ट्रंप ने अपने दामाद को सलाहकार नियुक्त किया, डेमोक्रेट ने लगाया भाई-भतीजेवाद का आरोप

Updated at : 10 Jan 2017 9:48 PM (IST)
विज्ञापन
ट्रंप ने अपने दामाद को सलाहकार नियुक्त किया, डेमोक्रेट ने लगाया भाई-भतीजेवाद का आरोप

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दामाद जैरेड कुशनर को आज अपना वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया जिससे वह आगामी व्हाइट हाउस टीम में सर्वाधिक शक्तिशाली लोगों में शामिल हो जाएंगे. इसके बाद, डेमोक्रेट ने इस कदम की फौरन समीक्षा करने की अपील की है. कुशनर ने इवांका ट्रम्प से शादी […]

विज्ञापन

वाशिंगटन : अमेरिका के राष्ट्रपति चुने गए डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दामाद जैरेड कुशनर को आज अपना वरिष्ठ सलाहकार नियुक्त किया जिससे वह आगामी व्हाइट हाउस टीम में सर्वाधिक शक्तिशाली लोगों में शामिल हो जाएंगे. इसके बाद, डेमोक्रेट ने इस कदम की फौरन समीक्षा करने की अपील की है. कुशनर ने इवांका ट्रम्प से शादी की है. वह एक प्रापर्टी डेवलपर हैं जिनका व्यापक कारोबारी हित है.

उन्होंने राष्ट्रपति चुनाव प्रचार में एक अहम भूमिका निभाई थी और व्हाइट हाउस में उनके नये काम के दायरे में देश एवं विदेश नीति, दोनो होगी. ट्रंप ने राष्ट्रपति पद के लिए 20 जनवरी के अपने शपथ ग्रहण से पहले एक बयान में कहा, ‘‘चुनाव प्रचार के दौरान कुशनर एक विश्वसनीय सलाहकार रहे और अपने प्रशासन में एक प्रमुख नेतृत्वकारी भूमिका के लिए उन्हें लेने पर मुझे गर्व है.’

ट्रंप ने कहा, ‘‘वह कारोबार और अब राजनीति, दोनों में काफी सफल रहे हैं. वह मेरी टीम के एक अमूल्य सदस्य होंगे जिसे मैंने गठित किया है. वह एक महत्वाकांक्षी एजेंडा को क्रियान्वित करेंगे जिसमें अमेरिकी जनता को वरीयता दी जाएगी.’ प्रेसीडेंशियल ट्रांजिशन टीम ने एक बयान में बताया कि कुशनर ने प्रशासन में सेवा देने के दौरान वेतन नहीं लेने का विकल्प चुना है. व्हाइट हाउस के आगामी चीफ ऑफ स्टाफ रेंस प्रेबस ने बताया कि कुशनर संचार करने और व्यापक समर्थन जुटाने की दुर्लभ क्षमता वाले एक दूरदृष्टा हैं. उन्होंने बताया कि कुशनर की उद्यमी सोच और उनका खुला दिमाग, चीजों को ग्रहण करने क्षमता और बुद्धिमता टीम के लिए बडी संपत्ति होगी.

ट्रंप की कानूनी टीम ने कहा है कि कुशनर के व्हाइट हाउस में सेवा देने में कोई कानूनी समस्या नहीं है क्योंकि 1967 में लागू भाई भतीजावाद रोधी कानून राष्ट्रपति के कर्मचारी पर लागू नहीं होता.कुशनर ने कहा, ‘‘अपने देश के लिए काम करना सम्मान की बात है. मैं नवनिर्वाचित राष्ट्रपति और अमेरिकी जनता के जोश से उत्साहित हूं. मैं सेवा का यह अवसर पाकर ‘अभिभूत’ हूं. ‘ समझा जा रहा है कि कुशनर की इस पद पर नियुक्ति के बाद उनका प्रभाव घरेलू और विदेशी नीतियों, खास तौर पर पश्चिम एशिया संबंधी मुद्दों एवं व्यापार संबंधी समझौतों पर बढ जाएगा.

कुशनर के अटार्नी जेमी गोरलिक ने बताया कि कुशनर की योजना अपनी कंपनियों के प्रबंधन पद से इस्तीफा देने की है. निवर्तमान ओबामा प्रशासन ने कहा कि अपनी टीम में किसको शामिल किया जाए और किसको नहीं, यह नवनिर्वाचित राष्ट्रपति पर निर्भर करता है. व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जोश अर्नेस्ट ने कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति चुने गए ट्रंप को वैसे किसी व्यक्ति को चुनने दूंगा जिसे वह अपने साथ रखना चाहते हैं.’ इस बीच, सदन न्यायपालिका समिति के सदस्यों ने न्याय विभाग और सरकार के नैतिकता विभाग से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है. वहीं, डेमोक्रेटिक सांसदों ने आरोप लगाया है कि कुशनर का व्हाइट हाउस में पद उन्हें उन नीतियों को प्रभावित करने की इजाजत दे सकता है जो उनके कारोबारी हितों को फायदा पहुंचाता हो.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola