World Boxing Championship: निकहत जरीन प्री क्वार्टरफाइनल में, कहा- दबदबा बनाने की थी रणनीति
Published by : Agency Updated At : 19 Mar 2023 5:27 PM
महिला वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है. अब 50 किग्रा वर्ग में निकहत जरीन ने अपना मुकाबला जीतकर प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है. निकहत ने पूरे मैच में शुरू से दबदबा बनाये रखा. उन्होंने अल्जीरिया की बोआलम रोमायसा को हराया.
भारत की स्टार मुक्केबाज निकहत जरीन ने रविवार को अल्जीरिया की बोआलम रोमायसा को हराकर महिला विश्व चैंपियनशिप के प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया. 50 किग्रा वर्ग में प्रतिस्पर्धा कर रही निकहत ने मौजूदा अफ्रीकी चैंपियन को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर टूर्नामेंट में दूसरी जीत दर्ज की. दोनों मुक्केबाजों ने सतर्क शुरुआत करते हुए सुरक्षित दूरी बनाये रखी. पिछले चरण में स्वर्ण पदक जीतने वाली निकहत ने पहला अंक जुटाया.
अल्जीरियाई मुक्केबाज को इसके बाद अंक मिला जिसके बाद दोनों मुक्केबाजों ने एक दूसरे को पछाड़ने का प्रयास किया. निकहत जरीन ने जहां ‘कॉम्बिनेशन’ (सभी तरीकों के मुक्के) मुक्के जड़कर अंक जुटाये, वहीं रोमायसा ने भारतीय मुक्केबाज के ‘ओपन गार्ड’ (गार्ड नीचे करके खेलना) से फायदा उठाकर कई मुक्के जड़े. पहला राउंड निकहत के पक्ष में रहा और दूसरे में भी उन्होंने रोमायसा को कोई मौका नहीं दिया जो आक्रामक होने की कोशिश कर रही थीं.
Also Read: सलमान खान ने बॉक्सर निकहत जरीन संग अपने पॉपुलर सॉन्ग पर किया डांस, फैंस बोले- बधाई हो सपना पूरा हुआ VIDEO
फिर दोनों आक्रामक होने के बाद एक दूसरे को जकड़े रहीं लेकिन अंत में केडी जाधव स्टेडियम में विजेता बनी निकहत. निकहत ने मुकाबले के बाद कहा कि आज मेरी रणनीति दबदबा बनाने की थी क्योंकि रोमायसा शीर्ष वरीय मुक्केबाज थीं. वरीयता का फायदा होता है. मुझे भी वरीयता मिली. अगर मैं शीर्ष वरीय को हराती हूं तो इससे ‘जजों’ पर प्रभाव पड़ता है. उन्होंने कहा, कि मैंने उसके मुकाबले देखे हैं. अगर आप उसके करीब से खेलो तो वह काफी हावी हो जाती हैं.
उन्होंने कहा कि इसलिए मेरा लक्ष्य दूर से ही मुक्के जड़ने का था, हालांकि ‘क्लिंचिंग’ (एक दूसरे को जकड़ना) हुई.’ दिन में एक अन्य मुकाबले में 2022 विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा मौन (57 किग्रा) अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया की रहीमी टीना के खिलाफ करेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










