Hyundai Santro ने की भारतीय बाजार में वापसी, कीमत 3.89 से शुरू
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 23 Oct 2018 1:55 PM
नयी दिल्ली : Hyundai कंपनी ने आज Santro 2018 को पांच वेरियंट में भारत में लॉन्च कर दिया. दक्षिण कोरिया की वाहन कंपनी हुंदै की लोकप्रिय हैचबैक कार सैंट्रो की भारतीय बाजार में वापसी हो गयी है. नए अवतार में भारतीय बाजार में दोबारा उतारी गई सैंट्रो की शोरूम में कीमत 3.89 लाख रुपये से […]
नयी दिल्ली : Hyundai कंपनी ने आज Santro 2018 को पांच वेरियंट में भारत में लॉन्च कर दिया. दक्षिण कोरिया की वाहन कंपनी हुंदै की लोकप्रिय हैचबैक कार सैंट्रो की भारतीय बाजार में वापसी हो गयी है. नए अवतार में भारतीय बाजार में दोबारा उतारी गई सैंट्रो की शोरूम में कीमत 3.89 लाख रुपये से शुरू होती है.कंपनी ने भारतीय बाजार में अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी हुंदै मोटर इंडिया लि. (एचएमआईएल) के पुराने सैंट्रो मॉडल को दिसंबर, 2014 में बंद कर दिया था.
नई कार में चार सिलेंडर का 1.1 लीटर का पेट्रोल इंजन लगा है.यह कार आटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन (एएमटी) और फैक्टरी फिटेड सीएनजी विकल्प के साथ पेश की गई है.कार के मैनुअल संस्करण (दो सीएनजी ट्रिम्स के साथ) की कीमत 3.89 लाख से 5.45 लाख रुपये होगी.वहीं आटोमेटेड गियर शिफ्ट के दो संस्करणों का दाम 5.18 लाख रुपये और 5.46 लाख रुपये होगा.शुरुआती कीमत पहले 50,000 ग्राहकों के लिए होगी.कंपनी को पहले ही 13 दिन में 23,500 इकाइयों की बुकिंग मिल गई है.एचएमआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी वाई के कू ने कहा कि नई सैंट्रो हुंदै के मेड इन इंडिया सिद्धान्त का सही उदाहरण है.कू ने कहा कि दक्षिण कोरिया के नान्यांग, चेन्नई और हैदराबाद के हमारे शोध एवं विकास केंद्रों ने उत्पाद को बेहतरीन बनाने के लिए काफी प्रयास किए हैं.
कू ने बताया कि हुंदै ने पूरी तरह नई सैंट्रो पर 10 करोड़ डॉलर से अधिक का खर्च किया है.इस कार का विकास पिछले तीन साल में कूट नाम एएच2 से किया गया.नए मॉडल में स्थानीयकरण का स्तर 90 प्रतिशत है.इसमें कई फीचर्स मसलन रियर पार्किंग कैमरा, आवाज की पहचान तथा इको कोटिंग प्रौद्योगिकी शामिल है.सुरक्षा फीचर्स में एबीएस और ईबीडी तथा इम्पैक्ट सेंसिंग आटो डोर अनलॉक शामिल हैं.नई सैंट्रो मध्यम कॉम्पैक्ट खंड में मारुति सुजुकी की वैगन आर, सेलेरियो और टाटा मोटर्स की टियागो से प्रतिस्पर्धा करेगी.इस खंड में मासिक बिक्री का आंकड़ा 30,000 इकाई का है.पहली बार सैंट्रो कार सितंबर, 1998 में कंपनी के चेन्नई कारखाने से बाहर आई थी.इस मॉडल को पेश करने के बाद कंपनी ने देश में इसकी 13 लाख इकाइयां बेची थीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










