West Bengal Breaking News : बीएसएफ ने 14.08 लाख के सोने के दो बिस्कुटों समेत तस्कर को दबोचा
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
बीएसएफ ने 14.08 लाख के सोने के दो बिस्कुटों समेत तस्कर को दबोचा
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बार फिर सोने की तस्करी को नाकाम किया है. साथ ही एक तस्कर को भी पकड़ा है. आरोपी के कब्जे से सोने के दो बिस्कुटों को जब्त किया गया है. जिनकी कीमत करीब 14.08 लाख रुपये आंकी गयी है. घटना मुर्शिदाबाद स्थित भारत-बांग्लादेश सीमावर्ती इलाके की है. बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि गत बुधवार की रात को बीएसएफ की 141वीं बटालियन के जवानों ने सीमा चौकी फर्जीपाड़ा इलाके में एक युवक की संदिग्ध गतिविधि देखी, जो वाहन से नूतनपाड़ा गांव और टोलटोली की ओर जा रहा था. वाहनों ने जांच के लिए उसके वाहन को रुकवाया. तलाशी के दौरान उसके वाहन से सोने के दो बिस्कुट मिले, जिनका वजन करीब 233.27 ग्राम है.
माकपा दफ्तर में की तोड़फोड़, फेंके पार्टी के झंडे
पूर्व बर्दवान के कालना-दो ब्लॉक के कल्याणपुर ग्राम पंचायत के राहतपुर गांव में माकपा के पार्टी दफ्तर में तोड़फोड़ की गयी. साथ ही उक्त ब्लॉक के वैद्यपुर ग्राम पंचायत के गोपालदासपुर गांव में वाम समर्थक दंपती की पिटाई कर दी गयी. पति-पत्नी अस्पताल में भर्ती हैं. माकपा ऑफिस में तोड़फोड़ व दंपती की पिटाई का आरोप तृणमूल समर्थित बदमाशों पर लगा है. पाटिलपाड़ा गांव के माकपा कैडर के घरों को लक्ष्य कर बमबाजी की गयी.
बारासात में 3 बीजेपी प्रत्याशियों के घरों पर हमला
बारासात में 3 बीजेपी प्रत्याशियों के घरों पर हमला किया गया है. बीजेपी प्रत्याशियों के घरों पर ईंटें फेंकी गईं. बीजेपी ने तृणमूल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. सत्ता पक्ष ने हमले से इनकार किया है.
राज्यसभा के लिए भाजपा उम्मीदवार अनंत महाराज ने भरा नामांकन
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के लिए भाजपा उम्मीदवार अनंत महाराज गुरुवार को अपना नामांकन जमा किया. गुरूवार सुबह श्री महाराज राज्य विधानसभा में पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया. इस मौके पर उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रामाणिक, भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी, भाजपा विधायकों में मनोज टिग्गा व शंकर घोष सहित अन्य नेता मौजूद थे.
फिर भांगड़ में बम विस्फोट
दक्षिण 24 परगना के भांगड़ के चलाता बेड़िया के मरीच ग्राम में चुनाव के बाद बम बनाने के दौरान हुए विस्फोट में 4 आइएसएफ कार्यकर्ता घायल हो गये. बताया जा रहा है कि घायल आइएसएफ कार्यकर्ताओं को पुलिस कोलकाता के अस्पताल में इलाज के लिये लेकर पहुंची है. इस घटना के बाद इलाके में आतंक का माहौल बना हुआ है.
राज्यपाल को मणिपुर का भी दौरा करना चाहिए : मंत्री शोभनदेव
मंत्री शोभनदेव ने राज्यापल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि फैक्ट फाइंडिंग कमेटी में राज्यपाल को भी शामिल किया जाना चाहिए. राज्यपाल को मणिपुर का भी दौरा करना चाहिए. राज्यपाल एक राजनीतिक कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए