करतारपुर गलियारा : उद्घाटन समारोह में पाकिस्तान नहीं जायेंगे पूर्व PM मनमोहन सिंह !

Updated at : 30 Sep 2019 7:59 PM (IST)
विज्ञापन
करतारपुर गलियारा : उद्घाटन समारोह में पाकिस्तान नहीं जायेंगे पूर्व PM मनमोहन सिंह !

नयी दिल्ली/इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने करतारपुर गलियारे के उद्घाटन समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आमंत्रित करने का फैसला किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सिंह के इस कार्यक्रम में शामिल होने की कोई संभावना नहीं है. पूर्व प्रधानमंत्री के करीबी सूत्रों का कहना है कि सिंह के पाकिस्तान जाने की संभावना […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली/इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने करतारपुर गलियारे के उद्घाटन समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आमंत्रित करने का फैसला किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सिंह के इस कार्यक्रम में शामिल होने की कोई संभावना नहीं है.

पूर्व प्रधानमंत्री के करीबी सूत्रों का कहना है कि सिंह के पाकिस्तान जाने की संभावना नहीं है क्योंकि वह 10 साल तक प्रधानमंत्री रहते हुए भी कभी इस पड़ोसी देश नहीं गये. दरअसल, पाकिस्तान ने नवंबर में होने वाले करतारपुर गलियारे के उद्घाटन समारोह में सिंह को आमंत्रित करने का फैसला किया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. यह कॉरिडोर करतारपुर स्थित दरबार साहिब को पंजाब के गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक से जोड़ेगा जिससे भारतीय श्रद्धालु वीजा मुक्त आवाजाही कर सकेंगे. करतारपुर जाने वाले श्रद्धालुओं को केवल परमिट लेना होगा.

भारतीय सिख श्रद्धालुओं के लिए पाकिस्तान इस कॉरिडोर को नौ नवंबर को खोलेगा. कुरैशी ने एक टीवी चैनल को बताया, करतारपुर गलियारे का उद्घाटन एक बड़ा कार्यक्रम है पाकिस्तान इसकी जोर-शोर से तैयारी कर रहा है. हमने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को इसमें बुलाने का निर्णय किया है. हम जल्दी ही इस बारे में उन्हें एक औपचारिक पत्र भेजेंगे. उन्होंने कहा कि सिंह, सिख समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं. सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के 12 नवंबर को होने वाले 550वें प्रकाश पर्व से तीन दिन पहले नौ नवंबर को पाकिस्तान सिख श्रद्धालुओं के लिए इस कॉरिडोर को खोलेगा.

विदेश मंत्री ने बताया कि पाक प्रधानमंत्री इमरान खान की इसमें व्यक्तिगत रुचि है. उन्होंने कहा, विचार-विमर्श के बाद, पाकिस्तान ने उद्घाटन समारोह में मनमोहन सिंह को बुलाने का निर्णय किया है, जिनका हम अत्यधिक सम्मान करते हैं. पाकिस्तान ने करतारपुर गलियारे के माध्यम से भारत के पांच हजार सिख श्रद्धालुओं को रोजाना नरोवाल स्थित गुरुद्वारा करतारपुर साहिब का दर्शन करने की अनुमति दी है. कुरैशी ने कहा, सरकार की तरफ से पाकिस्तान का विदेश मंत्री होने के नाते मैं उन्हें (सिंह को) करतारपुर गलियारे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित करूंगा. उन्होंने कहा कि सरकार की जल्दी ही इस बारे में 87 वर्षीय नेता को एक औपचारिक पत्र भेजने की मंशा है.

कुरैशी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को समारोह में बुलाये जाने को सही ठहराते हुए कहा कि सिंह सिख धर्म के हैं और वह सिख समुदाय के प्रतिनिधि हैं. उन्होंने बताया, सिख श्रद्धालुओं का स्वागत करके हमें प्रसन्नता होगी, जो गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर करतारपुर आने वाले हैं. करतारपुर गलियारा परियोजना के निदेशक आतिफ माजिद ने इस महीने के शुरू में कहा था कि गलियारे का 86 फीसदी काम पूरा हो चुका है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola