भागलपुर सांसद के कार्यालय में चोरी मामले का 48 घंटे में खुलासा, सभी सामान बरामद, एक गिरफ्तार

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

MP Office Theft : भागलपुर में सांसद कार्यालय में हुई चोरी की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने चोरी गई सरकारी पिस्टल, कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.

विज्ञापन

भागलपुर से अतुल तिवारी की रिपोर्ट

Bhagalpur News : तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. विशेष जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए कई सामान बरामद किए गए हैं. पुलिस अब मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है.

48 घंटे में पुलिस ने सुलझाई चोरी की गुत्थी

सांसद अजय कुमार मंडल के कार्यालय में हुई चोरी की घटना ने पुलिस के लिए बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी. घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से मामले की गहन जांच शुरू की. जांच के दौरान फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने झारखंड के गोड्डा निवासी अमन कुमार झा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

सरकारी पिस्टल और 35 कारतूस समेत सामान बरामद

पुलिस के अनुसार 8 जून को सांसद कार्यालय से सरकारी पिस्टल, 35 राउंड गोली, डीवीआर, यूपीएस और दो मॉनिटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया था. घटना को लेकर तिलकामांझी थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार झा की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया एक डीवीआर, एक यूपीएस, दो मॉनिटर, सरकारी पिस्टल और 35 कारतूस बरामद कर लिए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी गए अधिकांश सामान की बरामदगी से जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.

दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी

जांच के दौरान पुलिस को घटना में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता की भी जानकारी मिली है. पुलिस के अनुसार पांडव महतो नामक आरोपी फिलहाल फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.

गिरफ्तार आरोपित पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार झा का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं. अधिकारियों का मानना है कि इसी अनुभव के आधार पर उसने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी. पूरे अभियान का नेतृत्व नगर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार चौधरी ने किया. पुलिस अधिकारियों ने टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई से मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका.

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन