Live Updates

West Bengal Breaking News : हावड़ा में डेंगू से युवक की मौत

Updated:
विज्ञापन

West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

विज्ञापन

हावड़ा में डेंगू से युवक की मौत

हावड़ा जिले में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले दिनों डेंगू से विवाहिता नीतू सिंह की मौत के बाद अब एक युवक की डेंगू से मौत होने की खबर है. मृतक का नाम आतिश सिंह (25) बताया गया है. वह मध्य हावड़ा के रामेश्वर मालिया लेन का रहने वाला था. इस बारे में पूछे जाने पर हावड़ा नगर निगम के प्रशासनिक बोर्ड के चेयरमैन डॉ सुजय चक्रवर्ती ने बताया कि आतिश पीलिया से भी पीड़ित था. उसे पिछले 15 दिनों से बुखार था. सोमवार को उसे आंदुल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. मृतक के डेथ सर्टिफिकेट में मौत का कारण डेंगू बताया गया है. इस घटना से इलाके में शोक है. गौरतलब है कि कोलकाता में अब तक पांच लोगों की मौत डेंगू से हो चुकी है, जबकि एक हजार से अधिक इसकी चपेट में हैं.

ईडी ने आइएएस अधिकारी से फिर की पूछताछ

नगरपालिकाओं में हुईं नियुक्तियों में कथित अनियमितता के मामले में धनशोधन पक्ष की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को राज्य के एक आइएएस अधिकारी ज्योतिष्मान चटर्जी से फिर पूछताछ की है. पूछताछ के लिए चटर्जी को इस दिन फिर तलब किया गया था. साहा सुबह सीजीओ काॅम्प्लेक्स स्थित केंद्रीय जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचे. वहां उनसे पूछताछ की गयी. इसके पहले गत सोमवार भी उनसे पूछताछ की गयी थी. वह वर्ष 2017 से वर्ष 2019 तक लोक निर्माण एवं शहरी विकास विभाग में कार्यरत थे.

बीरभूम में भूकंप की अनुभूति

बीरभूम जिले में मंगलवार को भूकंप की अनुभूति हुई. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भूकंप का केंद्र झारखंड के दुमका जिले का बांसबेड़िया ग्राम बताया गया है. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 बतायी गयी है. हालांकि इस भूकंप से बीरभूम जिले में किसी भी तरह के नुकसान की सूचना नही है. लेकिन भूकंप से जिले के लोगों में दहशत फैल गयी.

ज्योतिप्रिय की गिरफ्तारी दुर्भाग्यपूर्ण : शोभनदेव

मंत्री शोभनदेव चटर्जी ने कहा ज्योतिप्रिय की गिरफ्तारी उनके लिए दुखद है. शोभनदेव ने कहा, अगर बालू ने अपराध किया है, तो वह चुप नहीं रहेंगे. अगर दोष साबित हो गया, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी.

मुकुल राय के घर पहुंचे सिंचाई मंत्री व बीजपुर के विधायक

बंगाल की राजनीति के चाणक्य कहे जानेवाले मुकुल राय लंबे समय से घर पर हैं. सक्रिय राजनीति में अब उन्हें नहीं देखा जाता है. कृष्णानगर उत्तर से वह भाजपा के विधायक हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर हाफ पैंट पहने उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी. दुर्गापूजा खत्म होने के बाद यह खबर आयी कि वह बीमार चल रहे हैं. सिंचाई मंत्री पार्थ भौमिक व बीजपुर के विधायक सुबोध अधिकारी मुकुल राय के कांचरापाड़ा स्थित घर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. मंत्री ने इसे सौजन्य मुलाकात बताया.

सीआईडी ने कल्याणी एम्स के अधिकारी को किया तलब

राशन घोटाले में इडी द्वारा वन मंत्री व पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक को गिरफ्तार किये जाने के बाद अब बंगाल पुलिस की सीआईडी भी सक्रिय हो गयी है. सीआईडी ने कल्याणी एम्स में हुए नियुक्ति भ्रष्टाचार के मामले में संस्थान के कार्यवाहक निदेशक रामजी सिंह को तलब किया है. उन्हें पूछताछ के लिए नवंबर के पहले सप्ताह में भवानी भवन बुलाया गया है. सीआईडी सूत्रों के अनुसार, रामजी सिंह को इस बाबत नोटिस भेज दिया गया है. वहीं, रामजी सिंह ने नोटिस मिलने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि कल्याणी एम्स में अच्छा काम हो रहा है. चूंकि यह केंद्रीय संस्थान है, इसलिए इसे बदनाम करने की साजिश रची जा रही है. यह केंद्रीय संस्थान के अच्छे काम को रोकने की गंदी साजिश है. इसका उचित जवाब दिया जायेगा.

विज्ञापन
विज्ञापन
Shinki Singh

लेखक के बारे में

By Shinki Singh

10 साल से ज्यादा के पत्रकारिता अनुभव के साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत Sanmarg से की जहां 7 साल तक फील्ड रिपोर्टिंग, डेस्क की जिम्मेदारियां संभालने के साथ-साथ महिलाओं से जुड़े मुद्दों और राजनीति पर लगातार लिखा. इस दौरान मुझे एंकरिंग और वीडियो एडिटिंग का भी अच्छा अनुभव मिला. बाद में प्रभात खबर से जुड़ने के बाद मेरा फोकस हार्ड न्यूज पर ज्यादा रहा. वहीं लाइफस्टाइल जर्नलिज्म में भी काम करने का मौका मिला और यह मेरे लिये काफी दिलचस्प है. मैं हर खबर के साथ कुछ नया सीखने और खुद को लगातार बेहतर बनाने में यकीन रखती हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola