ePaper

इन बच्चों के नाम रहा साल 2017

Updated at : 27 Dec 2017 6:51 AM (IST)
विज्ञापन
इन बच्चों के नाम रहा साल 2017

वर्ष 2017 विदा ले रहा है. विदाई की इस घड़ी में जब पलट कर आप देखेंगे, तो कई ऐसी घटनाओं पर आपकी नजर टिकेगी, जो आपको ऊर्जा से भर देंगी. खेल, राजनीति, सिनेमा, अर्थव्यवस्था आदि से इतर दुनियाभर के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा के दम पर इस वर्ष खबरों में अपनी जगह बनायी. प्रस्तुत […]

विज्ञापन
वर्ष 2017 विदा ले रहा है. विदाई की इस घड़ी में जब पलट कर आप देखेंगे, तो कई ऐसी घटनाओं पर आपकी नजर टिकेगी, जो आपको ऊर्जा से भर देंगी. खेल, राजनीति, सिनेमा, अर्थव्यवस्था आदि से इतर दुनियाभर के बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा के दम पर इस वर्ष खबरों में अपनी जगह बनायी. प्रस्तुत है ऐसे ही 12 बच्चों के बारे में रोचक जानकारी.
मो अल जोंडी
उम्र : 16 वर्ष (बेका घाटी)
मिला अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार
सीरिया के अल जोंडी को सीरियाई शरणार्थी बच्चों के अधिकारों को सुनिश्चित करने के प्रयासों के लिए 4 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार 2017 से सम्मानित किया गया.
अल जोंडी खुद एक युद्ध शरणार्थी हैं. उन्होंने बेका घाटी में स्थित शरणार्थी शिविर में अपने परिवार के साथ मिल कर एक स्कूल की स्थापना की है और यह स्कूल अभी 200 बच्चों को शिक्षा मुहैया करा रहा है. जोंडी के मुताबिक, स्कूल सिर्फ वह स्थान नहीं है, जहां आप पढ़ना और लिखना सीखते हैं, बल्कि यह एक ऐसा स्थान भी है, जहां आप दोस्त बना सकते हैं और यादों को संजो कर रख सकते हैं.
प्रणय वराडा
उम्र : 14 वर्ष(कक्षा : आठवीं)
जीता 50 हजार अमेरिकी डॉलर
भारतीय मूल के अमेरिकी छात्र प्रणय इस वर्ष प्रतिष्ठित नेशनल ज्योग्राफिक बी प्रतियोगिता के विजेता बने. इस वर्ष मई माह में जारी हुए रिजल्ट में प्रणय को 50,000 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 32 लाख रुपये का पुरस्कार मिला. टेक्सास में रहनेवाले प्रणय आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं. प्रणय वर्ष 2016 में भी इस प्रतियोगिता में दूसरे नंबर पर थे.
दानिश महमूद
उम्र : 14 वर्ष (कक्षा : नौवीं)
यूरोपियन यूनियन कॉन्टेस्ट में रहे विजेता
इस्तोनिया की राजधानी टैलिन में आयोजित यूरोपियन यूनियन कॉन्टेस्ट फॉर यंग साइंटिस्ट-2017 में कनाडा के रहनेवाले दानिश महमूद विजेता बने. यह इस कॉन्टेस्ट का 29वां संस्करण था.
इस वर्ष 26 सितंबर को इस कॉन्टेस्ट के रिजल्ट की घोषणा की गयी. नवीं ग्रेड के छात्र दानिश को यह अवार्ड वायरलेस इंटर कनेक्टेड नॉन इनवेसिव सिस्टम बनाने के लिए दिया गया. इस सिस्टम में एक सेंसर शामिल है, जिसे अंगुली में पहना जा सकता है.
यह सेंसर हृदय रोग, शरीर के तापमान और ब्लड प्रेशर सहित कई अन्य बीमारियों के लक्षणों का पता लगाता है. दानिश के मुताबिक, ऐसी बीमारियों की चेकिंग के लिए अक्सर मरीज को घंटों वेटिंग रूम में बिताने पड़ जाते हैं. एक बार उन्हें भी ऐसी दिक्कत का सामना करना पड़ा था, तब उनके दिमाग में यह सिस्टम बनाने का ख्याल आया. दानिश को पुरस्कार स्वरूप 7000 यूरो यानी लगभग पांच लाख 30 हजार रुपये मिले.
सनी पवार
उम्र : 08 वर्ष(मंुबई)
झुग्गियों से ऑस्कर का सफर
इस वर्ष २६ फरवरी को 89वें ऑस्कर समारोह में पहुंचनेवाले सनी देश और दुनिया के सबसे कम उम्र के कलाकार हैं. सनी अपनी फिल्म लॉयन के लिए वहां पहुंचे. सनी ने फिल्म में देव पटेल की बचपन की भूमिका निभायी है. मुंबई में कलिना के पास एक छोटी-सी झुग्गी-बस्ती में रहनेवाले सनी पवार गवर्मेंट एयर इंडिया मॉडर्न स्कूल में पढ़ाई करते हैं.
अंजलि गायकवाड़
उम्र : 11 वर्ष(अहमदनगर, महाराष्ट्र)
बनी सारेगामापा की संयुक्त विजेता
सिंगिंग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स को इस वर्ष एक नहीं, बल्कि दो विजेता मिले. यह सारेगामापा लिटिल चैंप्स का छठा सीजन था. सभी ने अपनी गायिकी से 10 माह तक लोगों का भरपूर मनोरंजन किया. अक्तूबर माह में हुए इसके ग्रैंड फिनाले में महाराष्ट्र की अंजलि गायकवाड़ को कोलकाता के श्रेयण के बराबर अंक मिले.
वांग पोक लो
उम्र : 13 वर्ष(एडिनबर्ग, स्कॉटलैंड)
मात्र 13 वर्ष की आयु में हुए ग्रेजुएट
हॉंगकॉन्ग मूल के ब्रिटिश छात्र वांग पोक लो ने मात्र 13 वर्ष की आयु में ग्रेजुएट की डिग्री हासिल कर सबसे कम उम्र में ग्रेजुएट होने का रिकॉर्ड बनाया है. वांग को गणित विषय में 100 प्रतिशत अंक भी प्राप्त हुए. वांग बचपन से ही गणित में काफी तेज थे. उन्होंने अपनी हायर सेकेंडरी मात्र ११ वर्ष में पूरी की थी, फिर वांग स्कॉटलैंड आ गये.
गीतांजलि राव
उम्र : 11 वर्ष(मिशिगन, अमेरिका)
बनी दुनिया की सबसे यंग साइंटिस्ट
भारतीय मूल की अमेरिकी छात्रा गीतांजलि राव ने दुनिया की सबसे यंग साइंटिस्ट होने का खिताब इस वर्ष 18 अक्तूबर को अपने नाम किया. गीतांजलि सातवीं कक्षा की छात्र है. इन्होंने पानी में लेड (सीसा) पॉल्यूशन को पता करने का आसान तरीका विकसित कर अमेरिका की ‘टॉप यंग साइंटिस्ट’ अवार्ड को जीत लिया.
श्रेयण भट्टाचार्य
उम्र : 12 वर्ष(मेदनीपुर, पश्चिम बंगाल)
सारेगामापा के दूसरे विनर रहे श्रेयण
इस वर्ष 30 अक्तूबर को हुए सारेगामापा लिटिल चैंप्स के ग्रैंड फिनाले में श्रेयण ने अपनी मधुर आवाज से हवाएं, सूरज डूबा और जालिमा जैसे रोमांटिक गाने गाये. श्रेयण भट्टाचार्य के मुताबिक, वे अमिताभ बच्चन के साथ गाना चाहते हैं. कोलकाता में अपने माता-पिता के साथ रहनेवाले श्रेयण पहले ही एक बंगाली फिल्म के लिए गाना गा चुके हैं.
रिफत शारुक
उम्र : 18 वर्ष(कक्षा : 12वीं)
बनाया सबसे हल्का सैटेलाइट
तमिलनाडु के पल्लापट्टी के रहनेवाले रिफत ने दुनिया का सबसे हल्का सैटेलाइट बनाया. इस सैटेलाइट का वजन 64 ग्राम से भी कम है, जिसे नासा द्वारा इस वर्ष 22 जून को लॉन्च किया गया. रिफत ने इस सैटेलाइट का नाम कलामसैट रखा. यह किसी भी भारतीय छात्र का बनाया हुआ पहला सैटेलाइट है, जिसे नासा ने लॉन्च किया.
मनोज आकाश
उम्र : 16 वर्ष(कक्षा : 10वीं)
मिला राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
बाल दिवस के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तमिलनाडु के मनोज को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार का स्वर्ण पदक प्रदान किया. पीड़ा रहित दिल के दौरे यानी साइलेंट हार्ट अटैक का पता लगानेवाले डिवाइस के निर्माण के लिए इन्हें यह पुरस्कार मिला. मनोज द्वारा बनाया गया डिवाइस छह घंटे पहले ही साइलेंट अटैक का पता लगा सकता है.
हर्षवर्धन सिंह जाला
उम्र : 14 वर्ष(कक्षा : 10वीं)
बनाया कमाल का एंटी लैंडमाइन ड्रोन
गुजरात में इस वर्ष हुए वाइब्रेंट समिट में 12 जनवरी को हर्षवर्धन जाला ने गुजरात सरकार के साथ पांच करोड़ के एमओयू पर हस्ताक्षर किया. दरअसल, अहमदाबाद के हर्षवर्धन ने ऐसा ड्रोन बनाया है, जो लैंड माइंस का पता लगा सकेगा. इस ड्रोन की मदद से उसे निष्क्रिय भी किया जा सकेगा. इस अनोखे ड्रोन में आरजीबी सेंसर और थर्मल मीटर लगा है.
जयशील बुद्धदेव
उम्र : 08 वर्ष(कक्षा : तीसरी)
सोशल वर्क के लिए मिला सम्मान
गुरुग्राम के रहनेवाले जयशील को उसकी असाधारण योग्यता के लिए इस वर्ष 14 नवंबर को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के रजत पदक से सम्मानित किया गया. जयशील छोटी-सी उम्र में गायन कला में निपुण हैं. इस कला का उपयोग करते हुए वह लोगों के बीच स्वच्छता की अलख जगाते हैं. स्कूलों में जाकर वे अपने जैसे बच्चों को प्रेरित करते हैं.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola