ePaper

पेशावर की धरती फिर हुई लाल, हमला करने वाले सभी आतंकी ढेर, 42 की मौत

Updated at : 18 Sep 2015 5:32 PM (IST)
विज्ञापन
पेशावर की धरती फिर हुई लाल, हमला करने वाले सभी आतंकी ढेर, 42 की मौत

पेशावर : पाकिस्तान के इस अशांत शहर में भारी हथियारों से लैस तालिबान आतंकवादियों ने आज वायु सेना के एक अड्डे और इसके अंदर बनी एक मस्जिद पर हमला कर दिया जिसमें कम से कम 29 लोग मारे गए. इसके अलावा 30 से अधिक लोग घायल हो गये हैं. सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 13 […]

विज्ञापन

पेशावर : पाकिस्तान के इस अशांत शहर में भारी हथियारों से लैस तालिबान आतंकवादियों ने आज वायु सेना के एक अड्डे और इसके अंदर बनी एक मस्जिद पर हमला कर दिया जिसमें कम से कम 29 लोग मारे गए. इसके अलावा 30 से अधिक लोग घायल हो गये हैं. सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 13 आतंकवादी भी ढेर हो गए.

देश के किसी सैन्य प्रतिष्ठान में हुए बड़े आतंकी हमलों में से एक इस हमले में विस्फोटक से भरे जैकेट पहने और हाथ से चलाए जाने वाले ग्रेनेड, मोर्टार, एके-47 राइफलों से लैस आतंकवादियों के समूह ने पहले एक सुरक्षा चौकी पर धावा बोलाः फिर ये आतंकवादी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर के बाहरी हिस्से में स्थित बडाबेर एयर बेस में घुस गये. सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसीम बाजवा ने ट्वीट कर बताया कि सुरक्षा बलों ने 13 आंतकवादियों को मार गिराया है.

बाजवा ने कहा है कि वायु सेना शिविर के भीतर एक मस्जिद में 16 व्यक्ति नमाज अदा कर रहे थे जिन्हें आतंकवादियों ने मार डाला. एक अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि उन्हें एक और अज्ञात शव मिला है. बाजवा ने कहा कि आतंकवादियों ने उप-समूहों में विभाजित होकर दो अलग अलग भागों से शिविर में प्रवेश किया और सुरक्षा बलों के साथ उनकी भीषण मुठभेड हुयी. इस हमले में आठ सैनिकों और दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी सहित कम से कम 22 लोग घायल हो गये.

घायल व्यक्तियों को पेशावर के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है और दो घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) ले जाया गया है. दोनों अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गयी है. तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. टीटीपी के प्रवक्ता मोहम्मद खुरासानी ने ईमेल के जरिए एक बयान में बताया हमारी आत्मघाती इकाई ने यह हमला किया.

पिछले महीने भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने बलूचिस्तान प्रांत में एक हवाई अड्डे पर हमला किया था और इसकी रडार प्रणाली को ध्वस्त कर दो इंजीनियरों को मार डाला था. पिछले साल जून में कराची के जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी आतंकवादियों ने हमला किया था जिसमें 10 आतंकवादियों सहित 36 लोग मारे गये थे.

आज का हमला उस जगह पर हुआ है जो कबायली इलाकों से घिरी हुई है. कबायली इलाकों में पिछले एक साल में सेना ने तालिबान और अन्य उग्रवादियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है.पाकिस्तान में हजारों लोगों को मौत की नींद सुला देने वाले, करीब एक दशक से चल रहे इस्लामिक उग्रवाद को खत्म करने के उद्देश्य से सेना ने आतंकी ठिकानों को नष्ट करने के प्रयासों के तहत जून 2014 में ‘‘जर्ब…ए…अज्ब’ अभियान चलाया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola