ePaper

चार साल के निचले स्तर पर पहुंचा सोना, खरीदारी का सुनहरा मौका

Updated at : 21 Jul 2015 5:00 PM (IST)
विज्ञापन
चार साल के निचले स्तर पर पहुंचा सोना, खरीदारी का सुनहरा मौका

नयी दिल्ली : वैश्विक बाजार में लगातार नौवें दिन सोने की कीमतों में गिरावट के बीच आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गयी तथा यह और 150 रुपये टूट कर 25,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. चार साल में यह सोने का न्यूनतम स्तर […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : वैश्विक बाजार में लगातार नौवें दिन सोने की कीमतों में गिरावट के बीच आज दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने के भाव में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गयी तथा यह और 150 रुपये टूट कर 25,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. चार साल में यह सोने का न्यूनतम स्तर है. आभूषण विक्रेताओं की लिवाली के अभाव में भी सोने की स्थानीय कीमतें प्रभावित हुई हैं. औद्योगिक इकाइयों की ताजा मांग निकलने से चॉंदी में कुछ चमक आयी और यह 100 रुपये सुधर कर 34,300 रुपये प्रति किग्रा पर पहुंच गयी.

बाजार सूत्रों ने कहा कि अमेरिका में ब्याज दरें बढने की संभावनाओं के बीच वैश्विक स्तर पर सोने की बिकवाली बढने तथा डालर की मजबूती का भी सोने के भाव पर असर पडा है. सूत्रों ने कहा कि इस समय सोने का स्थानीय भाव चार साल के न्यूनतम स्तर पर है. अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार के मद्देनजर वहां का फेरडल रिजर्व निकट समय में नीतिगत ब्याज दरें बढाने के मूड में लगता है. इससे डॉलर मजबूत हुआ है और सोने की मांग कमजोर हुई है.

सूत्रों ने कहा कि सोने में आगे और नरमी को देखते हुए फुटकर तथा आभूषण विक्रेताओं ने लिवाली से हाथ खींच लिया है. घरेलू कीमतों को दिशा देने वाले न्यूयार्क बाजार में सोने का भाव कल के कारोबार में 3.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,097.70 डॉलर प्रति औंस रह गया. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता के भाव 150-150 रपये की गिरावट के साथ क्रमश: 25,550 रुपये और 25,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए जो आठ अगस्त 2011 के बाद का सबसे निचला स्तर है.

तीन दिनो में सोने में कुल मिला कर 700 रुपये की गिरावट आई है. एक सर्राफा व्यापारी ने कहा, ‘सोने का उतार चढाव संकेत देता है कि बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में आगे और गिरावट आ सकती है तथा आने वाले दिनों में सोना 24,000 रुपये के स्तर से भी नीचे आ सकता है. बाजार के कुल रुख के अनुरुप गिन्नी के भाव 200 रुपये की गिरावट के साथ 22,500 रुपये प्रति 8 ग्राम पर बंद हुए. हालांकि चांदी तैयार की कीमत 100 रुपये की तेजी के साथ 34,300 रुपये प्रति किग्रा और साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 350 रुपये की तेजी के साथ 33,950 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई. चांदी सिक्कों के भाव लिवाल 49,000 रुपये और बिकवाल 50,000 रुपये प्रति सैकडा पर अपरिवर्तित बंद हुए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola