ePaper

अमेरिका के विदेश मंत्रालय के नेतृत्व के लिए निक्की हेली के नाम पर विचार

Updated at : 17 Nov 2016 3:13 PM (IST)
विज्ञापन
अमेरिका के विदेश मंत्रालय के नेतृत्व के लिए निक्की हेली के नाम पर विचार

वाशिंगटन : अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कैबिनेट में अमेरिका के विदेश मंत्री के पद के लिए दक्षिण कैरोलिना की भारतीय अमेरिकी गवर्नर निक्की हेली के नाम पर विचार किया जा रहा है. मीडिया रिपोर्टों में आज यह बात कही गयी. रिपब्लिकन पार्टी का उभरता सितारा मानी जा रही 44 वर्षीय निक्की ने […]

विज्ञापन

वाशिंगटन : अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कैबिनेट में अमेरिका के विदेश मंत्री के पद के लिए दक्षिण कैरोलिना की भारतीय अमेरिकी गवर्नर निक्की हेली के नाम पर विचार किया जा रहा है. मीडिया रिपोर्टों में आज यह बात कही गयी. रिपब्लिकन पार्टी का उभरता सितारा मानी जा रही 44 वर्षीय निक्की ने रिपब्लिकन प्राइमरी चुनाव में सीनेटर मार्को रबियो को समर्थन दिया था लेकिन निक्की आम चुनाव से पहले ट्रंप के समर्थन में आगे आयी थीं और उन्होंने कहा था कि वह न्यूयार्क के अरबपति कारोबारी को वोट देंगी.

भारतीय प्रवासियों की बेटी निक्की को यदि मंत्री पद के लिए चुना जाता है तो वह ट्रंप के कैबिनेट में नस्ली एवं लैंगिक विविधता दोनों लेकर आएगी. रिपोर्टों एवं सूत्रों के अनुसार न्यूयार्क के पूर्व मेयर रडी गुइलियानी भी इस पद के मजबूत दावेदार हैं. ट्रंप के सत्ता हस्तांतरण दल के प्रवक्ता सीन स्पाइसर ने कल रात संवाददाताओं के साथ एक कांफ्रेंस कॉल में उन उम्मीदवारों की सूची में 44 वर्षीय निक्की का भी नाम लिया जिनसे ट्रंप को आज मुलाकात करनी है.

इसके अलावा 70 वर्षीय ट्रंप पूर्व विदेश मंत्री हेनी किसिंजर, जनरल (सेवानिवृत्त) जैक कीन, एडमिरल माइक रोजर्स और केन ब्लैकवेल समेत कई लोगों से मुलाकात करेंगे. इनमें से कुछ बैठकों का संबंध कैबिनेट के संभावित सदस्यों को चुनने से हैं और कुछ बैठकों का मकसद विचार साझे करना और विचार विमर्श करना है. ट्रंप के एक निकट सहयोगी ने इससे पहले बताया था कि निक्की के नाम पर विदेश मंत्री समेत कैबिनेट के किसी पद के लिए विचार किया जा रहा है.

दक्षिण कैरोलिना के लेफ्टिनेंट गवर्नर हेनरी मैकमास्टर ने ‘द पोस्ट एंड कूरियर’ से कहा, ‘ट्रंप हमारी सरकार में इस प्रकार नयी सोच के लोगों को लाना चाहते हैं.’ समाचार पत्र ने और कोई जानकारी मुहैया नहीं करायी. ट्रंप के सत्ता हस्तांतरण दल ने अभी इस बात का कोई संकेत नहीं दिया है कि कैबिनेट के विभिन्न पदों के लिए किन नेताओं को चुना जाएगा. नवनिर्वाचित राष्ट्रपति ने स्वयं ट्वीट किया था कि केवल वह अंतिम सूची के बारे में जानते हैं.

मैक्मास्टर ने ट्रंप की ऐतिहासिक जीत के तत्काल बाद ट्रंप की टीम से बातचीत शुरू कर दी थी. उन्होंने दक्षिण कैरोलिना के स्थानीय समाचार पत्र को बताया कि विदेश मंत्री समेत कैबिनेट के विभिन्न पदों के लिए राज्य की पहली महिला गवर्नर एवं पहली भारतीय अमेरिकी महिला गवर्नर निक्की के नाम पर विचार किया जा रहा है. इस रिपोर्ट पर न तो दक्षिण कैरोलिना गवर्नर के कार्यालय और न ही ट्रंप के सत्ता हस्तांतरण दल ने कोई प्रतिक्रिया दी है.

दक्षिण कैरोलिना में इस समाचार का स्वागत किया गया है लेकिन एक राजनीतिक विश्लेषक ने इस प्रकार के प्रस्ताव को लेकर संशय व्यक्त किया है. कॉलेज ऑफ चार्ल्सटन में राजनीतिक शास्त्री केंड्रा स्टीवर्ट ने कहा, ‘विदेश मंत्री का पद निक्की के विशेषज्ञा से क्षेत्र के हिसाब से थोड़ा परे है. निक्की को विदेश नीति, व्यापार एवं संरक्षणवाद के बारे में अभी अनुभव हासिल करना है.’

ट्रंप प्रशासन में कैबिनेट पद के लिए चुने जाने को लेकर जिन लोगों के नाम की अटकलें लगायी जा रही हैं, उनमें निक्की दूसरी भारतीय अमेरिकी हैं. लुइसियाना के पूर्व गवर्नर बॉबी जिंदल का नाम भी संभावित कैबिनेट मंत्रियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola