रुपया 83.01 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 104.62 पर आ गया.

विज्ञापन
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola