कटोरिया के स्कूल में किसने किया एलकेजी छात्र पर जानलेवा हमला? हॉस्टल जांच करने पहुंची डॉग स्क्वॉयड टीम

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

जांच करती डॉग स्क्वॉयड की टीम.

LKG Student Attack: राधानगर स्कूल परिसर में घंटों चली जांच, ICU में जिंदगी की जंग लड़ रहा है 5 वर्षीय छात्र, पुलिस हर एंगल से कर रही पड़ताल.

विज्ञापन

कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट

LKG Student Attack: कटोरिया थाना क्षेत्र के राधानगर बाजार स्थित माउंट केरला आवासीय विद्यालय में एलकेजी के एक छात्र पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी अब और भी उलझती जा रही है. मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है. इसी कड़ी में डॉग स्क्वॉयड की टीम विद्यालय परिसर पहुंची और घटनास्थल से लेकर छात्रावास के विभिन्न हिस्सों में घंटों तक जांच-पड़ताल की. पुलिस को उम्मीद है कि वैज्ञानिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जल्द ही इस सनसनीखेज घटना का राज सामने आ सकता है.

डॉग स्क्वॉयड ने बारीकी से किया निरीक्षण

सोमवार की अहले सुबह हॉस्टल के बाथरूम में खून से लथपथ हालत में मिले एलकेजी छात्र आनंद कुमार के मामले में डॉग स्क्वॉयड की टीम विशेष जांच के लिए विद्यालय पहुंची थी. टीम ने बाथरूम, छात्रावास के कमरों, स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया. जांच के दौरान पुलिस अधिकारियों ने टीम को घटनास्थल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं. हर संभावित सुराग को जोड़कर घटना की कड़ियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है मासूम

घायल छात्र आनंद कुमार, जो जयश्री गांव निवासी कुमोद यादव का पुत्र है, अभी भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है. बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है. जानकारी के अनुसार छात्र के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. गंभीर चोटों के कारण उसकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है.

पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

घटना सामने आने के बाद राधानगर समेत पूरे कटोरिया क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के अभिभावकों के बीच भी चिंता और भय का माहौल है. लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर एक छोटे बच्चे पर इतना निर्मम हमला किसने और क्यों किया. मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

फोरेंसिक जांच के बाद अब तकनीकी साक्ष्यों पर फोकस

घटना के बाद पहले ही एसडीपीओ डॉ. रवींद्र मोहन प्रसाद, कटोरिया थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार और फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य प्रमाणों की गहन जांच कर रही है. जांच एजेंसियां किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही हैं.

स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ जारी

पुलिस विद्यालय की प्राचार्या, कक्षा शिक्षक, मेस इंचार्ज सहित अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है. जांच का दायरा बढ़ाया गया है ताकि घटना के पीछे की सच्चाई तक पहुंचा जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण खुलासा हो सकता है. फिलहाल पूरे क्षेत्र की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जबकि लोग घायल छात्र के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं.

Also Read :बस में बांका से भागलपुर शराब लेकर जा रही महिला गिरफ्तार, 8 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन